टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने बीते शुक्रवार को एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत से कहा कि 30 अप्रैल तक धुर्वा में निर्माणाधीन उच्च न्यायालय के नए भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जायेगा और उसे उच्च न्यायालय को सौंप दिया जायेगा।
झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में शुक्रवार को धुर्वा स्थित निर्माणाधीन झारखंड उच्च न्यायालय के भवन एवं उसमें वकीलों के लिए उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं को लेकर एडवोकेट एसोसिएशन की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि नया भवन उच्च न्यायालय को 30 अप्रैल तक हस्तांतरित कर दिया जायेगा। पीठ ने मामले की अगली सुनवाई 4 मई को निर्धारित की है।
सुनवाई के दौरान, भवन निर्माण सचिव न्यायालय में उपस्थित हुए। सरकार की ओर से न्यायालय को हलफनामा देकर बताया गया कि 30 अप्रैल तक उच्च न्यायालय के धुर्वा स्थित निर्माणाधीन नये भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जायेगा और उसे उच्च न्यायालय को सौंप दिया जायेगा। सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने कहा कि एसोसिएशन की जो भी समस्याएं हैं उसे उच्च न्यायालय की समिति और एसोसिएशन मिलकर देखेंगे और आपस में बैठकर उसका निदान निकालेंगे।
टीम एबीएन, रांची। राज्य के सरकारी स्कूलों के समय में एक अप्रैल से बदलाव हो गया। अब विद्यालय प्रात: 6.45 बजे से एक बजे तक चलेगा। एक से दो बजे तक खेलकूद का निर्देश दिया गया है।
शिक्षक संगठनों ने गर्मी के कारण दोपहर में खेलकूद कराने का निर्णय वापस लेने का आग्रह किया है। शिक्षा सचिव ने इसमें बदलाव का आश्वासन दिया है। बताते चलें कि सुबह स्कूल खोलने को लेकर विधायक प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री को पिछले दिनों पत्र भी लिखा था।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सभी टोल प्लाजा ने टैक्स में वृद्धि कर दी है। एक अप्रैल से नयी दर लागू हो गयी। प्रत्येक वर्ष टोल टैक्स में वृद्धि की जाती है। इसी के तहत रांची के ओरमांझी स्थित पुंदाग टोल प्लाजा (एनएच-33), बुंडू स्थित (एनएच-33) टोल प्लाजा और एनएच-75 पर मांडर स्थित टेढ़ी पुल टोल प्लाजा ने दर बढ़ायी है। अब यहां से गुजरने पर वाहनों को अधिक टैक्स देने होंगे।
बुंडू टोल प्लाजा के प्रभारी तपन कुमार प्रधान ने बताया कि नयी दर एक अप्रैल से प्रभावी है। कार, जीप, वैन के लिए 115 रुपये में पांच रुपये की बढ़ोतरी की गयी है। मिनी बस के लिए जहां पहले 190 रुपये देने होते थे। अब इसमें 10 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है। ट्रक के लिए पहले 395 रुपये देने होते थे। इसमें 20 रुपये की वृद्धि की गयी है। व्यवसायिक वाहनों पर 20 रुपये की वृद्धि करते हुए 430 रुपये, चार व छह एचसीएम और इएमएमए जैसे वाहनों के लिए 30 रुपये की वृद्धि कर 415 रुपये और भारी व्यवसायिक वाहनों के लिए 35 रुपये बढ़ाये गये हैं।
ओरमांझी स्थित पुंदाग टोल प्लाजा में अब एक अप्रैल से जीप, वैन व अन्य हल्के वाहनों को 115 की जगह 125 रुपये देने होंगे। रिटर्न ट्रिप के लिए 175 की जगह 185 रुपये लगेंगे। इसी तरह, हल्के व्यवसायिक वाहनों को एक ट्रिप के लिए 200 व 24 घंटे के अंदर रिटर्न ट्रिप के लिए 300 रुपये, टू एक्सेल बस व ट्रक को एक ट्रिप के लिए 395 की जगह 415 व रिटर्न ट्रिप के लिए 595 की जगह 625 रुपये, थ्री एक्सेल व्यवसायिक वाहनों को एक ट्रिप के लिए 430 की जगह 455 व रिटर्न ट्रिप के लिए 650 की जगह 680 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह निर्माण कार्य से जुड़े सिक्स एक्सेल वाहनों को एक ट्रिप के लिए 620 की जगह 655 व रिटर्न ट्रिप के लिए 930 की जगह 980 रुपये तथा सेवन व उससे अधिक एक्सेल वाहनों को एक ट्रिप के लिए 755 की जगह 795 व रिटर्न ट्रिप के लिए 1135 की जगह 1190 रुपये देने होंगे। टोल प्लाजा पुंदाग के प्रोजेक्ट हेड चेतन मलवारी ने बताया कि टोल की ओर से हाइवे में 24 घंटे पेट्रोलिंग की सुविधा है। एंबुलेंस की भी नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को रामनवमी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी लोगों से अपने जीवन के हर क्षेत्र में भगवान राम के आदर्शों का अनुकरण करने को कहा।
राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव पर मनाये जाने वाला हर्षोल्लास एवं समृद्धि से परिपूर्ण यह त्योहार हमें नि:स्वार्थ सेवा का संदेश देता है तथा प्रेम, करुणा, मानवता और बलिदान का मार्ग अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन के हर क्षेत्र में भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए और हमें भारत को एक गौरवपूर्ण राष्ट्र बनाने के लिए स्वयं को समर्पित करना चाहिए।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के हेमंत सोरेन सरकार ने सोमवार को हुए कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले पर अपनी मुहर लगायी। इसके तहत राजधानी रांची में निजी वाहनों का दबाव कम करने के लिए यहां सरकारी 244 बसें खरीदी जायेंगी।
इनमें से 24 इलेक्ट्रिक एसी बसें होगी। इससे न सिर्फ रांची के लोगों को शहर के अंदर यात्रा करने में सुविधा होगी, बल्कि जाम से भी राहत मिलेगी।
रांची नगर निगम के नगर आयुक्त शशि रंजन ने एबीएन को बताया कि निगम की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गयी है। इसको नगर विकास विभाग को भेज दिया गया है। बसों की खरीद को लेकर कुछ प्रक्रिया बची हुई है। इसके बाद रूट और किराया तय किया जायेगा। जल्दी ही इन बसों को रांची नगर निगम को सौंप दी जायेगी।
प्रस्ताव के मुताबिक, 244 बसों के खरीद व परिचालन में 605 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनका संचालन पीपीपी मोड पर किया जायेगा। पीपीपी मोड पर बसों के परिचालन के लिए तीन पक्ष होंगे। इसमें पहला, रांची नगर निगम जो रूट तय करेगा और ऑपरेटर को मिलने वाली राशि उपलब्ध करायेगा।
दूसरा, ऑपरेटर वन जहां बसों का परिचालन करेगा और ड्राइवर मुहैया करायेगा। तीसरा, ऑपरेटर टू का काम तकनीकी सुविधा देना होगा। आपरेटरों का चयन निविदा के आधार पर किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के बैच के अधिकारी श्री भोलानाथ लागुरी को सेवा से बर्खास्त किया। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा तृतीय बैच के अधिकारी श्री भोलानाथ लागूरी को प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी चतरा के पद पर रहते हुए कुल 28 बैंक अंतरण द्वारा कुल 2 करोड़ 56 लाख रुपए की अनधिकृत निकासी की गई जो उप विकास आयुक्त द्वारा की गई जांच में प्रमाणित पाया गया।
क्या था आरोप
श्री भोलानाथ लागुरी प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी चतरा के पद पर रहते हुए कुल 28 बैंक अंतरण द्वारा कुल 2 करोड़ 56 लाख रुपए की अनधिकृत निकासी की गई उक्त जांच प्रतिवेदन स्पष्ट है कि दिनांक 2 नवंबर 2017 के पूर्व जिला कल्याण पदाधिकारी चतरा के नाम से 12 बैंक खाते संचालित किए जा रहे थे ।
दिनांक 2 नवंबर 2017 के अग्निकांड के पश्चात तत्कालीन जिला कल्याण पदाधिकारी चतरा श्री आशुतोष कुमार द्वारा मात्र 3 बैंक खातों के अंत शेष के आधार नया रोकड़ पंजी प्रारंभ किया गया और अन्य बैंक खाते एवं उसमें संधारित राशि को गुप्त रखते हुए अनधिकृत निकासी की गई दिनांक 1 दिसंबर 2017 को श्री भोलानाथ लागुरी द्वारा आशुतोष कुमार से जिला कल्याण पदाधिकारी चतरा का पद ग्रहण किया गया दिनांक 11 फरवरी 2015 से दिनांक 21 नवंबर 2016 तक जिला कल्याण पदाधिकारी चतरा होने के नाते उनके संज्ञान में था कि दिनांक 2 नवंबर 2017 के पूर्व से ही 12 बैंक संचालित किये जा रहे थे दिनांक 2 नवंबर 2017 को प्रभार ग्रहण के पश्चात रोकड़ पंजी में अंकित बैंक खातों के अतिरिक्त पूर्व के बैंक खातों के बंद होने की पुष्टि नहीं की गई।
श्री आशुतोष कुमार द्वारा की गई वित्तीय अनियमितता एवं निकासी को जारी रखा गया। श्री लागुरी द्वारा इस कृत्य पूर्व की वित्तीय अनियमितता के साक्ष्य को छुपाया गया और वर्तमान में वित्तीय अनियमितता एवं सरकारी राशि की छलपूर्ण निकासी की गई श्री लागुरी तैयार करने तथा साथ छुपाने और सरकारी राशि का गबन में संनलिप्त्ता का कृत्य है।
मामले की समीक्षा उपरांत श्री लागोरी द्वारा समर्पित द्वितीय कारण परीक्षा को अस्वीकृत करते हुए इनके विरुद्ध गंभीर वित्तीय अनियमितता से संबंधित प्रमाणित आरोपों के आलोक में झारखंड सरकारी सेवक वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियमावली 2016 के नियम 14 (xi) के अंतर्गत सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय पर माननीय मुख्यमंत्री का अनुमोदन प्राप्त किया गया।
वही तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी तमाड़ जिला रांची श्री सुबोध कुमार के विरुद्ध मनरेगा इंदिरा आवास पीडीएस कल्याण आदि विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में बगैर कोई पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने आदर्श ग्राम योजना के क्रियान्वयन में अभिरुचि नहीं लेने इंदिरा आवास योजना के कार्यों में अभिरुचि नहीं लेने एवं कार्य में लापरवाही बरतने अनुशासनहीनता कृतज्ञता संबंधी आरोप उपायुक्त रांची के माध्यम से सरकार को प्राप्त है इन आरोपों की जांच हेतु इन पर विभागीय कार्रवाई संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब रांची से पटना तक का सफर महज 6 घंटे में पूरा हो जायेगा। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि यात्रा भी सुगम होगी। बता दें कि रांची से पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकारी योजना को धरातल पर उतारने में जुटे हैं।
रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम निशांत कुमार ने ABNNews24 को बताया कि यह ट्रेन 25 अप्रैल से रांची से पटना के बीच दौड़ेगी। कुछ कागजी काम है जिसे फौरन निपटा लिया जायेगा। इस ट्रेन के लिए नये रूट का भी निर्माण किया गया है, जिसका काम पूरा हो चुका है। यह झारखंड को मिलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन होगी।
वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलाई जायेगी। इस ट्रेन का मेंटेनेंस हटिया यार्ड में होगा। वहीं, प्राइमरी मेंटेनेंस रांची में, तो सेकेंडरी मेंटेनेंस पटना में किया जायेगा। वंदे भारत ट्रेन सुबह 7:30 बजे रांची से चलेगी और दोपहर 2 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं, पटना से दोपहर 3:30 बजे चलकर रात 10:30 बजे रांची पहुंचेगी। ट्रेन रांची, टाटीसिल्वे, बीआईटी मेशरा, बरकाकाना और हजारीबाग होते हुए पटना जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन की अध्यक्षता में राजभवन में सैनिक कल्याण बोर्ड के मैनेजिंग कमेटी की बैठक हुई। राज्यपाल ने इस अवसर पर मैनेजिंग कमेटी के गठन नहीं होने के कारण अगस्त, 2020 के बाद से बैठक नहीं होने पर आश्चर्य व दुख प्रकट किया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक 6 माह में सैनिक कल्याण बोर्ड की मैनेजिंग कमेटी की बैठक हो।
राज्यपाल द्वारा बैठक में सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा सैनिकों के कल्याणार्थ किए जाने वाले विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी। राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों को भगवान तुल्य बताया तथा कहा गया कि उनके आश्रितों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, यह सुनिश्चित करने का प्रयास हो। राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत डाटाबेस तैयार किया जाये, जिसमें उनके परिवार की अहम आवश्यकता का उल्लेख भी हो।
बैठक में कहा गया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष सैनिक कल्याण बोर्ड के लिए वार्षिक अनुदान राशि उपलब्ध कराया जायेगा। साथ ही बैठक में यह भी कहा गया कि पूर्व सैनिकों के आश्रितों को राज्य सरकार के नौकरियों में क्षैतिज आरक्षण दिए जाने पर राज्य सरकार द्वारा समीक्षा की जायेगी। इस अवसर पर यह भी कहा गया कि महात्मा गांधी मार्ग स्थित सैनिक मार्केट परिसर के सौंदर्यीकरण एवं विकास हेतु परामर्शी की सेवाएं प्राप्त की जायेगी।
बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी, प्रधान सचिव, वित्त विभाग अजय सिंह, प्रधान सचिव, गृह विभाग वंदना डाडेल समेत सैनिक कल्याण बोर्ड के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse