टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें 40 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी है। झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की बैठक में लिये गये निर्णय की जानकारी कैबिनेट सचिव अजय कुमार सिंह ने दी है। इस दौरान विभागों के कई अधिकारी मौजूद थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि पिछले दो वर्ष में देश में साइबर सुरक्षा से जुड़ी 27,94,266 घटनाएं दर्ज की गईं। लोकसभा में अपराजिता सारंगी के प्रश्न के लिखित उत्तर में इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने यह जानकारी दी।
चंद्रशेखर ने कहा कि भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (सर्ट इन) को दी गयी सूचना के अनुसार वर्ष 2021 और 2022 के लिए क्रमश: 14,02,809 और 13,91,457 साइबर सुरक्षा घटनाएं दर्ज की गयी।
इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री ने बताया कि सर्ट-इन प्रभावित संगठनों को उपचारात्मक कार्रवाइयों के साथ सूचित करता है और प्रभावित संगठनों, सेवा प्रदाताओं, संबंधित क्षेत्र के नियामकों एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ घटना प्रतिक्रिया उपायों का समन्वय करता है।
चंद्रशेखर ने कहा कि समय-समय पर देश के भीतर और बाहर स्थित प्रणालियों से भारतीय साइबर क्षेत्र पर साइबर हमले करने के प्रयास किये गये हैं। उन्होंने बताया कि यह देखा गया है कि हमलावर दुनिया के विभिन्न हिस्सों में स्थित कम्प्यूटर के माध्यम से वास्तविक प्रणाली की पहचान छिपाने के लिए नकली तकनीक एवं छिपे हुए सर्वर का उपयोग कर रहे हैं और ऐसे हमले किये जा रहे हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र को लेकर लंदन में दिये गये बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों की नारेबाजी और अडाणी समूह से जुड़े मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की मांग को लेकर कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों ने बुधवार को लोकसभा में भारी हंगामा किया। शोर शराबे के कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के करीब पांच मिनट बाद ही अपराह्न दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी। इससे पहले विपक्ष ने अपनी रणनीति बनाने के लिए बैठक की और ईडी कार्यालय तक मार्च निकालने का फैसला किया।
सदन की बैठक शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने का निर्देश दिया। इस बीच कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे पर जेपीसी जांच की अपनी मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। कुछ विपक्षी सदस्यों के हाथों में तख्तियां भी थीं।
उधर सत्तापक्ष के कुछ सदस्य अपने स्थानों पर खड़े होकर विदेश में राहुल गांधी के भारतीय लोकतंत्र को लेकर दिये गये बयान पर उनसे माफी की मांग करने लगे। अध्यक्ष बिरला ने आसन के पास नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों से अपने स्थान पर जाने का आग्रह करते हुए कहा कि यह सदन चर्चा और संवाद के लिए है, नीतियां बनाने के लिए है।
उन्होंने कहा कि अगर हम जनता का कल्याण करना चाहते हैं और सदन को लोकतंत्र का मंदिर मानते हैं तो कम से कम सदन पर टिप्पणी नहीं करें। यह संसद लोकतंत्र का मंदिर है, आस्था का केंद्र है। सदन के अंदर और सदन के बाहर कभी संसद पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
लोकसभा अध्यक्ष ने आसन के पास तख्तियां दिखा रहे विपक्षी सदस्यों से कहा कि मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं कि यह सदन तख्तियां लाने के लिए नहीं है। सीटों पर जाइए। मैं आपको पर्याप्त समय और पर्याप्त मौका दूंगा। यह गलत तरीका है। कभी भी सदन में तख्तियां दिखाने, नारेबाजी की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में तख्तियां दिखाने, नारेबाजी का अधिकार संसद से बाहर है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लंदन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि सदन के एक सदस्य विदेश में जाकर संसद का अपमान करते हैं। यह गंभीर विषय है। सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सदस्य (राहुल गांधी) माफी नहीं मांगते तो हंगामा कर रहे सदस्यों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और यदि ये सदस्य इसी तरह तख्तियां दिखाते हैं तो इन्हें निलंबित किया जाए।
बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि क्या यह आपके लिए उचित है। आप क्या संदेश देना चाहते हैं। सदस्यों का यह व्यवहार क्या उचित है। हंगामा नहीं थमने पर अध्यक्ष बिरला ने सदन की बैठक शुरू होने के करीब पांच मिनट बाद ही कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी।
एबीएन बिजनेस डेस्क। टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने अपने डिजिटल बदलाव में तेजी लाने के लिए टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ करार करने की मंगलवार को घोषणा की।
जेएलआर में औद्योगिक परिचालन की कार्यकारी निदेशक बारबरा बर्गमीयर ने एक बयान में कहा कि समझौते के तहत, टाटा टेक्नोलॉजीज कई विभागों से डेटा और जानकारी को एक ही स्रोत में लाकर खछफ के विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, आपूर्ति श्रृंखला, वित्त और खरीद कार्यक्रम को बदलने के लिए एकीकृत उद्यम संसाधन योजना (ईआरपी) मुहैया करायेगी।
पहले चरण में जेएलआर ब्रिटेन की बुनियादी उत्पादन सुविधाएं शामिल होंगी। बाद में अन्य वैश्विक स्थानों के लिए समाधान मुहैया करवाये जायेंगे। बयान में कहा गया कि टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ भागीदारी हमारे मूल ईआरपी बुनियादी ढांचे में जल्द परिवर्तन लाने में मददगार होगी, जिससे प्रभावशीलता बढ़ सके और भविष्य के लिए आवश्यक दक्षता उपलब्ध हो सके।
टीम एबीएन, रांची। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी झारखंड पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का को प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने मंगलवार को समन जारी किया है। ईडी ने समन जारी कर बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया है।
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कुछ दिन पहले एक वीडियो क्लिप साझा किया था। इस क्लिप में वो दलाल विशाल चौधरी के ऑफिस में बैठकर फाइल निपटा रहे थे। इस खुलासे के बाद ईडी ने आईएएस अधिकारी राजीव अरुण एक्का को समन जारी किया है।
एक्का झारखंड के तीसरे आईएएस अधिकारी हैं, जिनसे ईडी पूछताछ करेगी। इससे पहले पूजा सिंघल और साहिबगंज डीसी रामनिवास यादव से ईडी पूछताछ कर चुकी है।
एक्का मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रह चुके हैं। उनके पास सूचना एवं जनसंपर्क, गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहा है। वीडियो क्लिप जारी होने के बाद उन्हें सभी पदों से हटाकर पंचायती राज विभाग का प्रधान सचिव बना दिया गया।
टीम एबीएन, रांची। बहुचर्चित रांची कोडरमा रेल लाईन वाया बरकाकाना, हजारीबाग पर पहली इंटरसिटी एक्सप्रेस परिचालन की घोषणा कर दी गयी है। इस ट्रेन का नाम मधुपुर-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस है, जो मधुपुर से सुबह 6.15 बजे चलकर महेशमुंडा, न्यू गिरिडीह, जमुआ, धनवार, कोडरमा टाउन, कोडरमा जंक्शन, बरही, कटकमसांडी, हजारीबाग टाउन, चरही, बरकाकाना, मेसरा होते हुए 12.10 बजे रांची पहुंच जायेगी। यही ट्रेन रांची से 03.15 बजे खुलकर बरकाकाना, हजारीबाग, कोडरमा के रास्ते मधुपुर जायेगी। 10.15 बजे रात्रि को यह ट्रेन मधुपुर पहुंच जायेगी।
इस रेल लाईन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। 1999 में इस रेलवे लाइन का शिलान्यास हुआ था। इसके निर्माण से रांची की पटना, दिल्ली और गया की दूरी कम हो गयी है। साथ ही ग्रेंड कोड लाइन पर किसी भी परेशान की स्थिति में एक और दूसरे लाईन का विकल्प मिल गया है। कोडरमा से रांची तक सीधी रेलवे लाइन की सेवा नहीं थी। रेल गांडियों को गोमा, बोकारो, पश्चिम बंगाल के झालदा, तुलिन और मुरी होकर घुमना पड़ता था।
लंबे समय बाद यह बहुचर्चित रेलवे लाइन का काम दिसंबर में ही पूरा कर सुरक्षा जांच कर ली गयी थी। रेल लाइन न होने से उपेक्षित इस क्षेत्र को इस रेल परिवहन के आरंभ होने से विकास तेज होने की उम्मीद बढ़ी है। प्रतीकात्मक रुप से रांची से सिंगुर तक एक पैसेंजर ट्रेन चलाई जा रही थी जो बाद में बंद भी कर दिया गया।
निश्चित ही कोडरमा और हजारीबाग सहित मधुपुर और बरकाकाना को राजधानी रांची और पटना से एक बेतहर कनेक्टीविटी बनी है। उम्मीद की जा रही है बंदे भारत ट्रेन का परिचालन रांची से पटना के लिये इसी नये रुट से किया जायेगा। मधुपुर से रांची तक की यात्रा 6 घंटे 55 मिनट में तय की जायेगी और इसमें 15 स्टेशनों पर यह मधुपुर-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस रुकेगी।
इस बेहतर रेलवे सुविधा के आरंभ होने पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने ट्विट कर प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बधाई दी है। उन्होंने लिखा है कि सुझाव को सम्मान, आग्रह को आदर देने और कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह जिले सहित झारखंड की जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी जी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का आभार।
ये तो बस शुरुआत है। शीघ्र ही इस रूट से लम्बी दूरी की यात्री ट्रेनों का परिचालन होगा। निश्चित ही रेलवे के मामले में उपेक्षित झारखंड के लिये ऐसी योजनाओं का पूरा होना और इनपर रेल परिचालन का आरंभ होना विकास की गति को तेज करेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन और पाकिस्तान के साथ भारत का लगातार विवाद चल रहा है। चीन ने कई बार समुद्र में भी हिमाकत करने की कोशिश की, जिसका भारतीय नौसेना ने कड़ा जवाब दिया। अब नौसेना ने अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए एक अहम फैसला लिया है। जिसके तहत 200 से ज्यादा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों का आर्डर दिया जायेगा। ये सौदा 20 हजार करोड़ से ज्यादा का है।
सूत्रों के मुताबिक जल्द ही रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक में इसको लेकर चर्चा होने वाली है। भारतीय नौसेना अपनी घातक मारक क्षमता को और बढ़ाने के लिए 200 से ज्यादा ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों के आर्डर देने के लिए तैयार है। ये डील रक्षा मंत्रालय में आखिरी चरण में है। इसके बाद समुद्र में भारत की ताकत काफी ज्यादा बढ़ जाएगी। साथ ही पाकिस्तान और चीन दोनों ही मोर्चे पर नौसेना मजबूती के साथ काम कर सकेगी।
अभी हाल ही में भारतीय नौसेना के कोलकाता-श्रेणी के युद्धपोत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया गया। इस टेस्टिंग में एक उन्नत मॉड्यूलर का इस्तेमाल किया गया, जिसको भारत में ही तैयार किया गया था। टेस्टिंग में मिसाइल तय पथ पर गई और अरब सागर में अपने टारगेट को तबाह कर दिया।
वैसे तो भारत और रूस ने मिलकर इस मिसाइल को तैयार किया था, लेकिन डीआरडीओ ने इसे पूरी तरह से भारत की जरूरत के हिसाब से मॉडिफाई कर दिया है। साथ ही इसके ज्यादातर उपकरण भी स्वदेशी होते जा रहे हैं। ये मिसाइल जमीन, फाइटर प्लेन और युद्धपोत तीनों जगहों से दागी जा सकती है।
साथ ही ये 200 किलो का वॉरहेड ले जाने में सक्षम है। इसके अलावा मिसाइल अपने लक्ष्य पर 4321 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हमला करके उसे तबाह कर सकती है। ये मिसाइल कम दूरी पर उड़ान भरकर आसानी से दुश्मन के रडार को चकमा दे सकती है।
टीम एबीएन, रांची। रामगढ़ उपचुनाव की विजेता आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी आज विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी। विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे।
उल्लेखनीय है कि रामगढ़ की पूर्व विधायक ममता देवी को गोला कांड में पांच वर्ष की सजा हुई थी। इसके बाद इनकी सदस्यता समाप्त हो गयी थी। 27 फरवरी को रामगढ़ में उपचुनाव हुआ और परिणाम दो मार्च को आया, जिसमें ममता देवी के पति और कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो को हार का सामना करना पड़ा था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse