राज काज

View All
Published / 2022-12-05 22:16:27
झारखंड : राज्य के 24 सरकारी स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र से होगी सीबीएसई की पढ़ाई

  • कुल 80 स्कूलों में होनी है सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाई

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में 24 सरकारी स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से मान्यता मिल गई है। अगले शैक्षणिक सत्र यानी अप्रैल से इन सभी 24 स्कूलों में सीबीएसई के पाठ्यक्रम के अनुरूप पढ़ाई शुरू होगी। इन सीबीएससी स्कूल में फिलहाल अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यम से पढ़ाई होगी।
झारखंड सरकारी स्कूल में भी अब सीबीएसई बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई होगी। कुल 80 स्कूल में सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाई होनी है, जिसमें से लगभग 24 स्कूल को सीबीएसई की मान्यता मिल भी चुकी है। फिलहाल 56 स्कूलों के मान्यता के लिए प्रक्रिया जारी है। जिला स्कूल रांची एसएस उच्च विद्यालय चतरा, आर मित्रा प्लस टू स्कूल देवघर, जिला स्कूल धनबाद, आरकेआर साहू स्कूल गढ़वा, जिला स्कूल डाल्टनगंज, जिला स्कूल चाईबासा सभी विद्यालय हर तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। जहां बच्चो को पढ़ाई, लैब से लेकर खेलकूद तक की सारी सुविधाएं छात्रों को मिलेगी।
 

राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि हमारे बच्चे जैक बोर्ड से पढ़ाई करते हैं, लेकिन लोगों का झुकाव सीबीएसई की तरफ होता जा रहा है। ऐसे में झारखंड सरकार ने निर्णय लिया है कि हम लोग सीबीएसई भी पढ़ायेंगे। अब तक 24 स्कूल को मान्यता मिल भी चुकी है। वहीं, परिजनों ने सरकार के इस कदम को अच्छा बताया है। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड के बच्चों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा जो बच्चे जैक से पढ़ाई करते हैं, उन्हें बाहर इतना महत्व नहीं मिलता है।

Published / 2022-12-05 17:40:33
आठ से सीएम हेमंत सोरेन करें खतियानी जोहार यात्रा की शुरुआत

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खतियानी जोहार यात्रा शुरू करने जा रहे हैं।  इसका शुभारंभ 8 दिसंबर को पलामू प्रमंडल से होगा। मुख्यमंत्री 8 दिसंबर को गढ़वा और 9 दिसंबर को पलामू जायेंगे। इसके बाद 12 दिसंबर को दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के गुमला और 13 दिसंबर को लोहरदगा में रहेंगे। खतियानी जोहार यात्रा के तीसरे चरण में 15 दिसंबर को गोड्डा और 16 दिसंबर को देवघर जायेंगे। इस दौरान सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रस्तावित जिलों में सत्ताधारी दलों के नेता और कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गये हैं।  

राजनीतिक उठापटक के बीच सीधा संवाद की तैयारी 
झारखंड में चल रहे राजनीतिक उठापटक के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जनता से सीधा संवाद करने में जुटे हैं। उनके कार्यकाल के तीन वर्ष पूरा होने से पहले इस जोहार यात्रा को बेहद अहम माना जा रहा है। दरअसल, पिछले कुछ माह के भीतर राज्य सरकार ने जनता की भावनाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिये हैं। इसमें सबसे खास है 1932 के खतियान पर आधारित स्थानीय नीति और ओबीसी के आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का फैसला। इन दोनों फैसलों से जुड़े बिल को सदन का विशेष सत्र बुलाकर पास कराया गया था। इसके अलावा ओल्ड पेंशन स्कीम भी लागू किया जा चुका है। 
 

इस खतियानी जोहार यात्रा से पहले पिछले माह 1 नवंबर 2022 को मुख्यमंत्री ने आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के दूसरे फेज का शुभारंभ किया था। इसके जरिए मुख्यमंत्री ने कई जिलों में जाकर लोगों से सीधा संवाद कर बताया था कि उनकी सरकार क्या कर रही है और योजनाओं से लोग कैसे फायदा उठा सकते हैं। इस अभियान का पहला चरण 16 नवंबर 2021 से 28 दिसंबर 2021 तक चला था। इस दौरान मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, सर्वजन पेंशन योजना, फुलो-झानो आशीर्वाद योजना, सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना, कंबल वितरण योजना, हरा राशन कार्य योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ आम लोगों को पहुंचाया गया था।

Published / 2022-12-05 13:54:01
ईडी कार्यालय पहुंचे जेल अधीक्षक हामिद अख्तर, शुरू हुई पूछताछ

टीम एबीएन, रांची। रांची के बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के अधीक्षक हामिद अख्तर सोमवार को ईडी के हिनू स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि ईडी के अधिकारी जेल अधीक्षक हामिद अख्तर से पूछताछ शुरू कर दी है। 

साहिबगंज में 1000 करोड़ के अवैध खनन के आरोपित पंकज मिश्रा रिम्स के पेइंग वार्ड से फोन पर साहिबगंज के अधिकारियों से बात करने और अज्ञात लोगों से मिलने को लेकर ईडी जेल अधीक्षक से पूछताछ करेगी। इसके अलावा पंकज मिश्रा को रिम्स ने डिस्चार्ज कर दिया है। बावजूद इसके वह रिम्स के पेइंग वार्ड में है। इस मामले में भी जेल अधीक्षक से पूछताछ की जायेगी।

Published / 2022-12-05 13:51:18
आज दिल्ली में होगी जी-20 को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्र सरकार ने जी-20 शिखर सम्मेलन पर चर्चा के लिए राजनीतिक दलों के प्रमुखों की दिल्ली में मीटिंग बुलाई है। भारत ने 1 दिसंबर को आधिकारिक रूप से जी20 की अध्यक्षता संभाली है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, डीएमके अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी इस मीटिंग में हिस्सा लेंगे। 
 

इनके अलावा तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू और बीजू जनता दल अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक मीटिंग में शामिल होने वाले हैं। यह बैठक सोमवार शाम राष्ट्रपति भवन में होगी। तेलंगाना राष्ट्र समिति और भाजपा के बीच चल रही राजनीतिक जंग के बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है।
 

केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि मैंने सभी नेताओं और पार्टी अध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से बात की है। हालांकि, अभी तक केसीआर सहित कुछ नेताओं से हमें कोई पुष्टि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी बैठक है जिसमें पार्टी अध्यक्षों को ही आमंत्रित किया गया है और इसलिए हमने उनसे भाग लेने का अनुरोध किया है। पार्टी अध्यक्षों की तरफ से कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं होगा।

बैठक में शामिल नहीं होंगे इन राजनीतिक दलों के चीफ : टीआरएस के एक नेता ने कहा कि हमारे नेता के सोमवार की बैठक में शामिल होने के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है। वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने सोमवार की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे, इसके बारे में पहले ही उन्होंने केंद्र को अवगत करा दिया है। वाईएसआर संसदीय दल के नेता विजयसाई रेड्डी ने बताया कि भारत के राष्ट्रपति आंध्र प्रदेश का दौरा कर रहे हैं और इसलिए हम दिल्ली में एक बैठक में शामिल नहीं हो पायेंगे। राष्ट्रीय जनता दल इस बैठक में शामिल नहीं होगा; क्योंकि पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का इस समय सिंगापुर में इलाज चल रहा है। 
पीएम मोदी कर सकते हैं बैठक की अध्यक्षता
अभी तक सरकार ने जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं की है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैठक में शामिल होंगे या नहीं। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। इनके अलावा, विदेश मंत्री एस जयशंकर, राज्यसभा में सदन के नेता और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के भी मौजूद रहने की संभावना है। पूरी बैठक की अगुवाई कर रहे संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी भी मौजूद रहेंगे।

Published / 2022-12-05 11:59:02
रेपो दर 0.35 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी में आरबीआई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। खुदरा महंगाई में नरमी के संकेतों और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने की जरूरत को देखते हुए आरबीआई सोमवार से शुरू हो रही मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक में रेपो दर में 0.25 से 0.35 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है। तीन दिवसीय एमपीसी बैठक के नतीजे 7 दिसंबर यानी बुधवार को आयेंगे।

केंद्रीय बैंक इस साल मई से अब तक रेपो दर में 1.90% की वृद्धि कर चुका है। इसके बावजूद खुदरा महंगाई जनवरी से ही 6% के संतोषजनक स्तर से ऊपर बनी हुई है। घरेलू कारकों के अलावा आरबीआई नीतिगत दर में वृद्धि को लेकर अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व का अनुसरण कर सकता है। फेडरल रिजर्व ने इस माह के अंत में दरों में कुछ कम वृद्धि का संकेत दिया है। इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च में मुख्य अर्थशास्त्री डीके पंत ने कहा कि महंगाई घटने की उम्मीद है। हालांकि, इस तिमाही में यह 6 फीसदी के ऊपर ही रहेगी। ऐसे में आरबीआई दिसंबर, की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर 0.25 फीसदी बढ़ा सकता है। बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस ने कहा, इस बार दरों में 0.25 से 0.35 फीसदी तक ही वृद्धि होगी। अनुमान है कि रेपो दर इस वित्त वर्ष में 6.5% पर पहुंच जायेगी। यानी फरवरी में एक और वृद्धि देखने को मिलेगी। 

कोटक महिंद्रा बैंक के शांति एकंबरम ने कहा, केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व जैसे नरम रुख अपना सकता है।

Published / 2022-12-05 11:31:40
आज दो दिवसीय यात्रा पर भारत आयेंगी जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक, चीन-यूक्रेन पर बातचीत की उम्मीद

एबीएन सेंट्रल डेस्क। विदेश मंत्री एस जयशंकर और जर्मनी की उनकी समकक्ष एनालेना बेयरबॉक के बीच सोमवार को होने वाली वार्ता में चीन के साथ भारत के संबंध और यूक्रेन पर रूस के युद्ध के नतीजों पर चर्चा होने की संभावना है। बेयरबॉक दो दिवसीय यात्रा पर सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगी।

जर्मनी के दूतावास द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बेयरबॉक ऐसे वक्त में भारत की यात्रा कर रही हैं, जब यूक्रेन पर रूस के युद्ध के वैश्विक नतीजे सामने आ रहे हैं। बर्लिन में जर्मनी के संघीय विदेश कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि दो दिवसीय यात्रा के दौरान तेल, कोयला और गैस के अलावा ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग पर भी बातचीत की जायेगी।

दूतावास ने कहा कि भारत के विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर के साथ बेयरबॉक की वार्ता में चीन के साथ भारत के संबंधों के साथ ही यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध और उसके नतीजों पर चर्चा किये जाने की संभावना है, उदाहरण के लिए ऊर्जा क्षेत्र में।

Published / 2022-12-04 08:03:17
रांची विवि : आर्यभट्ट सभागार में अब शैक्षणिक आयोजन के लिए देना होगा चार गुना किराया

टीम एबीएन, रांची। रांची विश्वविद्यालय के मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में अब शैक्षणिक आयोजन के लिये चार गुना किराया चुकाना होगा। पहले जहां 50 हजार किराया लगता था, वहीं अब एक दिन के लिये दो लाख 21 हजार रुपये का भुगतान करना होगा। ये निर्णय शुक्रवार को कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित सिंडिकेट की बैठक में लिया गया। 

आर्यभट्ट सभागार के अलावा दीक्षांत मंडप के लिये एक दिन का किराया एक लाख और सेंट्रल लाइब्रेरी स्थित शहीद स्मृति भवन सभागार का किराया 40 हजार कर दिया गया है। इसके अलावा शिक्षकों से प्रमोशन से संबंधित एजेंडे सहित 17 पर सिंडिकेट ने मुहर लगायी। बैठक में कुलपति के अलावा प्रति कुलपति डॉ अरुण कुमार सिन्हा, डीएसडब्ल्यू डॉ राजकुमार शर्मा, प्रॉक्टर डॉ बीआर झा, मानविकी डीन डॉ जीएस झा सहित अन्य मौजूद थे।

शिक्षकों के प्रमोशन पर लगी सिंडिकेट की मुहर
सिंडिकेट की बैठक में जेपीएससी की अनुशंसा पर शिक्षकों की प्रोन्नति पर भी मुहर लगायी गयी। इसमें संत जेवियर काूलेज के फिजिक्स की स्वागाता चक्रवर्ती, केमेस्ट्री की डॉ अनिता कर्मकार को व्याख्याता पदक पर, जबकि स्वर्गीय डॉ रवि शंकर सहाय को व्याख्याता पद पर प्रोन्नति दी गयी। वहीं इसी कॉलेज के फिजिक्स के तपन नारायण सिंह को प्राचार्य, भूगर्भशास्त्र विभाग के विनोद कुमार तिर्की को व्याख्याता, अंग्रेजी विभाग के डॉ आशुतोष राय, हिंदी विभाग के डॉ जय प्रकाश पांडेय, अनिमेष राय, मौलाना आजाद कॉलेज की हिंदी की डॉ मालती शर्मा, भूगोल की अनिता सिन्हा, फिलॉसफी के मो अनवर अली, कॉमर्स के डॉ प्रवेज अख्तर, गोस्सनर कॉलेज के वनस्पति विज्ञान की डॉ मृदुला खेस, दर्शनशास्त्र के डॉ जयपाल कच्छप और निर्मला कॉलेज के मनोविज्ञान के डॉ ज्योति प्रसाद को व्याख्याता पद पर प्रोन्नति दी गयी। इसके अलावा नैक के डेटा को अपलोड करने और पूर्व के बैठक में लिये गये निर्णयों पर सहमित बनी।

Published / 2022-12-03 23:30:13
सीएम-गवर्नर ने किया पूर्व राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद और शहीद वीर अल्बर्ट एक्का को नमन

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद को उनकी जयंती दिवस के अवसर पर राजेंद्र चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। साथ ही उन्होंने परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी मार्ग स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज देश के दो महान व्यक्ति को स्मरण करने का दिन है। आज देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती एवं झारखंड के आदिवासी वीर सपूत शहीद अल्बर्ट एक्का का शहादत दिवस है।
 

सीएम ने कहा कि ऐसे महान विभूतियों के वजह से ही इतने बड़े गणतंत्र एवं लोकतांत्रिक देश में हमसभी लोग मान-सम्मान के साथ जी रहे हैं। हमें ऐसे महान विभूतियों पर गर्व है। देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती एवं झारखंड की माटी के वीर सपूत, महान योद्धा परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का के शहादत दिवस पर मैं उन्हें शत-शत नमन करता हूं।

Page 230 of 349

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse