राज काज

View All
Published / 2023-02-12 11:00:54
चतरा में 13 से होगी खतियानी जोहार यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जोहार यात्रा के तीसरे चरण में 13 को चतरा और 14 को लातेहार का दौरा करेंगे। तीसरे चरण में मुख्यमंत्री ने केवल दो ही जिलों का दौरा करने का फैसला किया है। 14 फरवरी को मुख्यमंत्री लातेहार में ही चतरा की भी समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें राज्य के सभी आला अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बताया जाता है कि फरवरी माह में यह मुख्यमंत्री की अंतिम जोहार यात्रा है। इसके बाद फरवरी और मार्च में विधानसभा सत्र आयोजित हो रहा है। इस कारण फिलहाल खतियानी जोहार यात्रा को टाल दिया गया है। अब यात्रा अप्रैल माह से आरंभ होगी जो मई तक चलेगी, जिसमें बचे हुए जिलों को कवर किया जायेगा। चौथे चरण में जोहार यात्रा विधानसभा के बजट सत्र के बाद होगी।

Published / 2023-02-12 10:57:26
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज लखनऊ में

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज (रविवार) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट- 2023 के समापन समारोह में हिस्सा लेंगी। निवेश का यह महाकुंभ है। इसमें निवेश का आंकड़ा 35 लाख करोड़ रुपये से ऊपर भी पहुंच सकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में इस महाकुंभ में आए कुल निवेश को साझा करेंगे। इसके उद्घाटन सत्र तक राज्य सरकार को 32.92 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 75 हजार करोड़ और हिंदुजा ग्रुप ने 25 हजार करोड़ के निवेश की घोषणा की थी। शुक्रवार शाम तक ही यह आंकड़ा 33.92 लाख करोड़ को पार कर गया था।

Published / 2023-02-11 23:40:53
दुबियाखांड़ में दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला शुरू

  • निरंतर भव्यता की ओर बढ़ेगा राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला, लोगों को मिलेगा लाभ : मंत्री
  • पलामू प्रमंडलवासियों की भावना से जुड़ी है मेला का आयोजन
  • विभिन्न विभागों का लगा स्टॉल, सरकार की योजनाओं का मिल रहा लाभ
  • लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का हुआ वितरण
    नीलांबर -पीतांबर के वंशज को किया गया सम्मानित

टीम एबीएन, दुबियाखांड़, पलामू (रांची)। राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला निरंतर भव्यता की ओर बढ़ेगा। मेला का लाभ आदिवासी समाज सहित अन्य लोगों को मिले इसके प्रयास हो रहे हैं। मेले के माध्यम से आदिवासियों को उनका हक, अधिकार देकर राजा मेदिनीराय के सपनों का झारखंड बनाने का प्रयास हो रहा है। मेला आदिवासियों सहित पूरे पलामू प्रमंडलवासियों की भावना जुड़ी है।

मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये गये हैं, जहां सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जा रही है। आमजन इसका लाभ उठाएं यही राजा मेदिनीराय की के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कही। वे आज पलामू जिले के दुबियाखांड़ में आयोजित राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला में बोल रहे थे। मेला का आयोजन पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग एवं राजा मेदिनीराय स्मृति न्यास सह मेला समिति की ओर से किया गया था। मेला का समापन 12 फरवरी को होगा।

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि योजनाओं का लाभ देने एवं लेने के लिए सभी की सहयोग जरूरी है। समाज के अग्रिम पंक्ति के लोग आगे आयें और सरकारी योजनाओं को बताने एवं लाभ लेने के लिए जन जागरूकता फैलाएं। आम लोग सरकार के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर चले और सरकार की योजना की जानकारी एवं लाभ लें। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने ऐसी-ऐसी योजनाएं लागू की है, जिसका सीधा लाभ आमजनों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला का विकास एवं प्रचार-प्रसार झारखंड के साथ-साथ आसपास के राज्यों में भी होगा। इसकी भव्यता निरंतर बढ़ती जाएगी। उन्होंने मेला आयोजन कि बेहतर तैयारी एवं सफलता के लिए पलामू जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इसकी व्यापार तैयारी में पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही है।

प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रहा सरकार की योजनाएं : उपायुक्त

पलामू उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने कहा कि राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला की भव्यता आगामी वर्ष में और बढ़ेगी। राजकीय मेला घोषित होने के बाद पहली बार यह आयोजन हो रहा है। आगामी वर्ष में राज्यभर में इसका प्रचार- प्रसार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन हर घर के हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। सुदूरवर्ती गांवों में रह रहे आदिम जनजाति परिवारों तक प्रशासन पहुंचकर योजनाओं का लाभ दे रही है। इससे समाज के लोगों का उत्थान एवं विकास हो रहा है। पलामू के योग्यताधारी व्यक्तियों को पेंशन योजना से आच्छादित किया गया है। उन्होंने कहा कि मेला परिसर में पलामू जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन योजनाओं से लोगों को जोड़ते हुए लाभ देने का कार्य किया जा रहा है।

सादगी, निश्चलता एवं बहादुरी के प्रतीक थे राजा मेदिनीराय : पुलिस अधीक्षक

पलामू के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि राजा मेदिनीराय सादगी, निश्चलता एवं बहादुरी के प्रतीक थे। उनकी यादों में लगाई जा रही राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला की भव्यता एवं लोकप्रियता और अधिक बढ़ेगी।

आदिवासी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक साबित हो रहा मेला : नामधारी
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने कहा कि बिहार के सोनपुर मेले की तर्ज पर राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेले का विस्तार उनका सपना है। आदिवासी महाकुंभ मेला का राजकीय मेला घोषित होना लोगों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मेले को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। मेले के माध्यम से आदिवासियों के समस्याओं का निदान होना चाहिए। दिन प्रतिदिन मेले का विराट रूप हो रहा है। आदिवासी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए मेला काफी सार्थक साबित हो रहा है।

मेला में मेदिनीराय स्मृति न्यास-सह- मेला समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए मेला के इतिहास से अवगत कराया। साथ में ही वनों में रह रहे लोगों को चिह्नित कर उन्हें वन पट्टा उपलब्ध कराने, पलामू समाहरणालय परिसर में राजा मेदिनीराय की प्रतिमा स्थापित करने, रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर मेदिनीनगर करने आदि से संबंधित मांग रखी।

अतिथियों द्वारा राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला परिसर में चेंजिंग रूम एवं स्टोर रूम का शिलान्यास तथा शौचालय एवं स्टेज का उद्घाटन किया गया। मौके पर विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह चेरो ने किया।

मौके पर कला दलों द्वारा आदिवासियों की भाषा संस्कृति एवं पहचान को प्रदर्शित आदिवासी नृत्य-संगीत प्रस्तुत किया गया। मौके पर पलामू जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए हैं। जहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। वहीं लोगों को लाभान्वित भी किया जा रहा है। इसके अलावा बैनर, पोस्टर के माध्यम से भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

मेले में शहीद नीलांबर-पीतांबर के वंशज को मोमेंटो एवं शॉल उड़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला के उद्घाटन कार्यक्रम में उक्त अतिथियों के अलावा जिला परिषद के उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, गढ़वा जिला बीससूत्री उपाध्यक्ष, पलामू जिला बीससूत्री उपाध्यक्ष, खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ऋषभ गर्ग, अंचल अधिकारी झुनू मिश्रा के अलावा अन्य सरकारी पदाधिकारी-कर्मी, समाजसेवी राजेंद्र कुमार सिन्हा, तनवीर आलम सहित राजा मेदिनीराय स्मृति न्यास सह मेला समिति के त्रिपुरारी सिंह, रामेश्वर सिंह चेरो, जेपी मिंज, भरदुल सिंह चेरो, हृदया सिंह, निर्मल सिंह, प्रमोद सिंह, उमेश सिंह, राजकुमार सिंह, अजीत सिंह, सुनील उरांव, सुरेंद्र सिंह, प्रताप तिर्की, विपिन सिंह, लक्ष्मण सिंह के अलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Published / 2023-02-11 18:13:56
सीएम हेमंत से मिले डीजीपी नीरज सिन्हा, सीएम ने दी शुभकामनाएं

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा ने शिष्टाचार मुलाकात की। श्री सिन्हा का आज अंतिम कार्य दिवस है। मौके पर मुख्यमंत्री ने श्री सिन्हा को शॉल और मोमेंटो प्रदान कर उन्हें लंबी उम्र, खुशहाल, सुखद और स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पुलिस पदाधिकारी के रूप में आपका लंबा कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। आपके कार्य और अनुभव का लाभ यहां के पुलिस बल, आम जनता और राज्य को मिला है। अब आप जीवन के दूसरे दौर में प्रवेश कर रहे हैं। आपको सुखद सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं...।

Published / 2023-02-10 22:39:29
दिव्यांगों का यूडीआईडी कार्ड बनाने को तिथिवार बनेगा दिव्यांग बोर्ड

  • रांची जिला के सभी प्रखंडों/अंचलों में होगा दिव्यांग बोर्ड का आयोजन
  • 14 फरवरी 2023 से 29 मार्च 2023 तक होगा दिव्यांग बोर्ड का आयोजन
  • 18 वर्ष से अधिक वर्ष के आयु वर्ग के सभी दिव्यांगजनों एवं अन्य लाभार्थियों की होगी जांच

टीम एबीएन, रांची। जिले में 18 वर्ष से अधिक वर्ष के आयु वर्ग के सभी दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड निर्गत करने हेतु तिथिवार दिव्यांग बोर्ड का आयोजन किया जायेगा। उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार सिविल सर्जन कार्यालय, रांची जिला के सभी प्रखंड/अंचल में दिव्यांग बोर्ड आयोजन हेतु तिथि निर्धारित की गयी है।

दिव्यांग बोर्ड में 18 वर्ष से अधिक वर्ष के आयु वर्ग के सभी दिव्यांगजनों एवं अन्य लाभार्थियों की जांच की जायेगी। संबंधित प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को अनुपालन सुनिश्चित कराने का निदेश दिया गया है।

तिथिवार प्रखंड/अंचल में आयोजित किये जाने वाले दिव्यांग बोर्ड का विवरण

  1. अनगड़ा - 14 फरवरी 2023
  2. बेड़ो - 17 फरवरी 2023
  3. बुंडू - 20 फरवरी 2023
  4. बुढ़मू - 23 फरवरी 2023
  5. चान्हो - 25 फरवरी 2023
  6. ईटकी - 27 फरवरी 2023
  7. कांके - 28 फरवरी 2023
  8. खलारी - 02 मार्च 2023
  9. लापुंग - 03 मार्च 2023
  10. मांडर - 10 मार्च 2023
  11. नगड़ी - 11 मार्च 2023
  12. नामकुम - 13 मार्च 2023
  13. ओरमांझी - 14 मार्च 2023
  14. राहे - 17 मार्च 2023
  15. रातू - 20 मार्च 2023
  16. सिल्ली - 23 मार्च 2023
  17. सोनहातू - 25 मार्च 2023
  18. तमाड़ - 27 मार्च 2023
  19. सदर अस्पताल (रांची शहरी क्षेत्र) - 29 मार्च 2023

Published / 2023-02-10 21:28:36
सीएम से मिले टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय कांके रोड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन और टाटा स्टील के अन्य वरीय अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की।

Published / 2023-02-10 18:18:21
झारखंड : 20 लाख लाभुकों को अब अगले एक साल तक मुफ्त अनाज

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार राज्य के 20 लाख लोगों को एक साल तक मुफ्त अनाज देगी। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में यहां आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड कैबिनेट की बैठक में 25 प्रस्ताव पर मुहर लगी।

बैठक में पंचम झारखंड विधान सभा का एकादश (बजट) सत्र 27 फरवरी 2023 से आहूत करने एवं तत्संबंधी औपबंधिक कार्यक्रम पर मंत्रिपरिषद् की घटनोत्तर स्वीकृति दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकारी नर्सिंग संस्थान की ट्रेनी नर्स को बॉन्ड के आधार पर एक साल तक सरकारी अस्पतालों में सेवा देनी होगी। 

कस्तूरबा गांधी विद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारियों का मानदेय 20 प्रतिशत बढ़ाया गया है। उर्दू शिक्षकों को योजना से गैर योजना में ट्रांसफर किया गया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्यटन स्थल को पीपीपी मोड में विकसित करने के लिए ट्रांजैक्शन एडवाइजर की नियुक्ति की जायेगी। भारत सरकार के बनाए पैनल को ही अडॉप्ट किया गया है। इनमें से सलाहकार की नियुक्ति की जायेगी।

पर्यटन स्थलों का आधारभूत संरचना का निर्माण किया जाना है। इसे बनाकर वह चलायेगा। बैठक में राज्य के 203 कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कार्यरत शिक्षकेतर कर्मचारियों के मानदेय में 20% की वृद्धि की। राज्य योजना अंतर्गत झारखंड के प्रारंभिक विद्यालयों में इंटरमीडिएट प्रशिक्षित वेतनमान में उर्दू शिक्षकों के 4401 पद स्वीकृत हैं। इन्हें योजना से गैर योजना में ट्रांसफर करने की स्वीकृति दी गयी। 

राज्य के 22 जिले में 226 प्रखंडों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया था। वहां पर सुखाड़ राहत योजना के तहत राशि वितरण करने के लिए 268 करोड़ 14 लाख 35 हजार 500 रुपए झारखंड आकस्मिक निधि से लेने की स्वीकृति दी गयी। राज्य के 20 मॉडल स्कूलों को आवासीय विद्यालय में तब्दील करने की स्वीकृति दी गई।

Published / 2023-02-10 18:12:30
दम तोड़ते कोरोना के बीच लोगों को राहत, नहीं देनी होगी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

  • चीन समेत इन 6 देशों से भारत आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ी राहत, 13 फरवरी से नये नियम लागू 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन, हांगकांग, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से भारत आने वाले आगंतुकों को 13 फरवरी से एयर सुविधा मंच पर प्रस्थान-पूर्व कोविड जांच रिपोर्ट डालने और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि सरकार ने देशों में पिछले चार हफ्तों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों के लगातर कम होने के मद्देनजर यह फैसला किया है। 

नागर विमानन मंत्रालय में अपने समकक्ष राजीव बंसल को बृहस्पतिवार को भेजे एक पत्र में भूषण ने कहा कि उनका मंत्रालय कोरोनो वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार कमी के मद्देनजर अपनी गाइडलाइन्स फॉर इंटरनेशनल अराइवल्स में बदलाव कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की कोविड-19 की स्थिति से जुड़ी अद्यतन जानकारी के अनुसार, पिछले 28 दिन में (उससे पहले के 28 दिन की तुलना में) वैश्विक स्तर पर नये मामलों की संख्या में 89 प्रतिशत गिरावट आई है। 

भारत में कोरोनो वायरस संक्रमण के मामलों में गिरावट जारी है, एक दिन में 100 से कम नए मामले सामने आ रहे हैं। पत्र में कहा गया कि उपरोक्त स्थिति के मद्देनजर मंत्रालय अपने अंतरराष्ट्रीय आगमन से जुड़े दिशानिर्देश में बदलाव कर रहा है और नागर विमानन मंत्रालय के मंच हवाई सुविधा पर चीन, सिंगापुर, हांगकांग, कोरिया गणराज्य, थाईलैंड और जापान से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए प्रस्थान पूर्व कोविड जांच रिपोर्ट डालने और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने की अनिवार्यता समाप्त कर रहा है।

Page 203 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse