टीम एबीएन, रांची। माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज बिरसा मुंडा स्टेडियम, खूंटी में आयोजित महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर माननीया राष्ट्रपति ने स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाये गये स्टॉल्स का भ्रमण किया और उनके साथ सीधा संवाद किया।
सम्मेलन में माननीय राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, जनजातीय कार्य मंत्रालय के माननीय केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जनजातीय कार्य मंत्रालय के माननीया केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरूता, झारखंड सरकार में माननीया मंत्री जोबा मांझी, माननीय विधायक कोचे मुंडा, माननीय विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा एवं माननीय विधायक विकास सिंह मुंडा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री माननीय कड़िया मुंडा समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।
टीम एबीएन, रांची। देश की पहली नागरिक महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार देर शाम झारखंड हाइकोर्ट के नये भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान अपना भाषण समाप्त करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यहां भारत के मुख्य न्यायाधीश और झारखंड के चीफ जस्टिस के अलावा बहुत से जज, वकील और विद्वान मौजूद हैं। बहुत से केस हाईकोर्ट में फाइनल होते हैं।
बहुत से केस का फैसला सुप्रीम कोर्ट से आता है। जिनके पक्ष में फैसला आता है, वे खुश होते हैं। 5-10 या 20 साल के बाद उनकी खुशी गायब हो जाती है, क्योंकि जिसके लिए वे खुश होते थे, वो उनको मिलता नहीं। जिसके लिए समय, रुपये और रातों की नींद बर्बाद कर दी, वो खुशी उन्हें नहीं मिलती। वे फिर से दुखी हो जाते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि मैं एक छोटे-से गांव से आयी हूं। मैं फैमिली काउंसलिंग सेंटर की एक सदस्य थी। कुछ केस फाइनल होने के बाद हम उनके घर जाते थे। यह देखने के लिए कि जिस केस को हमने फाइनल किया, वह परिवार ठीक है या नहीं। बहुत से लोग अपने फैसले लेकर मेरे पास आते हैं कि फैसला तो हमारे पक्ष में आ गया, लेकिन हमें न्याय नहीं मिला।
मुझे नहीं मालूम सुप्रीम कोर्ट के आगे कुछ होता है। ऐसे लोगों का कुछ हो सकता है। राष्ट्रपति ने कहा कि चीफ जस्टिस डॉ डीवाई चंद्रचूड़ ने मुझे बताया कि ऐसे मामले होते हैं। लोग कंटेंम्प्ट में जा सकते हैं। आप सभी जज बैठे हैं, वकील बैठे हैं, कानून मंत्री यहां बैठे हैं। इसका कोई रास्ता है या नहीं। आप सबको इसका रास्ता निकालना चाहिए। उन्हें सही मायने में न्याय मिलना चाहिए।
ये जिम्मेदारी आप सबकी है। राष्ट्रपति ने कहा कि इसका रास्ता जरूर होगा। नियम हम बनाते हैं। अगर नियम नहीं है, तो नियम बनाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों को न्याय मिलना चाहिए। मैं चीफ जस्टिस के पास बहुत से लोगों को भेजूंगी। आज लोग मेरे पास नहीं पहुंच पाते, पहले बहुत से लोग आते थे। मैं उन्हें कहीं भेजती थी, लेकिन वो कहां गायब हो जाते थे, मुझे मालूम नहीं होता था। महामहिम ने एक बात बार-बार कही कि लोगों को असल न्याय मिलना चाहिए।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि आज भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की सबसे मजबूत और सबसे बड़ी नींव परस्पर विश्वास व परस्पर सम्मान है और इसका श्रेय ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले हर एक प्रवासी भारतीय और ऑस्ट्रेलिया के नागरिकों को जाता है।
अपने ऑस्ट्रलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी ने यहां के कूडोस बैंक एरिना में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते ब्रिस्बेन में भारतीय वाणिज्य दूतावास खोले जाने की भी घोषणा की। इस कार्यक्रम में समूचे ऑस्ट्रेलिया से आये, करीब 21000 लोग मौजूद थे। इस दौरान उत्साहित लोगों ने मोदी-मोदी के नारे भी लगायें।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में भारत को युवा देश बताते हुए कहा है दुनिया के सबसे ज्यादा युवा और टैलेंट फैक्ट्री भारत देश में मौजूद है। पीएम मोदी ने कोरोना काल को भी याद करते हुए कहा है कि भारत ने ही पूरी दुनिया में सबसे तेज वैक्सीनेशन प्रोग्राम चलाया था।
पीएम मोदी ने हजारों प्रवासी भारतीयों के सामने कहा है कि भारत फिलहाल दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई बड़ी इकोनोमी है। भारत में पूरी दुनिया का सबसे ज्यादा स्मार्टफोन डेटा कंज्यूम किया जाता है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि भारत इंटरनेट यूजर्स और मोबाइल मेनुफैक्चरिंग के मामले में दुनिया में दूसरे नंबर पर है।
मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच भौगोलिक दूरी जरूर है, लेकिन हिंद महासागर इन्हें आपस में जोड़ता है, जीवनशैली भले अलग-अलग हों पर अब योग भी इन्हें जोड़ता है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट से तो दोनों देश ना जाने कब से जुड़े हुए हैं, लेकिन अब टेनिस और फिल्में भी इन्हें जोड़ रही हैं।
मोदी ने कहा कि जब ऑस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाज शेन वार्न का निधन हुआ तो लाखों भारतीय भी दुखी थे। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था का चमकता सितारा बताये जाने का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि विश्व बैंक के अनुसार अगर कोई देश वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है तो वह भारत है।
मोदी ने कहा कि भारत ने सबसे चुनौतीपूर्ण समय में भी रिकॉर्ड निर्यात किया है। उन्होंने कहा कि भारत के पास क्षमता की कोई कमी नहीं है और संसाधनों की भी कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज, जिस देश में दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे कम उम्र की प्रतिभा का कारखाना है... वह भारत है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के शहर ब्रिस्बेन में भारतीय वाणिज्य दूतावास खोले जाने और आने वाले दिनों में दोनों देशों के प्रमुख शहरों के बीच विमानों की संख्या बढ़ाये जाने की भी घोषणा की।
मोदी ने कहा कि सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों के साथ जुड़ना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि आज मैं आपके पास आया हूं, तो एक घोषणा भी करने जा रहा हूं। ब्रिस्बेन में भारतीय समुदाय की बहुत समय से जो मांग थी, उसे पूरा किया जायेगा। जल्द ही ब्रिस्बेन में भारत का एक वाणिज्य दूतावास खोला जायेगा।
उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की गहरी होती साझेदारी प्रत्येक भारतीय को सशक्त करेगी, क्योंकि उनके पास प्रतिभा और कौशल की ताकत है और साथ ही अपने सांस्कृतिक मूल्य भी हैं। उन्होंने कहा कि यह मूल्य आपको ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ घुल मिलकर रहने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रांची के बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कीं। राष्ट्रपति बिरसा मुंडा चौक से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक के लिए रवाना हुई। थोड़ी ही देर में अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर वहां परमवीर अल्बर्ट एक्का की मूर्ति पर माल्यर्पण किया। जिसके बाद वह राजभवन के लिए रवाना हुईं।
रांची का ट्रैफिक जाम : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजभवन के लिए रवाना हो गयी है। इस दौरान ट्रैफिक जाम हो गया। लगभग आधे घंटे तक ट्रैफिक रुका रहा।
भारत की पहली नागरिक महामहिम के साथ राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और सीएम हेमंत सोरेन भी थे।
टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे को देखते हुए अगले तीन दिनों तक झारखंड पुलिस हाई अलर्ट पर रहेगी। राष्ट्रपति सुरक्षा को लेकर सीनियर आईपीएस अफसरों सहित कई दूसरे अफसर अपनी अपनी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। झारखंड पुलिस के सीनियर आईपीएस अधिकारी एडीजी मुख्यालय एमएल मीणा 24 मई देवघर में तैनात रहेंगे।
24 मई को राष्ट्रपति बाबा बैजनाथ मंदिर में भगवान शिव का दर्शन करेंगी। 25 मई को राष्ट्रपति खूंटी जायेंगी, खूंटी में रांची रेंज के आईजी पंकज कंबोज सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। एडीजी एमएल मीणा के अलावा देवघर में धनबाद की ग्रामीण एसपी रेशमा रमेशन, जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी मुकेश लुनायत, कोडरमा के एसडीपीओ प्रवीण पुष्कर को भी देवघर में तैनात किया गया है।
25 मई के राष्ट्रपति के खूंटी में आयोजित कार्यक्रम को लेकर रांची रेंज के आईजी पंकज कंबोज खूंटी में ही तैनात रहेंगे। खूंटी में पंकज कंबोज के अलावा जैप 10 के कमांडेंट आईपीएस धनंजय सिंह, आईआरबी के कमांडेंट अनूप लाल, एसटीएफ एसपी संजय किस्पोट्टा, सरायकेला एसडीपीओ हरविंदर सिंह भी खूंटी में तैनात रहेंगे।
राजधानी रांची में भी राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर कई आईपीएस को अहम जिम्मेदारियां दी गयी हैं। जैप वन कमांडेंट वाईएस रमेश, सीआईडी एसपी निधि द्विवेदी, जमशेदपुर रेल एसपी ऋषभ झा, जमशेदपुर के सिटी एसपी विजय शंकर, हजारीबाग के एएसपी ट्रेनिंग कुमार शिवदीप, जामताड़ा के एएसपी ट्रेनी ऋतिक श्रीवास्तव, पलामू के एसडीपीओ ऋषभ गर्ग को रांची में तैनात किया गया।
वहीं, रांची रेंज के डीआईजी अनूप बिरथरे सुरक्षा के वरीय प्रभार में हैं। आईपीएस अफसरों के अलावा रांची में 115 इंस्पेक्टर, 717 सब इंस्पेक्टर, 2820 लाठीबल, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्कॉड के साथ साथ रैप और महिला बटालियन भी तैनात किया गया है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड अर्बन इन्फ्राट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जुडको के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तावित जोनल ब्यूटीफिकेशन एंड रीडेवलपमेंट ऑफ एक्जिस्टिंग स्ट्रीट एंड रिलेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर फ्रॉम अल्बर्ट एक्का चौक टू कचहरी चौक एंड सराउंडिंग एरियाज इन रांची के मास्टर प्लान का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन रखा।
जुडको द्वारा प्रस्तावित इस कार्य योजना के तहत रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक और आसपास के क्षेत्र में मौजूदा सड़क और बुनियादी ढांचे का सौंदर्यकरण तथा पुनर्विकास कार्यों से संबंधित मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित कार्य योजना के मास्टर प्लान की विस्तृत जानकारी ली, मास्टर प्लान के प्रत्येक पहलुओं को गहराई से समझा तथा अपनी ओर से कई आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिये।
मास्टर प्लान के तहत उक्त क्षेत्रों में मुख्य रूप से वेंडिंग जोन के साथ तीन मल्टीलेवल पाकिंर्ग का निर्माण, ग्रीन एरिया का विस्तारीकरण, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण कार्य तथा कचहरी चौक से जेल चौक तक अंडर बाईपास रोड का निर्माण सहित विभिन्न बुनियादी ढांचों के सौंदर्यकरण सहित अन्य कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में मुख्यमंत्री सोरेन ने जुडको के अधिकारियों से कहा कि हमारी सरकार रांची वासियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सड़कें मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। रांची के कई महत्वपूर्ण सड़कों पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य प्रगति पर है। शहर के बुनियादी ढांचे को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने का कार्य भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुडको आधुनिक तकनीक का उपयोग कर रांची शहर के बुनियादी ढांचों के विकास के लिए ठोस और बेहतर कार्य योजना बनाकर ससमय योजनाओं को पूरा करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक तथा रातू रोड चौक से कचहरी होते हुए जेल चौक तक सड़कों का चौड़ीकरण तथा सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाना अत्यंत आवश्यक है। रांची के इन प्रमुख सड़कों में ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है।
प्रत्येक दिन जाम की स्थिति बनती है। इन सड़कों को व्यवस्थित कर लोगों को जाम की स्थिति से बचाया जा सकेगा तथा राहगीरों का समय और पैसा दोनों बचेगा। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव सह नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे, प्रोजेक्ट डायरेक्टर टेक्निकल, जुडको गोपाल जी तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रत्यूष चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 24 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होनेवाला है। इसको लेकर रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम व विश्राम स्थल के आसपास के इलाके पर अभी से पैनी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर रांची के तीन जगहों को रेड जोन बनाया गया है। यहां किसी प्रकार की कोई भी असामान्य गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
जिला प्रशासन की तरफ से जारी सूचना के अनुसार, रांची में 3 रेड जोन बनाये गये हैं। यह रेड जोन 24 से 26 मई तक लागू रहेगा। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यहां रहेंगी और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। उनकी सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
24 मई को आ रहीं झारखंड
तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मई को झारखंड आ रही हैं। सबसे पहले वे देवघर आयेंगी। यहां बाबा बैजनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद वे रांची आयेंगी।
यहां नवनिर्मित उच्च न्यायालय का उद्घाटन करने के बाद राजभवन में विश्राम करेंगी। वहीं 25 मई को ट्रिपल आईटी नामकुम में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। फिर 26 मई को दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगी।
ये इलाके रेड जोन घोषित
जारी सूचना के अनुसार, राष्ट्रपति के रांची भ्रमण के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर की परिधि क्षेत्र को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है। एसएसपी द्वारा ड्रोन नियम 2021 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह घोषणा की गयी है। रांची आने पर राष्ट्रपति राजभवन में रहेंगी व नवनिर्मित उच्च न्यायालय एवं ट्रिपल आईटी नामकुम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
बता दें कि धुर्वा स्थित नवनिर्मित उच्च न्यायालय भवन के 2 किलोमीटर की परिधि, ट्रिपल आईटी नामकुम के 2 किलोमीटर की परिधि और राजभवन के 2 किलोमीटर की परिधि क्षेत्र को अस्थायी रूप से रेड जोन घोषित किया गया है। यह 24 से 26 मई 2023 तक लागू रहेगा। इस दौरान रेड जोन में कोई भी व्यक्ति बिना किसी पदाधिकारी की अनुमति के बिना ड्रोन का परिचालन नहीं कर सकेगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सोमवार को फिजी के प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका ने देश के सर्वोच्च सम्मान, द कम्पेनियन आफ द आर्डर आफ फिजी (सीएफ) से सम्मानित किये गये।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने पापुआ न्यू गिनी की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी में तीसरे फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोआपरेशन (एफआईपीआईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय वार्ता के लिए मुलाकात की।
प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका के हाथों से पुरस्कार स्वीकार करते हुए, श्री मोदी ने धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि मुझे कम्पेनियन आफ द आर्डर आफ फिजी प्रदान करने के लिए फिजी के लोगों और सरकार का आभारी हूं।
मैं पुरस्कार प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री राबुका को धन्यवाद देता हूं। यह भारत के लोगों के लिए एक सम्मान है और दोनो देशों के बीच मजबूत संबंधों की पहचान है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse