टीम एबीएन, रांची। रांची की यातायात को सुगम बनाने के लिए शहर की कई सड़कें चौड़ी की जायेंगी। मल्टीस्टोरी पार्किंग भी तैयार होगी। इसके लिए प्रशासन ने दीर्घकालीन व अल्पकालीन योजना बनायी है। सड़कों का चौड़ीकरण व मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण दीर्घकालीन योजना में शामिल है। वहीं, अल्पकालीन योजना के तहत सड़कों से अतिक्रमण हटाया जायेगा। चौक-चौराहे व्यवस्थित किये जायेंगे।
लालपुर चौक समेत अन्य चौक से ठेला-खोमचा वालों को हटाया जायेगा। होली बाद दोनों योजनाओं पर काम शुरू हो जायेगा। वहीं, न्यू मार्केट के पास व अन्य स्थानों पर सरकारी भवन या उसकी चहारदीवारी तोड़कर सड़क चौड़ी की जायेगी। न्यू मार्केट का ऑटो स्टैंड नागबाबा खटाल शिफ्ट होगा। बकरी बाजार व डेली मार्केट थाना (मेन रोड) मल्टीस्टोरी पार्किंग व नागा बाबा खटाल के पास ऑटो स्टैंड के लिए स्थान चिह्नित करने का आदेश उपायुक्त ने दिया है।
अरगोड़ा ऑटो स्टैंड के लिए स्थल चयन, फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने, पैदल चलने वालों के लिए पेबर ब्लॉक भी लगेगा। न्यू मार्केट चौक, जेल चौक, लालपुर चौक, सुजाता चौक व शहीद चौक को सुव्यवस्थित किया जायेगा। अतिक्रमण हटाने के लिए 5-5 लोगों की टीम बनेगी। ये टीम राजेंद्र चौक, हाईकोर्ट व बिरसा चौक में अतिक्रमण को चिह्नित करेगी।
चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यातायात थानों के बीच काम बांटा जायेगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त यातायात थाने बनाए जायेंगे। अतिक्रमण हटाते समय विधि व्यवस्था व अन्य कार्य के लिए 10 वाहन खरीदने का निर्देश भी उपायुक्त ने दिया है।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में बुधवार की सुबह से ही विदेशों से डेलीगेट का आना शुरू हो गया है। विदेशों से आने वाले डेलीगेट्स का स्वागत रांची के सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और जिला प्रशासन के लोग एयरपोर्ट पर कर रहे हैं। दो से तीन मार्च तक जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है।
सबसे पहले तीन डेलीगेट्स सिंगापुर से पहुंचे। इनका स्वागत सांसद संजय सेठ, दीपक प्रकाश और मेयर आशा लकड़ा ने किया। विदेशों से आने वाले डेलीगेट्स का स्वागत करने के बाद मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि झारखंड का सौभाग्य है कि विदेशों से यहां पर डेलीगेट्स पहुंच रहे हैं और यह आयोजन रांची में हो रहा है।
मेयर आशा लकड़ा ने बताया कि जो भी डेलीगेट्स से आ रहे हैं, उनका झारखंडी स्टाइल में स्वागत किया जा रहा है। मेयर ने बताया कि जो भी डेलीगेट्स आ रहे हैं उन्हें पहले झारखंडी शॉल और गमछा भेंट किया जा रहा है और फिर झारखंडी संगीत के माध्यम से यहां की आदिवासी संस्कृति को बताने का प्रयास किया जा रहा है।
डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और मेयर आशा लकड़ा के साथ विदेशों से आये डेलीगेट्स ने झारखंडी धुन पर ठुमके लगाये। झारखंड के परंपरागत संगीत से उनका स्वागत किया गया। डेलीगेट्स के आने से पहले एयरपोर्ट पर विशेष इंतजाम किये गये थे। किसी भी बाहरी आदमी को एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करने की सख्त मनाही की गयी थी।
टीम एबीएन, रांची। शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए झारखंड का बजट पेश किया जायेगा। यह चौथी बार होगा जब सूबे के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव बजट पेश करेंगे। बजट को लेकर सबकी अपनी-अपनी उम्मीदें हैं।
विपक्षी दलों का साफ कहना है कि इस सरकार से कोई उम्मीद करना बेवकुफी है। वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि आने वाला बजट राज्य के विकास का बजट होगा।
झारखंड के आने वाले बजट को लेकर के राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गयी हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि झारखंड सरकार चाहे जितना बड़ा बजट बना दे, लेकिन 60 फ़ीसदी से ऊपर तो पैसा खर्च ही नहीं होता है। हर बार राशि सरेंडर होती है, उस पर से अनुपूरक बजट लाकर सरकार पैसों को मनचाहा इस्तेमाल करती है।
साल 23-24 का पूरा बजट तैयार हो चुका है। जनता के सामने बजट आना बाकी है, लेकिन अब देखने वाली बात यही है कि इस बार के बजट में हेमंत सरकार झारखंड की जनता के लिए खुशियों की सौगात किस पिटारे से निकाल कर देती हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय सेना ने जे.सी.ओ./ओ. आर. की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की घोषणा की है, पहले चरण में वे सभी उम्मीदवार जिन्होंने joinindianarmy.nic.in (JIA वेबसाइट) में अपना रजिस्ट्रेशन और आवेदन किया है केवल वही उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे।
दूसरे चरण में विभिन्न राज्यों के भर्ती कार्यालयों द्वारा ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा या सी.ई.ई में उत्तीर्ण उम्मीदवारों को उनके संबंधित ए.आर. ओ. द्वारा एक ई-प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा, जिसमें रैलीभर्ती के दूसरे चरण की तारीख और उसके स्थान की पूर्ण जानकारी दी जाएगी। ये सभी उम्मीदवार शारीरिक मापदंड परीक्षा में शामिल होंगे।
शारीरिक मापदंड परीक्षा में पास उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट देना होगा। यह जानकारी कर्नल नरेंद्र प्रसाद सेमल्टी, निदेशक, सेनाभर्ती कार्यालय रायपुर ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में दी। इनके साथ ग्रुप कैप्टन समीर गंगाखेड़कर, प्रवक्ता रक्षा मंत्रालय और सुनिक कुमार तिवारी, कार्यालय प्रमुख, पीआईबी रायपुर भी मौजूद थे।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 16 फरवरी 2023 से 15 मार्च 2023 तक भारतीय सेना की www.joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर खुला रहेगा। रजिस्ट्रेशन का तरीका पहले जैसा ही होगा। उम्मीदवार अपने आधारकार्ड और दसवीं के सर्टिफिकेट से रजिस्टर हो सकता है। पारदर्शिता के लिए भारतीय सेना की वेबसाइट को Digilocker से लिंक किया गया है। ऑनलाइन सी.ई.ई. पूरे भारतवर्ष में 176 स्थानों पर आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य में रायपुर भिलाई/ दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन सी.ई.ई. आयोजित की जाएगी। उम्मीदवार के पास पांच परीक्षा स्थानों के चयन करने का विकल्प होगा और उनको उन विकल्पों में से परीक्षा स्थान दिया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन में परीक्षा शुल्क के हिस्से के रूप में Rs. 500 रुपये के शुल्क का भुगतान भी शामिल है। जिसमें से 50 प्रतिशत सेना द्वारा वहन किया जाएगा और शेष उम्मीदवारों को स्वयं भुगतान करना होगा जब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करेंगे। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का भुगतान प्रमुख बैंकों के नेट बैंकिंग/ डेबिटकार्ड /क्रेडिटकार्ड/ भीम और गूगल पर अधिक किसी से भी कर सकते हैं एक उम्मीदवार को केवल तभी रजिस्टर माना जाएगा जब उसका भुगतान सफल होगा और इस चरण में उसको एक रोल नंबर भी मिलेगा।
सामान्य प्रवेश परीक्षा (सी. ई. ई.)
ऑनलाइन सी.ई.ई. में बैठने के लिए परीक्षा के 10 से 14 दिन पहले जॉइनइंडियनआर्मी की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड उपलब्ध हो जाएगा। इसकी सूचना उम्मीदवार को एस.एम.एस. और उसकी रजिस्टर मेल आईडी पर भी भेज दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र का सही पता एडमिट कार्ड में लिखा होगा। "पंजीकरण कैसे करें" और "ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा में कैसे उपस्थित हो" सभी पर सूचनात्मक वीडियो तैयार किए गए हैं और ज्वाइनइंडियनआर्मी की वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) तथा YouTube पर भी अपलोड किए गए हैं "सभी श्रेणियों के नमूने प्रश्नपत्र" का लिंक www.joinindianarmy.nic.in पर भी होस्ट किया गया है, जिससे उम्मीदवार कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में उपस्थित होने का अभ्यास कर सकते हैं।
भर्ती रैली
सी.ई.ई में प्रदर्शन के आधार पर चयनित उम्मीदवार को भर्ती रैली के लिए निश्चित स्थानों में बुलाया जाएगा। भर्ती रैली की प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं होगा। अंतिम मेरिट ऑनलाइन सी.ई.ई और शारीरिक टेस्ट के अंकों को मिलाकर पहले की तरह ही तय की जाएगी।
हेल्प डेस्क
उम्मीदवारों की समस्याओं/ शंकाओं का निवारण करने के लिए एक हेल्प डेस्क भी तैयार की गई है। जिसका डाटा जॉइनइंडियनआर्मी की वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic) पर उपलब्ध रहेगा। जिसमें ऑनलाइन सी.ई.ई से संबंधित किसी भी प्रकार के प्रश्नों के निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 7996157222 पर भी संपर्क करके आप अपनी समस्या बता सकते हैं।
फायदा / लाभ
इस बदली हुई प्रक्रिया का प्रमुख उद्देश्य भर्ती के दौरान सभी पहलुओं पर उम्मीदवार का ध्यान केंद्रित रहेगा, जिसके परिणाम स्वरूप देशभर में बेहतर प्रचार-प्रसार होगा तथा भर्ती रैली में भीड़ को कम करेगा तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की आवश्यकता भी कम होगी और प्रक्रिया अधिक आसान हो जाएगी। उम्मीदवार के लिए भी आसान हो जाएगा। जिससे देश की वर्तमान तकनीक प्रगति के साथ तालमेल बिठा पाएगी।
दलाल विरोधी
उम्मीदवार को स्वयं एहसास होगा कि प्रक्रिया पूर्णरूप से ऑटोमेटेड हैं। जिससे मानव हस्तक्षेप न के बराबर है। उम्मीदवार को सलाह दी जाती है वे दलालों के चुंगल मे न फंसे क्योंकि वे आपकी किसी भी प्रकार की मदद नहीं कर सकता है। भारतीय सेना में चयन पूर्णरूप से निष्पक्ष, पारदर्शी व मेरिट के आधार पर होता है।
झारखंड मंत्रालय में 02 मार्च 2023 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय :-
★ राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के अंतर्गत स्वीकृत किए गए 10 नए मॉडल डिग्री कॉलेज में से साहेबगंज जिला अंतर्गत नए मॉडल डिग्री कॉलेज साहेबगंज को राज्य स्कीम में स्वीकृत कर इसके फंडिंग पैटर्न में परिवर्तन करने की स्वीकृति दी गई।
★ खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखण्ड, राँची में दैनिक पारिश्रमिक/एकमुश्त पारिश्रमिक पर नियुक्त 02 (दो) कर्मियों की सेवा नियमितीकरण की स्वीकृति दी गई।
★ ओलम्पिक खेल सहित विभिन्न राष्ट्रीय/अन्तर्राष्ट्रीय खेलों में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एवं प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी एवं प्रशिक्षकों को दी जाने वाली नकद पुरस्कार राशि एवं इसके लिए निर्धारित मानकों में संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2028-29 तक कार्यान्वित की जाने वाली "शहरी वानिकी योजना" (OSP) के तहत सामाजिक वानिकी प्रमंडल, राँची के भीतर झारखण्ड विधानसभा परिसर के अंदर एवं बाहर वृक्षारोपण तथा राजभवन उद्यान कैम्पस में सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्य, देवघर वन प्रमंडल अंतर्गत वृक्षारोपण कार्य रांची वन प्रमंडल अंतर्गत विभिन्न पहाड़ियों का हरियालीकरण एवं विकास कार्य और बिरसा चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा पार्क का निर्माण कार्य, साहेबगंज वन प्रमंडल अंतर्गत धर्मपुर मौजा में हरियालीकरण एवं विकास कार्य तथा विभिन्न वन प्रमंडलों के नोटिस पी0वी0सी0 एवं बाँस गैबियन से वृक्षारोपण कार्य के लिए कुल 7794.98 लाख (सतहत्तर करोड़ चौरानबे लाख अन्ठानबे हजार) रुपए मात्र की प्रशासनिक स्वीकृति स्वीकृति दी गई।
★ धनबाद जिला अंतर्गत अंचल-कलियासोल के मौजा- कालुबथान एवं अंचल - तोपचांची के भौजा-महथाडीह, गेन्दनावाडीह तथा गुनघासा के विभिन्न खाता संख्या, विभिन्न प्लॉट संख्या कुल रकबा 5.3117 एकड़ गैर आबाद खास / आम खाते की भूमि (विस्तृत विवरणी संलग्न, अनुलग्नक - I) राजस्व विभागीय संकल्प सं0-4306 / रा०, दिनांक- 24.10.2014 में निहित प्रावधानों के आलोक में विगत तीन वर्षों का निबंधित दलील का विक्रयॉक संग्रह पर 50% अधिकतम मूल्य वाले दलीलों का औसत दर के आलोक में प्रस्तावित भूमि के संगणित सलामी की राशि 2,60,30,998/- (दो करोड़ साठ लाख तीस हजार नौ सौ अंठानवे) रूपये तथा सलामी का पाँच (05) प्रतिशत वार्षिक लगान का पूंजीकृत मूल्य की राशि 3,25,38,750/- (तीन करोड़ पच्चीस लाख अड़तीस हजार सात सौ पचास) रूपये एवं लगान का 145 प्रतिशत सेस का पूंजीकृत मूल्य की राशि 4,71,81,175/- (चार करोड़ इकहत्तर लाख इक्यासी हजार एक सौ पचहत्तर) रूपये अर्थात कुल देय राशि 10,57,50,923 /- (दस करोड़ संतावन लाख पचास हजार नौ सौ तेईस) रूपये मात्र (विस्तृत विवरणी संलग्न, अनुलग्नक-II) की अदायगी पर Dedicated Freight Corridor Corporation of India Limited (DFCCIL) को विशेष रेलवे लाइन निर्माण हेतु सशुल्क स्थायी भू-हस्तांतरण करने की स्वीकृति दी गई।
★ राज्य सरकार एवं रेल मंत्रालय, भारत सरकार के साथ गोड्डा-हंसडीहा रेल परियोजना के निर्माण हेतु MoU (Memorandum of Understanding) की वैधता मार्च, 2020 में समाप्त होने के फलस्वरूप MoU का विस्तारीकरण मार्च, 2023 तक करने तथा परियोजना की प्राक्कलित राशि में बढ़ोतरी के फलस्वरूप पुनरीक्षित प्राक्कलित राशि रूपये 663.13 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड दिव्यांगजन अधिकार नियमावली, 2018 में आंशिक संशोधन करने की स्वीकृति दी गई।
★ झारखंड राज्यान्तर्गत वार्षिक माध्यमिक एवं इन्टरमीडिएट परीक्षा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि, लैपटॉप एवं मोबाईल प्रदान करने की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड नगरपालिका सेवा संवर्ग नियमावली, 2014 ( समय-समय पर यथा संशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ विभागीय संकल्प सं०-969 दिनांक- 25.10.2018 द्वारा घोषित राज्य की विशिष्ट स्थानीय आपदा में नाव दुर्घटना, नदियों/ डोभा / जलप्रपात में डूबने के स्थान पर पानी में डूबने की घटना को राज्य की विशिष्ट स्थानीय आपदा घोषित करने की स्वीकृति दी गई।
★ दुर्गा सोरेन विश्वविद्यालय विधेयक, 2023 के अनुमोदन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा ( इंटरमीडिएट / 10+2 स्तर) संचालन नियमावली, 2015 (समय-समय पर यथासंशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (स्नातक स्तर) संचालन नियमावली, 2015 (समय-समय पर यथासंशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (मैट्रिक / 10वीं स्तर) संचालन नियमावली, 2015 (समय-समय पर यथासंशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (स्नातक स्तर तकनीकी / विशिष्ट योग्यता वाले पद) संचालन नियमावली, 2017 (समय-समय पर यथासंशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (डिप्लोमा स्तर) संचालन नियमावली, 2015 यथासंशोधित झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा (डिप्लोमा / तकनीकी एवं अन्य विशिष्ट योग्यता स्तर) संचालन नियमावली, 2019 ( समय-समय पर यथासंशोधित) आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखंड कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा इंटरमीडिएट प्लस टू स्तर कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अहर्ता धारक पद हेतु संचालन नियमावली 2017 (समय-समय पर यथा संशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ मंत्रिपरिषद से स्वीकृत भारत सरकार की योजना Revamped Distribution Sector Scheme (RDSS) के वित्त पोषण पद्धति (Funding pattern) में परिवर्तन के प्रस्ताव पर घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड कराधान अधिनियमों की बकाया राशि का समाधान नियमावली, 2023 पर मंत्रिपरिषद की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड माल और सेवा कर अधिनियम, 2017 की धारा- 96 के अन्तर्गत झारखण्ड अग्रिम विनिर्णय प्राधिकरण (Jharkhand Authority of Advance Ruling) के गठन से संबंधित अधिसूचना संख्या एस0ओ0 34 दिनांक 13.04.2018 में संशोधन संबंधी अधिसूचना निर्गमन पर मंत्रिपरिषद् की स्वीकृति प्राप्त करने की स्वीकृति दी गई।
★ G-20 Delegates हेतु पतरातु में Lunch तथा राँची Airport पर आगमन एवं प्रस्थान के समय नाश्ते की व्यवस्था हेतु झारखण्ड वित्त नियमावली के नियम 235 को शिथिल करते हुए नियम 245 के तहत् होटल रेडिशन ब्लू राँची को नामित करने की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड +2 विद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी नियुक्ति एवं सेवा शर्त नियमावली, 2012 ( समय-समय पर यथासंशोधित) में संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड दुकान एवं प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक 2018 को वापस लेने की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड उच्च न्यायालय, राँची के न्यायाधीशों के (चिकित्सा सुविधा) प्रतिपूर्ति नियमावली, 2004 (The Jharkhand High Court Judges (Medical Facilities) Reimbursement Rules, 2004) में संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड मूल्यवर्द्धित कर नियमावली, 2006 से संबंधित अधिसूचना संख्या एस०ओ० 219 दिनांक 31.03.2006 में संशोधन एवं झारखण्ड मूल्यवर्द्धित कर अधिनियम, 2005 के अन्तर्गत नए सृजित पदों को झारखण्ड माल और सेवा कर अधिनियम के अनुरूप नामित करने से संबंधित अधिसूचना प्रारूप तथा अधिसूचना संख्या- एस० ओ० 207, दिनांक - 31.03.2006 को प्रतिस्थापित करने संबंधी अधिसूचना प्रारूप पर मंत्रिपरिषद की स्वीकृति प्राप्त करने की स्वीकृति दी गई।
★ राज्य के वरिष्ठ नागरिकों हेतु केन्द्रीय प्रायोजित योजना “अटल वयो अभ्युदय योजना" (AVYAY) के क्रियान्वयन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड विधान मण्डल द्वारा दिनांक 25.07.2019 को यथापारित कारखाना (झारखण्ड संशोधन) विधेयक, 2019 वापस लेने की स्वीकृति दी गई।
★ पंचम झारखंड विधान सभा के एकादश (बजट) सत्र, 2023 में माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा दिए गए अभिभाषण पर मंत्रिपरिषद की घटनोत्तर पर स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड सचिवालय आशुलिपिक सेवा नियमावली, 2011 में संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड सचिवालय आशुलिपिक सेवा (आशुलिपिक ग्रेड सीधी भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा) (संशोधन) नियमावली, 2023 के गठन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड सचिवालय लिपिकीय सेवा नियमावली, 2010 (समय-समय पर यथा संशोधित) में संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली ( पुलिस सेवा के लिए भर्ती पद्धति), 2014 (समय-समय पर यथा संशोधित) में आवश्यक संशोधन की स्वीकृति दी गई।
★ इटकी ट्यूबरक्लोसिस सेनेटोरियम (रेगुलेशन ऑफ बिल्डिंग) एक्ट निरस्तीकरण विधेयक के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान करने की स्वीकृति दी गई।
★ औद्योगिक विवाद (झारखण्ड संशोधन) विधेयक, 2018 को वापस लेने की स्वीकृति दी गई।
★ बिहार औद्योगिक (राष्ट्रीय एवं उत्सव अवकाश और आकस्मिक छुट्टी) (झारखण्ड संशोधन) विधेयक, 2015 वापस लेने की स्वीकृति दी गई।
★ झारखण्ड श्रम विधियाँ (संशोधन) एवं प्रकीर्ण उपबंध विधेयक, 2018 को वापस लेने की स्वीकृति दी गई।
★ ठेका मजदूर (विनियमन एवं उन्मूलन) (झारखण्ड संशोधन) विधेयक, 2015 को वापस लेने की स्वीकृति दी गई।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को भाजपा विधायक जयप्रकाश भाई पटेल के सवाल के जवाब में मंत्री बादल पत्रलेख ने स्वीकार किया कि मत्स्य विभाग में पदाधिकारी और कर्मचारी की कमी है। सरकार खाली पदों को भरने के लिए कृतसंकल्पित है।
इसके तहत मत्स्य विभाग ने 59 मत्स्य प्रसार पदाधिकारी को नियुक्ति के लिए जेपीएससी को अधियाचना भेजी है। इसके अलावा 19 निम्नवर्गीय लिपिक की अधियाचना भी भेजी गयी है। उन्होंने कहा की अभी मत्स्य निदेशालय में 44 पदों के विरुद्ध 32 पदों पर पदाधिकारी कार्यरत हैं। अराजपत्रित कर्मियों के स्वीकृत पदों के विरुद्ध 116 कर्मी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक राजस्व के क्षति की बात है तो दो साल कोरोना में बीता इसके बावजूद तीन वर्ष में 24.02 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है जबकि इससे पहले पांच साल में 22.34 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में 8वें रायसीना संवाद का उद्घाटन करेंगे। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन सत्र में मौजूद रहेंगी। रायसीना संवाद में 100 से अधिक देशों के मंत्री, पूर्व प्रमुख, सैन्य कमांडर, उद्योग जगत की हस्तियां, पत्रकार, विद्वान और रणनीतिक विशेषज्ञ भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत की जी-20 में अध्यक्षता के बीच इसका आयोजन उल्लेखनीय है। इसमें 2,500 से अधिक लोग भाग लेंगे। इसके अलावा डिजिटल माध्यम से यह करोड़ों लोगों तक पहुंचेगा। इसका आयोजन 2 मार्च से 4 मार्च तक होगा।
भारत की अध्यक्षता में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए बीती रात चीनी विदेश मंत्री किन गांग, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन नयी दिल्ली पहुंचे। भारत यात्रा के दौरान ब्लिंकन की विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। साथ ही रायसीना संवाद में भी भाग लेंगे।
सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान भी बीती रात नयी दिल्ली पहुंचे और वह आज जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक औपचारिक रूप से आज नयी दिल्ली में होगी। राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित की जाने वाली इस बैठक में लगभग 40 प्रतिनिधिमंडल के शामिल होने की उम्मीद है।
भारत की जी-20 अध्यक्षता के तहत आयोजित की जा रही यह दूसरी मंत्रिस्तरीय बैठक होगी। पहली मंत्रिस्तरीय बैठक- वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर, बेंगलुरु में आयोजित की गयी थी।
टीम एबीएन, रांची। जी-20 की बैठक में शामिल होने देश-विदेश के मेहमान झारखंड की राजधानी रांची पहुंचने लगे हैं। इन मेहमानों का पारंपरिक तरीके से जोरदार स्वागत किया जा रहा है। बुधवार को रिपब्लिक आफ कोरिया और सिंगापुर के मेहमान के रांची पहुंचने पर इन मेहमानों ने पारंपरिक नृत्य के साथ कदमताल किया।
झारखंड की राजधानी रांची में दो मार्च, 2023 को होने वाली जी-20 की बैठक में शामिल होने के लिए देश-विदेश के मेहमान पहुंचने लगे हैं। बुधवार एक मार्च को रिपब्लिक आफ कोरिया से मिस योउन जुन्ग पार्क एवं सिंगापुर से मिस सियान ते और डॉ वीएन एलिजा एन्ग भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे।
मेयर आशा लकड़ा, सांसद संजय सेठ, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत अन्य लोगों ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।
इसके अलावा आइइएसए के प्रेसिडेंट और एमडी राहुल वालावाकर, उनकी पत्नी नेत्रा वालावाकर, महेश गोदी, सीएसआइआर के पांच प्रतिनिधि भरत भूषण, गिरीश चंद जोशी, शिवम कुशवाहा, बिनोद कुमार और शैलेश शाह का भी जोरदार स्वागत किया गया। वहीं, साउथ अफ्रीका से बर्नार्ड ब्लैडर ग्रॉइन भी रांची पहुंचे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse