टीम एबीएन, रांची। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें 44 प्रस्तावों पर मुहर लगी। इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावे कई मंत्री और राज्य सरकार के आला अधिकारी मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए बड़ी पहल की है। गरीब लोगों को हेवी व्हीकल चलाने के लिए राज्य में निशुल्क ट्रेनिंग दी जायेगी। राज्य सरकार के इस पहल से प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। बता दें कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में निशुल्क ट्रेनिंग के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
फिलहाल विभाग इस पर निर्णय लेगी कि गरीबों को कहां-कहां ट्रेनिंग दी जायेगी। जल्द ही इस पर मीटिंग होने की संभावना है। इसके तहत जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, उन्हें भी हेवी व्हीकल चलाने की ट्रेनिंग दी जायेगी।
उनके अलावा जो पहले से बिना ट्रेनिंग के भारी वाहन चला रहे हैं, उन्हें भी ड्राइविंग की क्लासेस दी जायेगी। इस पूरे ट्रेनिंग का खर्च सरकार देगी, लेकिन ट्रेनिंग के समय रहने व खाने-पीने का खर्च प्रशिक्षुओं को खुद ही खर्चना पड़ेगा।
बता दें कि फिलहाल झारखंड राज्य में एक भी सरकारी हेवी व्हीकल या किसी अन्य प्रकार के वाहन चलाने का ट्रेनिंग सेंटर नहीं खोला गया है। पहले भी इस योचना को लेकर पहल की जा चुकी है, लेकिन अब तक यह धरातल पर नहीं उतरी है, सिर्फ फाइलों में ही बंद होकर रखी हुई है। अब देखना यह है कि विभाग के अधिकारी कब तक सरकारी व्हीकल ट्रेनिंग सेंटर खोलते हैं।
हेवी लाइसेंस के लिए चालकों को सेंटर पर प्रशिक्षण दिया जायेगा, जहां वाहन चलाने के साथ-साथ गाड़ी के कल-पुर्जों और रोड सेफ्टी की भी क्लास दी जायेगी।
आवेदकों को 21 दिनों तक प्रशिक्षण दिया जायेगा, जिसके बाद आवेदक ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अपना आवेदन जिला परिवहन कार्यालय में दे सकते हैं। वहीं, रिन्यूअल के लिए उसे तीन दिनों की ट्रेनिंग लेनी होगी, जिसके बाद उसका ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू किया जायेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 में झारखंड की महिला हॉकी टीम ने मिजोरम की टीम से पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। झारखंड की पुरुष हॉकी टीम ने ओडिसा की टीम से 3-1 से जीत हासिल की।
इस बात की जानकारी डीसी खूंटी द्वारा ट्वीट करके दी गयी। सीएम हेमंत सोरेने ने विजेता टीम को बधाई दी है। सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया- ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 में विजेता झारखण्ड की दोनों टीमों को हार्दिक बधाई और जोहार। चैंपियनशिप में अन्य टीमों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, सभी को बधाई। गर्व है कि यह चैंपियनशिप खूंटी में नवनिर्मित राष्ट्रीय स्तर के मैदान में आयोजित की गयी।
खूंटी के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 19 मार्च 2023 से 26 मार्च 2023 तक चले प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 में 6 राज्यों की टीम ने हिस्सा लिया था। अंत में झारखंड की महिला टीम ने मिजोरम की महिला टीम को हराकर बाजी मारी तो वहीं पुरुष हॉकी टीम ने असम को हराकर खिताबी मुकाबला जीता।
इस मौके पर हाफीजुल हसन (मंत्री, पर्यटन, कला संस्कृति, खेल एवं युवा मामले) ने झारखंड की दो बेटियां ओलंपियन निक्की प्रधान और सलीमा टेटे की भूरि भूरि प्रसंशा करते हुए कहा कि इन बेटियों पर सिर्फ झारखंड को ही नहीं बल्कि पूरे देश को गर्व है। दोनों बेटियों ने सीमित संसाधनों के बीच अपना मुकाम बनाया है। हमें आशा है कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी अपने प्रदर्शन जारी रखेंगे और झारखंड के साथ साथ पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
टीम एबीएन, पलामू।/ रांची। जिले में पहली बार रामनवमी के दौरान रैप की तैनाती की जायेगी। इसके साथ ही पहली बार रामनवमी के दौरान पलामू को मुख्यालय की तरफ से अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया जा रहा है। रैप की एक कंपनी को पलामू के पांकी में, जबकि दूसरी कंपनी को अलग जगह तैनात किया जायेगा।
करीब एक महीने पहले पलामू के पांकी में दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी कारण पलामू के इस इलाके में रामनवमी के दौरान पहली बार रैप की कंपनी को तैनात किया जा रहा है। रामनवमी को लेकर पलामू प्रमंडल को 500 से भी अधिक अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया जा रहा है। यह अतिरिक्त बल पुलिस मुख्यालय की तरफ से पलामू को उपलब्ध करवाया जा रहा है। पलामू जिला प्रशासन 27 मार्च को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक करेगी।
जिला प्रशासन रामनवमी को लेकर सोशल मीडिया के साथ-साथ सभी संवेदनशील इलाकों पर भी नजर बनाए हुए है। पुलिस और प्रशासन लगातार आम लोगों से सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने और भड़काऊ पोस्ट नहीं करने की अपील कर रही है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि आज देश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और पिछले 10 सालों में अंगदान करने वालों की संख्या में तीन गुनी वृद्धि हुई है।
आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 99वीं कड़ी में अपने विचार साझा करते हुए मोदी ने देशवासियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में अगदान के लिए सामने आने की अपील की। अंगदान करने वाले कुछ लोगों के परिजनों के अनुभव सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका एक फैसला कई लोगों की जिंदगी बचा सकता है, जिंदगी बना सकता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग अंगदान का इंतजार करते हैं, वह जानते हैं कि इंतजार का एक-एक पल गुजरना कितना मुश्किल होता है और ऐसे में जब कोई अंगदान या देहदान करने वाला मिल जाता है तो उसमें ईश्वर का स्वरूप ही नजर आता है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में आज बड़ी संख्या में ऐसे जरूरतमंद हैं, जो स्वस्थ जीवन की आशा में किसी अंगदान करने वाले का इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस दौर में अंगदान किसी को जीवन देने का एक बहुत बड़ा माध्यम बन चुका है क्योंकि जब एक व्यक्ति मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करता है तो उससे 8 से 9 लोगों को एक नया जीवन मिलने की संभावना बनती है।
उन्होंने कहा कि आज देश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। साल 2013 में हमारे देश में अंगदान के पांच हजार से भी कम मामले थे लेकिन 2022 में यह संख्या बढ़कर 15 हजार से ज्यादा हो गयी है। अंगदान करने वाले व्यक्तियों ने, उनके परिवार ने, वाकई बहुत पुण्य का काम किया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 27 मार्च को प्रोजेक्ट भवन में होगी।
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से सूचित किया गया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक 27 मार्च को 3:30 बजे से प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।
बैठक में राज्य के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण योजनाओं पर विमर्श के बाद निर्णय लिया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 2023 के मैट्रिक-इंटर (10वीं व 12वीं) के स्टेट टॉपरों को सोमवार को पुरस्कृत करेंगे। धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विद्यार्थियों को पुरस्कृत करेंगे।
वर्ष 2023 की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में राज्य में प्रथम तीन स्थान पर रहनेवाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा। पहले स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को तीन लाख, दूसरे स्थान पर रहने वाले को दो लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये पुरस्कार राशि दी जायेगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से इस संबंध में सभी जिलों को पत्र जारी कर दिया गया है।
पत्र में संबंधित जिलों के पदाधिकारियों को 27 मार्च को 10 बजे तक प्रोजेक्ट भवन सभागार में संबंधित विद्यार्थी व अभिभावक के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। विद्यार्थी के समारोह में भाग नहीं लेने की स्थिति में अभिभावक समारोह में शामिल होंगे।
तीनों बोर्ड के 68 विद्यार्थी होंगे पुरस्कृत : झारखंड एकेडमिक काउंसिल, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड मिला कर कुल 68 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा। 10वीं के कुल 30 विद्यार्थी को पुरस्कृत किया जायेगा। इसमें सबसे अधिक 14 विद्यार्थी जैक बोर्ड के हैं। जबकि, सीबीएसई के नौ एवं आईसीएसई बोर्ड के सात विद्यार्थी हैं। 12वीं कला में तीनों बोर्ड से टॉप तीन में तीन-तीन विद्यार्थी शामिल हैं। कुल नौ विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा।
12वीं विज्ञान संकाय में जैक बोर्ड के तीन, सीबीएसई के पांच और आईसीएसई बोर्ड के सात विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा। वाणिज्य संकाय में जैक बोर्ड के पांच, सीबीएसई के तीन और आईसीएसई बोर्ड के छह विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने अत्यधिक तीव्र गति वाली इंटरनेट सेवा देने के लिए सबसे तेज और व्यापक 5जी दूरसंचार नेटवर्क खड़ा करने के मकसद से देश भर में करीब एक लाख दूरसंचार टावर लगाये हैं।
दूरसंचार विभाग के हालिया आंकड़ों के अनुसार, दूरसंचार टावर लगाने के मामले में जियो दूसरे स्थान पर मौजूद कंपनी से लगभग पांच गुना आगे है। दूरसंचार विभाग के नेशनल ईएमएफ पोर्टल पर जारी दैनिक स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, जियो ने 700 मेगा हर्ट्ज और 3,500 मेगा हर्ट्ज वाले 99,897 बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) स्थापित किये हैं। वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद कंपनी भारती एयरटेल ने कुल 22,219 बीटीएस स्थापित किये हैं।
बृहस्पतिवार को मौजूद स्थिति के अनुसार, प्रत्येक आधार स्टेशन के लिए जियो के पास तीन सेल इकाइयां हैं जबकि एयरटेल के पास दो सेल इकाइयां हैं। ज्यादा टावर और सेल इकाइयां होने से इंटरनेट की रफ्तार अधिक रहती है। ऊकला की गत 28 फरवरी को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, जियो के इंटरनेट की सर्वाधिक गति 506 मेगाबाइट प्रति सेकेंड (एमबीपीएस) आंकी गयी जबकि एयरटेल 268 एमबीपीएस की अधिकतम गति के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse