राज काज

View All
Published / 2023-02-06 08:29:22
नई रेल लाइन की मंजूरी से 400 किमी कम होगी झारखण्ड से मुंबई की दूरी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड से मुंबई की दूरी अब 400 किलोमीटर कम हो जायेगी। रेल बजट 2023 में इसके लिए एक नयी रेल लाइन को मंजूरी दी गयी है, जिसकी वजह से मुंबई जाने में लोगों को काफी आसानी होगी साथ ही समय की भी बचत होगी। 

बजट 2023 के रेल बजट में टोरी-चतरा-गया नयी रेल लाइन के अंतिम स्थल सर्वेक्षण तथा बरवाडीह-चिरमिरी नयी रेल लाइन निर्माण के लिए राशि का आवंटन किया गया है। टोरी-चतरा-गया नयी रेल लाइन निर्माण के लिए सर्वे कराने के लिए बजट में राशि का प्रावधान किया गया है केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट के दौरान यह घोषणा की थी। 

बता दें कि बरवाडीह-चिरमिरी रेल लाइन का कार्य अंग्रेजों ने 1940-41 में शुरू किया था और यह कार्य वर्ष 1946 तक चला। 1947 में देश के आजाद होने के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम बंद हो गया और उसके बाद आज यह प्रोजेक्ट बंद ही पड़ा था। इस परियोजना के पूरा हो जाने से झारखंड के पलामू प्रमंडल का आदिवासी बहुल इलाका देश के बड़े शहरों मुंबई और हावड़ा से सीधे जुड़ जायेगा।

Published / 2023-02-05 18:48:27
जल्दी में चाहिए यूएस का वीजा तो पहले जाना होगा दूसरे देश

  • भारत में इंटरव्यू के लिए करना पड़ रहा लंबा इंतजार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अगर आप जल्दी में अमेरिकी वीजा चाहते हैं तो किसी दूसरे देश जाकर ले लीजिए क्योंकि भारत में इंचरव्यू के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। यह इसलिए क्योंकि पहली बार अमेरिका जाने वाले एप्लीकेंट इंटरव्यू प्रोसेस के तहत नहीं आते हैं। वहीं जिनका वीजा चार साल से अधिक समय पहले समाप्त हो गया है, वे भारत में वेटिंग टाइम को कम करने के लिए विदेशों में कुछ चुनिंदा अमेरिकी दूतावासों में आवेदन कर सकते हैं।

इनमें एक बैंकॉक है। बैंकॉक में बी1/बी2 वीजा पाने के लिए इंटरव्यू वेटिंग टाइम केवल 14 दिन है। वहीं, कोलकाता में 589 दिन और मुंबई में 638 दिन वेटिंग टाइम है। ट्रैवेल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव अनिल कलसी ने कहा कि जिन भारतीयों को तत्काल अमेरिका जाने की जरूरत है वे पहले से ही अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन करने के लिए किसी तीसरे देश में जा रहे हैं क्योंकि यहां लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

1000 दिनों तक पहुंच गया था वेटिंग पीरियड : उन्होंने कहा कि इन देशों में सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। दिल्ली स्थित ट्रैवल एजेंट कलसी ने कहा कि मेरे एक ग्राहक थे। उन्होंने रियो डी जनेरियो (ब्राजील) में अपने एच1बी पर मुहर लगाई थी, क्योंकि उन्हें भारत में अपॉइंटमेंट का समय नहीं मिला था। दरअसल, पिछले साल के अंत में बी1/बी2 वीजा का वेटिंग पीरियड 1000 दिन तक पहुंच गया था। इसके बाद अमेरिका ने इंटरव्यू वेटिंग टाइम को कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया था।

अमेरिकी दूतावास ने उठाया था बड़ा कदम : अमेरिकी दूतावास ने कहा था कि अमेरिकी वीजा के इच्छुक लोग अब "ड्रॉप बॉक्स" के जरिए आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बाद भारत के अधिक आवेदकों को इंटरव्यू में छूट के लिए पात्र बनाया गया था। मुंबई में बी1/बी2 वीजा आवेदकों की संख्या 638 होने से इंटरव्यू वेंटिंग टाइम काफी कम हो गयी है। चेन्नई में 617, हैदराबाद में 609, दिल्ली में 596 और कोलकाता में 589 बी1/बी2 वीजा आवेदकों की संख्या है।

जनवरी में 1 लाख से अधिक एप्लीकेशन प्रोसीड : भारत में अमेरिकी मिशन ने इस साल जनवरी में 1 लाख से अधिक वीजा आवेदनों को प्रोसीड किया। यह जुलाई 2019 के बाद से किसी भी महीने से अधिक है। इससे पहले ऐसा नहीं किया गया था। दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि जैसे-जैसे हमारी टीम बढ़ती जायेगी, हमारी क्षमता बढ़ती जायेगी।

Published / 2023-02-05 12:36:55
कल देश को एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्टरी सौंपेंगे पीएम मोदी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को कर्नाटक के तुमकुरु में एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्टरी देश को सौंपेंगे। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि 615 एकड़ में फैली हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की ग्रीनफील्ड हेलिकॉप्टर फैक्टरी को देश की हेलिकॉप्टर संबंधी सभी जरूरतों का एक ही जगह समाधान उपलब्ध कराने के लिए बनाया गया है। शुरुआत में लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर बनाए जायेंगे। एचएएल की 20 साल में 3 से 15 टन के 1,000 से अधिक हेलिकॉप्टर बनाने की योजना है।

Published / 2023-02-04 22:43:43
नैनो यूरिया खाद कारखाना का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया शिलान्यास

टीम एबीएन, देवघर/ रांची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज झारखंड के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद उन्होंने जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में नैनो यूरिया खाद कारखाना का शिलान्यास किया।

गृह मंत्री श्री शाह के बाबा मंदिर वीआईपी गेट पर पहुंचते ही पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ सुरेश भारद्वाज और महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर बुके देकर स्वागत किया।
इसके बाद प्रशासनिक भवन में 11 पंडितों के द्वारा शंखनाद कर उनका स्वागत किया गया। उसके बाद सीधे बाबा मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश किये।

गर्भ गृह में गृह मंत्री के साथ सांसद डॉ निशिकांत दुबे, मंदिर महंत सरदार पंडा गुलाबनंद ओझा के अलावा उनके पुश्तैनी तीर्थपुरोहित दीनानाथ नरौने, विपुल नरौने व सांसद के पुश्तैनी पुरोहित प्रमोद श्रृंगारी मौजूद रहें। बाद में केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में नैनो यूरिया खाद कारखाना का शिलान्यास किया।

Published / 2023-02-04 22:41:24
27 से शुरू होगा झारखंड विधानसभा का बजट सत्र

  • राज्यपाल रमेश बैश ने दी मंजूरी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र इसी महीने 27 फरवरी से शुरू होने वाला है। बजट सत्र 23 मार्च तक चलेगा। इस दौरान राज्य सरकार अगले वित्तीय वर्ष का बजट पेश करेगी। साथ ही कई महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन में लाया जाएगा। बजट सत्र के दौरान सरकार चालू वित्तीय वर्ष के लिए तृतीय अनुपूरक बजट भी पेश करेगी। वहीं, राज्य का अपना बजट 3 मार्च को पेश किया जायेगा।

9 फरवरी को होने वाली है झारखंड कैबिनेट की बैठक : जानकारी के मुताबिक बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। विधानसभा सूत्रों के मुताबिक 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति को फिर से लाया जा सकता है। वहीं, झारखंड कैबिनेट की बैठक 9 फरवरी को होने वाली है। उम्मीद है कि इसी कैबिनेट में विधानसभा का बजट सत्र आहूत करने का निर्णय राज्य सरकार ले सकती है।

बजट सत्र के आयोजन को लेकर राज्यपाल ने दी मंजूरी : बता दें कि 27 फरवरी से बजट सत्र के आयोजन को लेकर राज्यपाल रमेश बैस ने अपनी मंजूरी दे दी है। साथ ही राज्यपाल ने 2 विधेयकों को अपनी स्वीकृति प्रदान की है, जिसमें झारखण्ड आकस्मिकता निधि (संशोधन) विधेयक, 2022 और झारखण्ड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक, 2022 है। झारखण्ड आकस्मिकता निधि (संशोधन) विधेयक, 2022 के द्वारा अब राज्य की आकस्मिक निधि से निकासी की राशि 500 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1200 करोड़ रुपए तक की कर दी गई है।

जानें बजट सत्र का हर दिन का कार्यक्रम

  • 25 फरवरी - राज्यपाल का अभिभाषण, अध्यादेश की प्रति पटल पर, शोक प्रकाश।
  • 26-27 फरवरी - बैठक नहीं होगी।
  • 28 फरवरी - प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री प्रश्नकाल, राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद, सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 01 मार्च - बैठक नहीं होगी।
  • 02 मार्च - प्रश्नकाल, वित्तीय वर्ष 2021-22 का तीसरा अनुपूरक बजट।
  • 03 मार्च - प्रश्नकाल, वित्तीय वर्ष 2022-23 के आय व्ययक का उपस्थापन।
  • 04 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर विवाद।
  • 05-06 मार्च - बैठक नहीं होगी।
  • 07 मार्च - प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 08 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 09 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 10 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 11 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 12-13 मार्च - बैठक नहीं होगी।
  • 14 मार्च - प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 15 मार्च- प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 16 फरवरी से 20 मार्च - बैठक नहीं होगी।
  • 21 मार्च - प्रश्नकाल, मुख्यमंत्री प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 22 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान।
  • 23 मार्च - प्रश्नकाल, आय-व्ययक पर वाद-विवाद। सरकार का उत्तर तथा मतदान, आय-व्यय के विनियोग विधेयक का उपस्थापन एवं पारण।
  • 24 मार्च - प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य (यदि हो)।
  • 25 मार्च - प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य (यदि हो), गैर सरकारी सदस्यों के कार्य (गैर सरकारी संकल्प)

Published / 2023-02-03 23:09:39
झारखंड : राज्यपाल ने दी आकस्मिकता निधि (संशोधन) विधेयक-2022 और झारखंड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक-2022 को मंजूरी

  • बजट सत्र 27 फरवरी 2023 से आहूत करने की स्वीकृति

टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल रमेश बैस ने शुक्रवार को झारखण्ड विधानसभा से पारित झारखण्ड आकस्मिकता निधि (संशोधन) विधेयक-2022 और झारखंड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक-2022 पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। आकस्मिकता निधि विधेयक के द्वारा अब राज्य की आकस्मिक निधि से निकासी की राशि 500 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1200 करोड़ रुपये तक की कर दी गई है।

 राज्यपाल ने झारखण्ड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक 2022 पर अपनी सहमति प्रदान की है। झारखण्ड राज्य कृषि उपज एवं पशुधन विपणन विधेयक पर सहमति देते हुए राज्यपाल ने कई सुझाव भी राज्य सरकार को दिये हैं। साथ ही राज्यपाल ने झारखण्ड राज्य बजट सत्र 27 फरवरी 2023 से आहूत करने की स्वीकृति प्रदान की है।

क्या-क्या दिये हैं सुझाव

इस विधेयक के आलोक में नियमावली के गठन के दौरान सभी हितधारकों से व्यापक चर्चा सुनिश्चित की जाये। बाजार शुल्क के दर निर्धारण में राज्य के ग्रामीण तथा अनुसूचित जनजातीय समुदाय के कृषकों का विशेष ध्यान रखते हुए शुल्क का निर्धारण किया जाये। जिन वस्तुओं पर शुल्क लगाया जाना प्रस्तावित है। उसमें भी छोटे और कमजोर वर्ग से आनेवाले कृषकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाये। राज्य स्तर पर गठित कृषि विपणन पर्षद में हितसाधकों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सहभागी किया जाये।

Published / 2023-02-03 23:00:09
पिछले पांच साल में आयात हुए 1.93 करोड़ के सैन्य उपकरण

सरकार ने दी जानकारी

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत रक्षा क्षेत्र में खुद को लगातार मजबूत बना रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत दुनियाभर में सैन्य क्षेत्र में सबसे ज्यादा खर्च करने वाले देशों की सूची में तीसरा सबसे बड़ा देश है। इस सूची में भारत से ऊपर अमेरिका और चीन हैं। इस बीच, सरकार ने बताया है कि भारत ने बीते पांच वर्षों में 1.93 लाख करोड़ रुपये मूल्य के सैन्य उपकरण खरीदे हैं। सरकार ने लोकसभा में यह जानकारी दी है। 

लोकसभा में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने सैन्य आयात पर खर्च का ब्यौरा पेश किया। उन्होंने बताया कि बीते पांच सालों में जिन प्रमुख रक्षा उपकरणों का आयात किया गया है, उनमें हेलीकॉप्टर, विमान रडार, रॉकेट, बंदूकें, असॉल्ट राइफलें, मिसाइल और गोला-बारूद शामिल हैं। गौरतलब है कि ये डेटा 2017-18 से 2021-22 की अवधि से संबंधित है।

राज्यमंत्री भट्ट द्वारा पेश किए गए विवरण के मुताबिक, 2017-18 में विदेशों से किया गया आयात 30,677.29 करोड़ रुपये था, जबकि 2018-19 में यह बढ़कर 38,115.60 करोड़ रुपये और 2019-20 में 40,330.02 करोड़ रुपये हो गया था। इसके बाद 2020-21 में राशि 43,916.37 करोड़ रुपये हो गई थी।

हालांकि साल 2021-22 में विदेशों से आयात में कमी आई। 2021-22 में आयात राशि घटकर 40,839.53 करोड़ रुपये रह गयी। इस तरह बीते पांच सालों मे कुल 1,93,878.81 करोड़ रुपये के सैन्य उपकरण आयात किये गये।

Published / 2023-02-03 11:40:33
कल देवघर में इफको के नैनो खाद कारखाना की आधारशिला रखेंगे गृह मंत्री अमित शाह

टीम एबीएन, देवघर/ रांची। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल (शनिवार) देवघर पहुंच रहे हैं। वो सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद संताल परगना को बड़ी सौगात देंगे। गृहमंत्री जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में इफको के नैनो खाद कारखाना की आधारशिला रखेंगे।

इसके बाद शाह विजय संकल्प रैली के माध्यम से संथाल में भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलायेंगे। शाह विशेष विमान से सुबह 11 बजे देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दोपहर डेढ़ बजे जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया पहुंचेंगे। वो इफको के नैनो फर्टिलाइन प्लांट का शिलान्यास करेंगे। अपराह्न 3ः15 से शाम 4ः45 बजे तक आरके मिशन विद्यापीठ के शताब्दी समारोह कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह के देवघर दौरे के मद्देनजर भाजपा नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। देवघर विधायक नारायण दास और सारठ विधायक रणधीर सिंह तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू से लेकर तमाम नेता देवघर पहुंच चुके हैं।

इफको के एमडी यूएस अवस्थी ने बताया कि शिलान्यास के 24 माह के अंदर नैनो फर्टिलाइजर प्लांट बनकर तैयार हो जायेगा। इससे क्षेत्र के 150-200 बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्लांट के लिए इफको को 20 एकड़ जमीन मिल गई है। यह कारखाना किसानों के लिए बड़ी सौगात है।

Page 206 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse