एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईद-उल-जुहा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे हुए भारतीयों, विशेष रूप से हमारे मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
उन्होंने कहा कि ईद-उल-जुहा प्रेम, त्याग और बलिदान का पवित्र त्योहार है। यह त्योहार हमें त्याग के मार्ग पर चलने और नि:स्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। आइये, इस अवसर पर हम सब समाज में आपसी भाईचारे और परस्पर सौहार्द को बढ़ाने की राह पर आगे बढ़ने का संकल्प लें।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई संचालित करने का निर्णय लिया है। श्रीमती वंदना भारती तत्कालीन अंचल अधिकारी नाला जामताड़ा के विरुद्ध अनुशासनहीनता अनधिकृत अनुपस्थिति प्राथमिकी दर्ज करने में जान-बूझकर विलंब करना सरकारी वाहन का दुरुपयोग एवं सरकारी कार्यों के निष्पादन में उदासीनता संबंधी आरोप द्वारा गठित आरोप पत्र में प्रतिवेदित है प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया है।
महेश्वर महतो तत्कालीन अंचल अधिकारी जमशेदपुर के विरुद्ध तत्कालीन अपर उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम के फर्जी पत्र संख्या से प्रेषित अभिलेख में दिए गए तथाकथित आदेश के आलोक में अनाबाद झारखंड सरकार के खाते की भूमि का अवैध नामांतरण करने कर्तव्य के प्रति उदासीनता तथा घोर लापरवाही बरतने संबंधी राजस्व निबंधन एवम भूमि सुधार विभाग से प्राप्त आरोपपत्र प्रतिवेदित है प्रथम दृष्ट्या प्रमाणित पाया गया है।
वासुदेव प्रसाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोड्डा के विरुद्ध सुंदर पहाड़ी प्रखंड के एसएफसी गोदाम में चीनी एवं नमक के संधारण में अनियमितता जेएसएफसी गोदाम का समय-समय पर निरीक्षण नहीं करने विलंब से निविदा करने एवं अवशेष बचे हुए चना गोटा चना दाल का वितरण ससमय से नहीं करने संबंधी आरोप जैसा कि खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग झारखंड रांची के माध्यम से प्राप्त उपायुक्त गोड्डा के द्वारा गठित आरोप पत्र में प्रतिवेदित है प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार (विभागीय जांच पदाधिकारी) को संचालन का अधिकारी नियुक्त किया गया है।
ऑनलाइन जुड़ेंगे सभी जिलों के डीसी टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की समीक्षा करने वाले हैं। झारखंड मंत्रालय में दिन के 11 बजे से होने वाली इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के सचिव रहेंगे। बैठक में जिला स्तर पर समीक्षा करने के लिए सभी डीसी ऑनलाइन जुड़ेंगे। सरकार का मानना है कि इस कार्यक्रम से आम लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिलने में सहायता मिली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह अभियान ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में है, जिसके माध्यम से बड़ी संख्या में आवेदन निष्पादित हुए हैं और लोगों को लाभ मिला है। सरकारी कार्यालयों से जुड़ी आम लोगों की छोटी-मोटी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से हेमंत सरकार द्वारा आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की शुरुआत पिछले वर्ष 12 अक्टूबर से की गयी थी। इस अभियान के तहत राज्य सरकार के द्वारा राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, विकलांगता, बिजली संबंधी समस्या, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, फूलो झानो आशीर्वाद योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने का उद्देश्य था। इसके लिए बड़ा अभियान शुरू किया गया था। आंकड़ों के मुताबिक, इस अभियान के तहत 55,44,554 आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित सरकार को प्राप्त हुए, जिसमें से 55,36,636 आवेदन निष्पादित कर दिये गये हैं। वहीं 7,918 आवेदन अभी प्रक्रियाधीन है। इस अभियान के तहत नया राशन कार्ड बनाना, वृद्धावस्था पेंशन, पुराने हैंडपंप की मरम्मत, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना, धोती साड़ी लूंगी योजना, राशन डीलर संबंधित शिकायतें, विधवा पेंशन, पेंशन शिकायतें, विभिन्न तरह के प्रमाणपत्रों से संबंधित शिकायतें, किसान क्रेडिट कार्ड छात्रवृत्ति योजना से संबंधित आवेदन का निष्पादन किया जाता है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस प्रगति, नवाचार एवं बेहतर कनेक्टिविटी का द्योतक है। उन्होंने कहा कि हमारे कुशल अभियंताओं एवं तकनीशियनों द्वारा स्वदेशी रूप से निर्मित यह अत्याधुनिक ट्रेन हमारे देश की तकनीकी क्षमताओं के विकास को प्रदर्शित करता है एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राज्य के 57 स्टेशनों का होगा पुनर्विकास
राज्यपाल आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किये गये रांची-पटना वन्दे भारत ट्रेन के उद्घाटन के अवसर पर रांची रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रांची-हजारीबाग-कोडरमा नई लाइन जिसकी परिकल्पना 1999 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी, आज वह पूर्ण हो गयी और इस मार्ग पर अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस चलायी जा रही है।
यह सिर्फ ट्रेन नहीं है, बल्कि यह प्राधानमंत्री के नेतृत्व में बदलते भारत की सुनहरे तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है, यह विकसित भारत बनने की दिशा में प्रतिबद्धता को प्रकट कर रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा राज्य के 57 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जायेगा और उन्हें विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने की योजना है।
प्रधानमंत्री का झारखंड से रहा है विशेष लगाव
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का झारखंड राज्य से विशेष लगाव रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में गरीबों के लिए वरदान सबसे बड़ी बीमा योजना आयुष्मान भारत योजना झारखंड की ही धरती से प्रारम्भ हुआ था। हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री ने बाबानगरी देवघर में एम्स दिया।
साथ ही लोगों की आंकांक्षाओं को देखते हुए विभिन्न परियोजनाओं का उदघाटन किया गया है। वे खादी शिल्क को निरंतर बढ़ावा दे रहे हैं। यह हमारे सम्पूर्ण राज्यवासियों के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति को झारखंड के तसर शिल्क से बने शॉल भेंट किया।
राज्यपाल ने इस अवसर पर रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन में स्कूली छात्रों के साथ संवाद किया। इसके पश्चात उन्होंने रांची-पटना वन्दे भारत ट्रेन में नामकुम स्टेशन से मेसरा रेलवे स्टेशन तक का सफर किया। उन्होंने रांची-पटना वन्दे भारत ट्रेन समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री का सम्पूर्ण राज्यवासियों की ओर से आभार प्रकट किया।
इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी रांची के सांसद संजय सेठ विधायक सीपी सिंह और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मध्य प्रदेश में भोपाल के रानी कमलापति पहुंचेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखायेंगे। श्री मोदी कल जबलपुर से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
रेलवे ने बताया कि जबलपुर-आरकेएमपी से जोड़ने वाली 20174 यह ट्रेन करीब 330 किलोमीटर का सफर मात्र चार घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलने वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस मार्ग में नर्मदापुरम, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
श्री मोदी जिन पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखायेंगे उनमें रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत, खजुराहो-भोपाल-इंदौर-वंदे भारत, मडगांव-मुंबई वंदे भारत, धारवाड़-बेंगलुरू वंदे भारत और हटिया-पटना वंदे भारत शामिल हैं।
रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर) को मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र (भोपाल) से जोड़ेगी। इससे भेड़ाघाट, पचमढ़ी और सतपुड़ा जैसे पर्यटन स्थलों को भी लाभ होगा। वहीं खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस मालवा क्षेत्र (इंदौर) और बुंदेलखंड क्षेत्र (खजुराहो) से मध्य क्षेत्र (भोपाल) की कनेक्टिविटी में सुधार करेगी। इससे महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो, पन्ना जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को फायदा होगा।
मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी। दो स्थानों को जोड़ने वाली वर्तमान में संचालित तेज ट्रेनों की तुलना में यह ट्रेन यात्रा समय में लगभग एक घंटे की बचत करने में मदद करेगी।
धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक के महत्वपूर्ण शहरों-धारवाड़, हुबली और दावणगेरे को राज्य की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी। इससे क्षेत्र के पर्यटकों, छात्रों और उद्योगों से जुड़े लोग लाभान्वित होंगे। वहीं हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत होगी। दोनों राज्यों की राजधानी पटना और रांची के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने वाली यह ट्रेन पर्यटकों, छात्रों और व्यापारियों के लिए वरदान साबित होगी।
रेल मंत्री के अनुसार, अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस इस क्षेत्र के लोगों को तेज गति और सुविधा पूर्वक यात्रा करने का साधन प्रदान करेगी। इससे प्रदेश के पर्यटन, शिक्षा और अर्थव्यवस्था में विकास होगा। इस ट्रेन को मेक इन इंडिया के तहत तैयार किया गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। 1 जुलाई से कई ऐसे बदलाव होने जा रहे है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। ऐसे में आपको इन बदलावों के बारे में जानकारी होना जरूरी है। इन बदलावों में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत से लेकर क्रेडिट-कार्ड और सीएनजी-पीएनजी की कीमतें शामिल हैं। आइए आपको बताते है कि 1 जुलाई से कौन से बदलाव होने जा रहे हैं।
रसोई गैस की कीमतों में बदलाव
सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस की कीमतों में बदलाव करती हैं। पिछले महीने मई और अप्रेल की पहली तारीख को कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कटौती की गयी थी। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियम
विदेश में क्रेडिट कार्ड के जरिए किए जाने वाले खर्च पर एक जुलाई से टीसीएस शुल्क का प्रावधान लागू हो सकता है। इसके तहत, खर्च 7 लाख रुपये से अधिक होने पर 20 फीसदी टीसीएस का भुगतान करना पड़ेगा।
हालांकि, शिक्षा एवं चिकित्सा से संबंधित खर्च होने पर यह शुल्क घटकर 5 फीसदी हो जायेगा। वहीं, विदेश में शिक्षा के लिए कर्ज लेने वाले करदाताओं को पर 7 लाख से अधिक राशि पर 0.5 फीसदी टीसीएस शुल्क का भुगतान करना पड़ेगा। हर महीने की शुरुआत में सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में बदलाव होता है।
ट्रेडिंग अकाउंट का केवाईसी जरूरी
अगर आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं, तो 30 जून तक अपना ट्रेडिंग अकाउंट केवाईसी करवा लें, वरना आपका अकाउंट अस्थायी रूप से बंद हो सकता हैं। अगर ऐसा होता है तो आप न तो शेयर खरीद पायेंगे और न ही बेच पायेंगे।
क्रिप्टो करंसी में निवेश पर 1 फीसदी टैक्स
1 जुलाई से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने वालों के लिए बड़ा बदलाव हो रहा है। अब क्रिप्टो में पैसा लगाने वालों को भी 1 फीसदी टीडीएस देना होगा। साथ ही, आपको बता दें कि इसमें आपको घाटा होने पर भी आपको टीडीएस देना होगा।
झारखंड मंत्रालय में 26 जून 2023 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। जो इस प्रकार हैं:-
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची और बिहार की राजधानी पटना के बीच रेल मंत्रालय 27 जून से आठ कोच वाली वंदे भारत ट्रेन का परिचालन प्रारंभ करेगा। इसकी तीसरी और अंतिम परीक्षण यात्रा रविवार को सफल रही।
रविवार को तीसरी परीक्षण यात्रा रही सफल
हाजीपुर जोन में दक्षिण-पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी बीरेन्द्र कुमार ने बताया कि आठ कोच वाली इस तेज गति यात्री ट्रेन की रविवार को तीसरी परीक्षण यात्रा पूर्णतया सफल रही। इससे पूर्व 12 और 18 जून को क्रमशः इस ट्रेन की पहली और दूसरी परीक्षण यात्रा की गयी थी।
ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करने की संभावना
उन्होंने आगे बताया कि अब यह ट्रेन 27 जून को उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है और 28 जून से दोनों शहरों के बीच वंदे भारत ट्रेन का नियमित परिचालन भी प्रारंभ हो जायेगा। ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऑनलाइन किये जाने की संभावना है।
सप्ताह में 6 दिन करेगी पटना के लिए प्रस्थान
दक्षिण पूर्व रेलवे ने एक बयान में शनिवार को कहा था कि रेल मंत्रालय ने यह सुनिश्चित किया है कि पटना-रांची-पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन किया जायेगा। ट्रेन संख्या 02439 रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस रांची से उद्घाटन के पश्चात दिन में साढ़े दस बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 22349 पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 28 जून से सप्ताह में छह दिन (मंगलवार छोड़ कर) पटना से प्रस्थान करेगी।
पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस लिस्ट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह सुबह 7 बजे पटना जंक्शन से खुलेगी और दोपहर 1 बजे तक रांची स्टेशन पहुंचेगी और उसके बाद दोपहर 1:20 बजे हटिया स्टेशन पहुंचेगी। लौटते समय यह हटिया से दोपहर 3:55 बजे रवाना होगी, शाम 4:15 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी और रात 10:10 बजे अंतिम स्टॉप पटना जंक्शन पहुंचेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse