एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन से सात जुलाई के बीच कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगी और इस दौरान वह दो दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी तथा कमजोर आदिवासी समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति भवन ने रविवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति सोमवार को कर्नाटक के मुद्देनाहल्ली स्थित श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वह शाम को राज्य के राजभवन में पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों) के सदस्यों के साथ संवाद करेंगी। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, चार जुलाई को राष्ट्रपति मुर्मू हैदराबाद में आयोजित अल्लुरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती के समापन समारोह में हिस्सा लेंगी और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगी।
बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति बुधवार को गोंडवाना विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी और नागपुर के कोराडी में भारतीय विद्या भवन के सांस्कृतिक केंद्र का भी उद्घाटन करेंगी। इसमें कहा गया कि राष्ट्रपति छह जुलाई को नागपुर स्थित राजभवन में पीवीटीजी के सदस्यों से संवाद करेंगी तथा महाराष्ट्र सरकार द्वारा उनके सम्मान में मुंबई स्थित राजभवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भी हिस्सा लेंगी।
टीम एबीएन, देवघर। श्रावणी मेले को लेकर देवघर सज-धज कर तैयार हो गया है। तीन जुलाई को झारखंड सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख झारखंड के प्रवेश द्वार दुम्मा बॉर्डर पर श्रावणी मेले का उद्घाटन करेंगे। श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने दुम्मा बॉर्डर से लेकर बाबा मंदिर तक कांवरियों के लिए छावनी की व्यवस्था की है।
साथ ही गंगा से लाए रेत को कांवरियों की सुविधा के लिए जगह-जगह बिछाया गया है। इस बार जिला प्रशासन ने पैदल कांवरियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मलमास के कारण इस बार सावन दो माह का होगा।
इस संबंध में देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन ने जगह जगह पर कांवरियों की सुविधा के लिए सेल काउंटर बनाया है। वहीं मेला के सफल संचालन के लिए 21 ओपी मेला क्षेत्र को बांटा गया है। इन ओपी क्षेत्र में मेला व्यवस्था के कार्यों जैसे पंडाल निर्माण, पथ प्रकाश, कांवरियों के लिए पेयजल, शौचालय, वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था आदि सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात की व्यवस्था के लिए पुख्ता तैयारी कर ली गयी है। मेले के दौरान 1200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे एक्टिव रहेंगे। मेला क्षेत्र में सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर 726 पुलिस पदाधिकारियों सहित मेला में 8700 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
कतार में लगने वाले कांवरियों को अगर किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां होती है, तो उनके लिए प्रशासन ने इसीजी की व्यवस्था की है। प्रशासन ने नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स और बाबा मंदिर के ट्रामा सेंटर में डिजिटल इसीजी मशीन लगाई है।
जिसकी जरूरत पड़ने पर इसीजी आसानी से कराया जा सकेगा। इसीजी की रिपोर्ट ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के मोबाइल मैसेज के द्वारा आ जाएगा। जिसके बाद कांवरियों का इलाज किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल का संक्षिप्त विस्तार होगा। शिक्षा मंत्री के पद पर रहते हुए 6 अप्रैल को दिवंगत हुए जगरनाथ महतो की जगह उनकी पत्नी बेबी देवी को मंत्री बनाया जाना तय हो गया है। उन्हें तीन जुलाई को मंत्री पद की शपथ दिलाई जायेगी।
दोपहर में राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बेबी देवी मंत्री पद की शपथ लेंगी। जगरनाथ महतो गिरिडीह के डुमरी विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के विधायक थे। चेन्नई में इलाज के दौरान उनके निधन के बाद 90 दिनों से डुमरी विधानसभा के उपचुनाव और मंत्री पद की शपथ को लेकर कयास चल रहे थे।
पहले जगरनाथ महतो के बेटे अखिलेश महतो के चुनाव लड़ने और मंत्री बनने की चर्चा चल रही थी। लेकिन, उनकी उम्र 25 वर्ष से कम होने की वजह से अब स्व महतो की पत्नी को मंत्री बनाया जाना तय हुआ है।
बेबी देवी ही होंगी उम्मीदवार
यह भी तय माना जा रहा है कि डुमरी विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही होने वाले उपचुनाव में बेबी देवी ही झामुमो की उम्मीदवार होंगी। बेबी देवी ने जून के दूसरे सप्ताह में जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की थी। सीएम हेमंत सोरेन पहले भी इस तरह का प्रयोग कर चुके हैं।
हेमंत सोरेन ने मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद उनके पुत्र हफीजुल हसन अंसारी को वर्ष 2021 में बगैर विधायक बने मंत्रिमंडल में जगह दी थी। बाद में वह उपचुनाव में झामुमो उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे थे।
6 अप्रैल 2023 को हुआ था टाइगर का निधन
बता दें कि जगरनाथ महतो काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में गुरुवार, 6 अप्रेल 2023 की सुबह 8.40 बजे में अंतिम सांस ली। आपको बता दें कि जगरनाथ महतो लंबे समय से बिमार चल रहे थे। हाल ही में उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर चेन्नई भेजा गया था। 56 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली।
महतो को झारखंड में टाइगर कहा जाता था। महतो ने झारखंड आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी। उनका जन्म 1 जनवरी 1967 को हुआ था। इस खबर के बाद से ही झारखंड में शौक की लहर है। महतो के निधन पर तमाम राजनीतिक दलों ने दुख व्यक्त किया है। महतो डूमरी से जेएमएम के विधायक थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। चार जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेला के दौरान बाबानगरी में 15 नो एंट्री जोन घोषित किये गये हैं। नो-एंट्री जोन में आटो व टोटो (ई-रिक्शा) को भी चलने नहीं दिया जायेगा। नो-एंट्री जोन में जिला प्रशासन द्वारा निर्गत पास वाले वाहन ही चल सकेंगे।
वहीं, बिना पास वाली गाड़ियों में इमरजेंसी सेवा वाले वाहन जैसे अग्निशमन, तेल टैंकर, पानी टैंकर, एंबुलेंस व पीसीआर आदि के चलने की अनुमति रहेगी। साथ ही, चिह्नित स्थलों के अलावे अन्यत्र पार्किंग करने पर गाड़ियों से फाइन भी वसूला जायेगा। इसके अलावे श्रद्धालुओं की गाड़ियों के लिए चार वाहन पड़ाव बनाये गये हैं।
देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार असुविधा न हो इसके मद्देनजर शहर में 15 नो एंट्री जोन चिह्नित घोषित किया गया है। श्रद्धालुओं के बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश निषेध रहेगा। सभी गाड़ियों के लिए झरना चौक, मंदिर मोड़ से शहीद आश्रम रोड तक जाने के लिए वन-वे होगा।
इस वन-वे का प्रयोग बसें नहीं करेंगी। बैजनाथपुर मोड़ की तरफ से आने वाली स्कूल बस, शव वाहन, एंबुलेंस, बाईक, रिक्शा, ठेला, सरकारी वाहनों को छोड़कर सभी गाड़ियां शहीद आश्रम से बायें मुड़कर कुंडा होते हुए आगे जायेगी। दुमका से देवघर आने वाली बस हिंडोलावरन से तपोवन होते हुए चरकीपहाड़ी से कुंडा मोड़ व बस स्टैंड जायेगी।
गोड्डा से देवघर आने वाली बसें चौपा मोड़ से बायें मुड़कर हिंडोलावरन, चरकीपहाड़ी, कुंडा मोड़ होते हुए बस स्टैंड जायेंगीं। देवघर बस स्टैंड से खुलने वाली बसें गोड्डा-दुमका जाने के लिए कुंडा शहीद आश्रम रोड, बैजनाथपुर होते हुए जायेंगीं। गिरिडीह और जसीडीह जाने वाली बसें पुराना कुंडा थाना मोड़, कोरियासा बाइपास, परमेश्वर चौक होकर जायेंगी।
गिरिडीह व जसीडीह द्वारा देवघर जाने वाली बसें रोहिणी मोड़, रोहिणी, परमेश्वर चौक, कोरियासा बाइपास, सारवां मोड़ होते हुए बस स्टैंड तक जायेंगी। जसीडीह-देवघर रूट की आटो रिक्शा थाना मोड़ से अंदर जाकर नेताजी रोड साइबर थाना के आगे जायेंगी। साइबर थाना के आगे एलआइसी आफिस तक सड़क के किनारे बायीं ओर पार्क होगी व एलआइसी मोड़ से निकलकर जसीडीह तक जायेगी।
मोहनपुर-देवघर रोड की आटो व मैक्सी अपने निर्धारित स्टैंड पानी टंकी के समीप व ट्रेकर स्टैंड से खुलकर मंदिर मोड़ होते मोहनपुर जायेगी। मोहनपुर से आने के क्रम में शहीद आश्रम मोड़ होते कुंडा होते हुए स्टैंड जायेगी।सारवां-देवघर रूट के आटो रिक्शा की पार्किंग सर्राफ स्कूल के दोनों तरफ होंगी, जो कुंडा होते हुए चलेंगी।
जसीडीह से सभी आटो रिक्शा नये चिह्नित स्थल पर पार्क होगी। मालवाहक सभी ट्रक अपने-अपने नो-एंट्री प्वाइंट से रात 10:30 बजे के बाद शहर में प्रवेश करेगी। माल खाली कर उक्त सभी ट्रक सुबह सात बजे के पहले शहर से बाहर चले जायेंगे। ट्रेन रैक के ट्रक टावाघाट से बायें देवपुरा, रिखिया रोड, मोहनपुर, चौपा मोड़ होते हुए रात 10:30 बजे से सुबह सात बजे तक चलेंगे।
स्थानीय बसों के लिए जिला प्रशासन द्वारा पास निर्गत किया जायेगा, ताकि स्थानीय बसों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं हो। देवघर से दुमका-बासुकीनाथ जाने के रास्ते मंदिर मोड़ के समीप किसी भी प्रकार के वाहनों का पड़ाव पूर्णत: वर्जित रहेगा।
हरिहरबाड़ी में कोई गाड़ी नहीं लगे, यह यातायात प्रभारी सुनिश्चित करेंगे।क्लब ग्राउंड में आटो रिक्शा का पड़ाव कराया जायेगा। इसके लिए वहां पुलिस की ड्यूटी रहेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची से पटना के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का परिचालन 28 जून से शुरू हो चुका है। यात्रियों का आवागमन भी जारी है। साथ ही लोगों को वंदे भारत में सफर करने में आनंद भी आ रहा है, लेकिन अब लोगों को रेलवे की तरफ से दो और बड़ी सौगात मिलने वाली है।
जल्द ही रांची से हावड़ा व बनारस के लिए भी ट्रेनों का परिचालन किया जायेगा। रांची से पटना चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन के समय रांची के सांसद संजय सेठ भी मौजूद थे। उद्घाटन भाषण के दौरान उन्होंने कहा था कि रांची वासियों को दो और वंदे भारत की सौगात मिलने वाली है।
इनमें पहली वंदे भारत ट्रेन सितंबर से पहले रांची से हावड़ा के लिए मिलेगी। वहीं दूसरे का परिचालन रांची से बनारस के बीच किया जायेगा। रांची से बनारस के लिए वंदे भारत ट्रेन फाइनल स्टेज पर है। इसकी घोषणा भी जल्द होगी।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है एवं एक अधिकारी को आरोप मुक्त किया है
राज्य सरकार ने तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतापपुर श्री शहंशाह अली खान को आरोपों से मुक्त किया है।
श्री राजेश कुमार सिन्हा तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी चतरा नगर परिषद पर और असंच्यात्मक प्रभाव से एक वेतन वृद्धि का दंड अधिरोपित किया है।
श्रीमती शैल प्रभा कुजुर तत्कालीन मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी धनबाद नगर निगम के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया है।
श्री अभय कुमार तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी नौडीहा बाजार के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया हैं ।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, साहिबगंज। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन से शुक्रवार सुबह जिले के बरहरवा स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर पहुंचने के साथ मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी गर्मजोशी के साथ उनका बुके देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया।
स्टेशन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सीधे अपने पतना स्थित आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां आराम करने के बाद हूल दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
177 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हूल दिवस के अवसर पर शहीद सिदो-कान्हू के गांव भोगनाडीह पहुंचेंगे। तमाम कार्यक्रम के बाद सरकारी कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने इसे लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री 177 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही परिसंपत्तियों का वितरण भी करेंगे।
डीडीसी प्रभात कुमार ने कहा कि हूल दिवस पर मेला का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 20 विभिन्न विभागों का स्टॉल लगाया जा रहा है। इस अवसर पर दो डॉक्टर व अनुकंपा पर दो लोगों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा। लाभुकों को सावित्री बाई फुले किशोरी योजना और कन्यादान योजना से लाभान्वित किया जायेगा।
किसानों को ट्रेक्टर दिया जायेगा। एसएचजी महिला ग्रुप को 10 करोड़ का चेक दिया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों बाबा साहब अंबेडकर आवास की स्वीकृति दी जायेगी। लाभुकों को पेंशन भी दिया जायेगा। उन्होंने आगे कहा कि छह पहाड़िया पुरुष व महिला को देसी मक्का और बरबट्टी का बीज दिया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ विद्रोह का प्रतीक हूल दिवस पर सभी वीर शहीदों को नमन किया है।
राज्यपाल ने सिदो-कान्हू, चांद- भैरव, फूलो-झानो सहित सभी वीर शहीदों को कोटि-कोटि नमन किया। साथ ही कहा कि इनकी गौरव गाथाएं भावी पीढ़ियों को सदैव मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse