एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का आज 100वां एपिसोड प्रसारित होगा। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में लाइव प्रसारण से लेकर देश भर में विशेष स्क्रीनिंग तक मन की बात का यह 100वां एपिसोड काफी ऐतिहासिक होने की उम्मीद है। वहीं वित्त मंत्रालय ने घोषणा की कि वह मन की बात की 100वीं कड़ी में 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेगा। इस खास मौके को अभूतपूर्व जनसंपर्क कार्यक्रम बनाने के लिए भाजपा ने जोर-शोर से तैयारियां की हैं। भाजपा ने देशभर के बूथ स्तर पर लगभग 4 लाख सेंटरों में मन की बात का प्रसारण करने की योजना बनायी है ताकि सभी लोग इसे सुन सकें। हर महीने के आखिरी रविवार सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाले 30 मिनट के इस कार्यक्रम की शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में शहर की सरकार प्रशासक के भरोसे है। 27 अप्रैल को रांची नगर निगम सहित 34 नगर निकायों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासक के भरोसे कामकाज शुरू हो गया है। इस संबंध में गुरुवार को कैबिनेट के द्वारा लिये गये फैसले के तहत नगर निकायों के कमान प्रशासकों के हाथों सौंपी गयी है। प्रशासक के रूप में संबंधित नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी, निकाय परिषद यानी बोर्ड की सभी शक्ति एवं कार्यों का नियमानुसार प्रयोग की अनुमति दी गयी है। वित्तीय कार्यों के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारी नगर प्रशासक को दी गयी है। सरकार के इस फैसले के बाद आज शुक्रवार से रांची सहित सभी नगर निकायों में अधिकारियों का राज शुरू हो गया। जनप्रतिनिधियों खासकर मेयर, डिप्टी मेयर, वार्ड पार्षद की सारी शक्तियां समाप्त हो गयी हैं। अब आम लोगों को नगर निकाय या नगर परिषद क्षेत्र से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए अधिकारियों से सीधे संपर्क करना होगा, जिसके लिए नगर निगम कार्यालय में कंट्रोल रूम गठित की गई है जहां आम लोगों की समस्या को सुनी जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के कार पार्किंग शुल्क में बदलाव किया गया है, जो एक मई से लागू होगा। पहले निजी वाहन को पिक एंड ड्राॅप के लिए पांच मिनट का समय मिलता था, उसे अब बढ़ा कर आठ मिनट कर दिया गया है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा। आठ मिनट से अधिक समय होने पर 30 व व्यवसायिक वाहन से 115 लिये जायेंगे। पार्किंग शुल्क में कोच, बस, ट्रक के लिए पिक और ड्राॅप 30 मिनट तक के लिए 170 और 30 मिनट से दो घंटे तक के लिए 250 लगेंगे। टेंपो, एसयूबी, मिनी बस के लिए 30 मिनट के लिए 20 व 30 मिनट से दो घंटे तक के लिए 35 लगेंगे। व्यवसायिक वाहन जिसकी स्वीकृति एयरपोर्ट द्वारा दी जायेगी, उसके लिए 30 मिनट तक 20 व 30 से दो घंटे तक के लिए 35 लगेंगे। व्यवसायिक वाहन जिसका लाइसेंस एयरपोर्ट द्वारा नहीं दिया गया है, 30 मिनट तक के लिए 92 व 30 से दो घंटे के लिए 142 लिये जायेंगे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेलमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में जी-20 ने नयी उपलब्धियां हासिल की हैं। विचार-विमर्श सफलतापूर्वक चल रहे हैं। भारत की समृद्ध कला, संस्कृति और विरासत ने दुनिया भर के प्रतिनिधियों पर अमिट छाप छोड़ी है। वह लेह में आयोजित दो दिवसीय वाई-20 प्री-समिट के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। ठाकुर ने कहा कि लेह में वाई-20 प्री समिट में भाग लेने वाले लगभग 103 प्रतिनिधि लेह के मठों, संगम और मनोरम प्राकृतिक दृश्यों से मंत्रमुग्ध हैं और वे फिर से लद्दाख लौटना चाहते हैं। कई लोगों के आयोजन संबंधी भ्रम पैदा किये जाने के बावजूद वाई 20 प्री समिट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि लेह प्री समिट के परिणामस्वरूप भाग लेने वाले देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के बीच वाई 20 समिट के पांच विषयों पर सहमति बनी है। कौशल से दुबारा लैस करने (रीस्किलिंग) और कौशल को उन्नत करने (अपस्किलिंग) सहित भविष्य की चुनौतियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव आये हैं। उन्होंने कहा कि वाई-20 शिखर सम्मेलन युवाओं और विश्व को समान रूप से अपने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संवाद को आकार देने का एक असाधारण अवसर प्रदान कर रहा है। यह कई मायनों में हमारे संबंधित क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान खोजने में लगातार प्रयासरत है। केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से नये विचारों की तलाश करने, नवीन संबंधों को विकसित करने और परिवर्तन को लाने के लिए भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वाई-20 की थीम को युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सावधानी से चुना गया है, ताकि वे जी-20 के विकास एजेंडे और समग्र रूप से वैश्विक समुदाय का निर्माण कर सकें, इसमें सहयोग दे सकें और इसके लिए योगदान कर सकें। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने समापन समारोह में आजादी की अमृत कहानियां पर दो लघु वीडियो लॉन्च किये। इस अवसर पर मोदी @ 20 पुस्तक का विमोचन भी किया गया। लॉन्च कार्यक्रम में लेह-लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर ब्रिगेडियर (डॉ) बीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने भी भाग लिया। इस कार्यक्रम में ताशी ग्यालसन, मुख्य कार्यकारी पार्षद और जामयांग सेरिंग नामग्याल, सांसद, लद्दाख भी उपस्थित रहे। यह प्री-समिट 26 से 28 अप्रैल के दौरान आयोजित की गयी।
भाजपा के सभी सांसद, विधायक व पार्टी पदाधिकारी लेंगे हिस्सा एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 100वें संस्करण का प्रसारण देशभर में 4 लाख केंद्रों पर किया जायेगा। 30 अप्रैल को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने व्यापक स्तर पर तैयारी की है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम ने शुक्रवार को बताया कि हर विधानसभा में करीब 100 से अधिक स्थानों पर मन की बात के प्रसारण की व्यवस्था की गयी है। कार्यक्रम में स्थानीय सांसद, विधायक और चुने हुए जनप्रतिनिधि, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। सिविल सोसायटी, विभिन्न सामाजिक संगठन और अन्य संस्थाएं भी इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने बताया कि दुनियाभर में प्रवासी भारतीय भी इस कार्यक्रम को सुनेंगे। गौतम ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता देश के विभिन्न स्थानों पर मन की बात कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सांसदों, विधायकों को सौंपी गयी जिम्मेदारी : शतकीय संस्करण को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों व चुने हुए जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। प्रदेश पदाधिकारियों को एक-एक जिले का प्रभार सौंपा गया है। सभी सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ओबामा भी हुए थे शामिल : पूरी तरह से अराजनीतिक इस कार्यक्रम में 27 जनवरी 2015 को अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी पीएम मोदी के साथ शिरकत की थी। एक सर्वे के अनुसार, इस कार्यक्रम से देश के करीब 96 फीसदी लोग परिचित हैं। अक्तूबर 2014 में शुरुआत इस कार्यक्रम का सबसे पहले प्रसारण 3 अक्तूबर 2014 को हुआ था। उस समय से यह हर महीने प्रसारित होता है। इसे 52 भारतीय भाषाओं, बोलियों और 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित किया जाता है।
टीम एबीएन, रांची। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज (शुक्रवार) वर्चुअल माध्यम से देश में 91 एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन करेंगे। इनमें से तीन 100 वाट एफएम ट्रांसमीटर झारखंड के लोहरदगा, गोड्डा और बरहरवा में स्थित है। उद्घाटन सुबह 11 बजे होगा। सभी एफएम की आवृत्ति 100.1 मेगा हर्ट्ज है। यह जानकारी निदेशक अभियांत्रिकी सह केंद्र प्रमुख आकाशवाणी रांची दुर्गाचरण हेंब्रम ने दी। मौके पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन भी उपस्थित रहेंगे।
रेडियो संपर्क को मिलेगा बढ़ावा एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 18 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 84 जिलों में संचालित 91 एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन करेंगे। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों और आकांक्षी जिलों में एफएम रेडियो संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात की 100वीं कड़ी के प्रसारण से दो दिन पूर्व रेडियो सेवाओं का यह विस्तार किया जायेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि सरकार देश में एफएम कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। देशभर के 84 जिलों में 100 वाट के 91 नये एफएम ट्रांसमीटर स्थापित किये गये हैं। एफएम ट्रांसमीटर का विस्तार विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में रेडियो संपर्क बढ़ाने के लिए किया गया है। बयान में कहा गया है कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, लद्दाख और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड कैबिनेट की आज गुरुवार को बैठक हुई। इसमें झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को तोहफा दिया है। कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते (डीए) में 4 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गयी है। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के कर्मियों को 1.1.2016 से स्वीकृत पुनरीक्षित वेतनमान में 1.1.2023 के प्रभाव से महंगाई भत्ता की दरों में वृद्धि की मंजूरी दी गयी है। इसे बढ़ाकर 42 फीसदी कर दिया गया है. संविदा के आधार पर कार्यरत कर्मियों के संविदा राशि के निर्धारण की स्वीकृति दी गयी है। स्थानीय नगर निकायों के लिए प्रशासक की नियुक्ति की स्वीकृति झारखंड के स्थानीय नगर निकायों में आम निर्वाचन स्थगित होने के कारण प्रशासक की नियुक्ति की स्वीकृति दी गयी। झारखंड मोटरयान निरीक्षक संवर्ग (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवा की अन्य शर्तें) (संशोधन) नियमावली 2023 पर स्वीकृति दी गयी। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के बोकारो जिले के नावाडीह में डिग्री महाविद्यालय के निर्माण कार्य को लेकर 25,78, 65,000 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडलीय न्यायालय के गठन की स्वीकृति दी गयी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse