टीम एबीएन, रांची। झारखंड कैबिनेट की बैठक 17 अप्रैल को होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।
इसको लेकर मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। बैठक प्रोजेक्ट भवन (झारखंड मंत्रालय) स्थित कैबिनेट कक्ष में शाम चार बजे से होगी। इसमें कई अहम फैसले लिये जायेंगे।
टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (गुरुवार) 71 हजार नवनियुक्त कर्मचारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसे लेकर डीआरएम सभागार में रेलवे की ओर से रोजगार मेला का आयोजन किया गया है। इसमें केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल होंगी।
सुबह 10.30 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। रोजगार मेला के दौरान धनबाद रेल मंडल के पांच विभागों के 239 नये कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा जायेगा। रेलवे में ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मास्टर, वरिष्ठ वाणिज्यिक लिपिक सह टिकट लिपिक, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, स्टोनोग्राफर, कनिष्ठ लेखापाल, डाक सहायक समेत इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, टैक्स सहायक, सीनियर ड्राफ्ट्समैन, जेई, सुपरवाइजर, सहायक प्रोफेसर, शिक्षक, पुस्तकालय अध्यक्ष, नर्स, पीए, एमटीएस आदि पदों पर कर्मियों की नियुक्ति होनी है।
टीम एबीएन, रांची। पूर्व डीसी छवि रंजन के ठिकाने पर ईडी की टीम ने दबिश दी है। सुबह से ही ईडी की छापेमारी कर रही है। ईडी की टीम डीसी के अलावा कई अंचल अधिकारी और जमीन कारोबारियों के यहां भी छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम गुरुवार की सुबह आईएएस छवि रंजन समेत कई अन्य लोगों के ठिकाने पर पहुंचकर छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री मामले में ईडी यह कार्रवाई कर रही है।
इससे पहले ईडी ने बीते पांच नवंबर 2022 को कोलकाता के कारोबारी अमित अग्रवाल व एक अन्य व्यवसायी विष्णु अग्रवाल, खरीद-बिक्री में शामिल प्रदीप बागची, दिलीप घोष सहित अन्य अधिकारियों से जुड़े दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची से गिरिडीह के बीच ट्रेन से सफर की चाहत रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। इस रूट पर बहुत जल्द एक नई ट्रेन दौड़ने वाली है। इस ट्रेन को रांची-न्यू गिरिडीह एक्सप्रेस नाम दिया गया है। इसका परिचालन हर दिन होगा।
अभी तक की तैयारी के मुताबिक यह ट्रेन सुबह 6.10 बजे रांची रेलवे स्टेशन से खुलेगी और दोपहर 13.10 (1 बजकर 10 मिनट) पर न्यू गिरिडीह स्टेशन पहुंचेगी। गिरिडीह पहुंचने के 50 मिनट के भीतर यानी दोपहर 2 बजे यह ट्रेन रांची के लिए रवाना हो जायेगी। रांची से न्यू गिरिडीह के बीच नयी ट्रेन चलाने की जरूरत पर फोकस करते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने रेल मंत्रालय को प्रस्ताव दिया था।
इस प्रस्ताव पर मंत्रालय ने अपनी मुहर लगा दी है। अब बस ट्रेन के चालू होने की तिथि का ऐलान होना बाकी है। नई ट्रेन के संचालन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। यह एक्सप्रेस ट्रेन होगी। बहुत जल्द पटरी पर दौड़ेगी। रांची में सुबह 6.10 बजे खुलेगी। यह ट्रेन टाटीसिल्वे, बरकाकाना, कोडरमा होते हुए गिरिडीह जायेगी।
इसके अलावा मेसरा, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा और धनवार में इसका कॉमर्शिटल स्टॉपेज रहेगा। इसमें स्लीपर की दो कोच के अलावा कुल 14 कोच की सुविधा होगी। बड़ी संख्या में लोग एक दिन में दो बार रांची से गिरिडीह के बीच अप-डाउन कर पायेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार ने कई आइएएस का तबादला कर दिया है। कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस क्रम में प्राथमिक शिक्षा निदेशक का तबादला भी कर दिया गया है। इसका आदेश कार्मिक विभाग ने 12 अप्रैल को जारी कर दिया।
योजना एवं विकास सचिव रहे डॉ अभिताभ कौशल (अतिरिक्त प्रभार- सचिव, आपदा प्रबंधन प्रभाग) को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विमाग का सचिव बनाया गया है।
डॉ कौशल अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ सचिव (राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग) और सचिव (आपदा प्रबंधन प्रभाग) के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
जल संसाधन सचिव के पद पर पदस्थापित प्रशांत कुमार (अतिरिक्त प्रभार- प्रशासक, सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना, जमशेदपुर) अगले आदेश तक अपने कार्यों के साथ सचिव (योजना एवं विकास विभाग) के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में ग्रामीण कार्य विभाग के चीफ इंजीनियर (निलंबित) वीरेंद्र राम के कजन आलोक रंजन को ईडी ने अरेस्ट किया। आलोक के कमरे से एसीबी में 13 नवंबर 2019 को 2.67 करोड़ बरामद किये थे।
टीम एबीएन, रांची। निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल ने ईडी की विशेष अदालत में बुधवार को सरेंडर कर दिया। गौरतलब है कि पूजा सिंघल जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर निकली थीं। लेकिन उनकी जमानत की अवधि खत्म हो गयी, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
पूजा सिंघल ने अपने स्थायी जमानत के लिए भी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कल यानी गुरुवार को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। गुरुवार को यह तय होगा कि पूजा सिंघल को फिर सशर्त जमानत मिलेगी या फिर उन्हें स्थायी जमानत।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन के बीज जारी युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने पीएम से अतिरिक्त मानवीय सहायता भेजने का अनुरोध किया है। बता दें कि इससे पहले यूक्रेन की उप विदेश मंत्री एमिन झापरोवा चार दिन की भारत यात्रा पर आयी हैं।
भारत के दौरे पर आयीं यूक्रेन की उप विदेश मंत्री एमिन झापरोवा ने मंगलवार (11 अप्रैल) को राज्य विदेश मंत्री मीनाक्षी लेखी को यह पत्र सौंपा। जिसमें यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अपने पत्र में भारत से अतिरिक्त दवाओं और चिकित्सा उपकरणों को भेजे जाने की मदद करने का अनुरोध किया है।
वहीं, यूक्रेन की विदेश मंत्री ने कहा है कि यूक्रेन यूद्ध के समय उनके देश में पढ़ रहे भारत के मेडिकल छात्रों को राज्य में उनकी योग्यता के लिए परीक्षा देने की अनुमति देगा जो कि भारत के हजारों छात्रों के लिए बड़ी राहत की बात होगी जिनको युद्ध शुरू होने के बाद भारत आना पड़ा था।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि यूक्रेन का समर्थन करना ही सच्चे विश्वगुरु के लिए एकलौता सही विकल्प है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूक्रेन भारत के साथ करीबी और गहरे संबंध चाहता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी आक्रामकता जो किसी भी देश की क्षेत्रीय अखंडता पर सवाल उठा सकती है, बहुत बड़ी चिंता का विषय है। भारत को ऐसे लोगों की पहचान करनी चाहिए। वहीं पाकिस्तान पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ यूक्रेन के संबंध भारत के हितों के खिलाफ नहीं हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse