एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशवासियों को जन्माष्टमी पर्व की बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा- जन्माष्टमी की बहुत-बहुत बधाई। श्रद्धा और भक्ति का यह पावन अवसर मेरे सभी परिवारजनों के जीवन में नयी ऊर्जा और नये उत्साह का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण!
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इस समय दक्षिण पूर्वी राष्ट्रों के संगठन आसियान शिखर सम्मेलन और 18वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हैं।
टीम एबीएन, कोडरमा। राष्ट्रीय मानवाधिकार अपराध एवं नियंत्रण ब्यूरो के बैनर तले शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रणधीर वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुमार सिंह के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षकों को एनएचआरसीसीबी ने शिक्षक प्रेरणा सम्मान प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बताते चलें कि कोडरमा जिलाध्यक्ष रवि छाबड़ा की अध्यक्षता में प्राथमिक विद्यालय असनाबाद झुमरीतिलैया में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालय के चार शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी जगनाथ प्रसाद को प्रखंड मीडिया प्रभारी आलोक कुमार सिन्हा एवं जिलाध्यक्ष रवि छाबड़ा को विद्यालय के शिक्षक रविन्द्र कुमार यादव ने बुके दे कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापिका इंदु कुमारी, सहायक शिक्षिका सीता कुमारी, सहायक अध्यापिका कुमारी मीता एवं सहायक अध्यापक रवींद्र कुमार यादव को एनएचआरसीसीबी की टीम के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से जहां शिक्षकों का हौशला बढ़ता है। वहीं संगठन के कार्य की भूमिका भी दिखती है।
वहीं दूसरी ओर आदर्श मध्य विद्यालय कोडरमा के प्रधानाध्यापक अश्वनी तिवारी, संजीत भारती, मंटु कुमार, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के प्रभारी ओम प्रकाश सिन्हा, राजकीयकृत उच्च विद्यालय कोडरमा के दिनेश कुमार गुप्ता को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो (रजि. 0483/2017 मुख्य कार्यालय नई दिल्ली ) नीति आयोग भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त है एवं भारत सरकार के मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम 1993 के तहत मानवाधिकार की प्रचार -प्रसार एवं रोकथाम के लिए कार्य करता है।
मौके पर महिला विंग की जिलाध्यक्ष शगुफ्ता प्रवीण, मीडिया प्रभारी राम कुमार सिंह,सक्रिय सदस्य अरविंद एकघरा, अमन कपसीमे, प्रदीप सुमन, प्रेम भारती इत्यादि उपस्थित थे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। लखनऊ मंडल के गोरखपुर कैंट (छावनी) यार्ड पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से रांची रेल मंडल से परिचालित कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है।
इसके तहत ट्रेन संख्या (15027) हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन छह और सात सितंबर, 2023 को अपने निर्धारित प्रस्थान समय के स्थान पर 90 मिनट देर से हटिया से खुलेगी।
इसके अलावा नौ सितंबर, 2023 को यह ट्रेन अपने निर्धारित प्रस्थान समय के स्थान पर 240 मिनट यानी चार घंटे देर से हटिया से प्रस्थान करेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या (15028/ 15027) गोरखपुर-हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन छह से 11 सितंबर, 2023 तक गोरखपुर कैंट (छावनी) स्टेशन से छपरा स्टेशन के बीच सभी स्टेशनों पर ठहराव होगा।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट तथा असाधारण योगदान के लिए दिये जाने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म पुरस्कारों के वास्ते ऑनलाइन नामांकन तथा सिफारिशें इस महीने की 15 तारीख तक की जा सकती हैं।
पद्म पुरस्कार वर्ष 1954 में स्थापित किये गये थे और इनके तहत पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।
ये पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान तथा इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामले, नागरिक सेवा, व्यापार और उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों एवं सेवा के लिए दिये जाते हैं।
भारत के सभी नागरिक जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। चिकित्सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कार के लिए पात्र नहीं हैं।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। एक देश-एक चुनाव के लिए केंद्र सरकार की तरफ से गठित की गई कमेटी की आज पहली बैठक होगी। बताया गया है कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के घर पर ही उनकी अध्यक्षता में यह मीटिंग हो सकती है। समिति के सदस्य दोपहर बाद इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए जुट सकते हैं।
कानून मंत्रालय के मुताबिक, इस समिति का नेतृत्व पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। समिति में गृहमंत्री अमित शाह, राज्यसभा में विपक्ष के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद, वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष एनके सिंह, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष सी कश्यप, वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे और पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी आमंत्रण के बावजूद इस समिति में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।
एक सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उच्च स्तरीय समिति की बैठकों में भाग लेंगे। समिति का गठन पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले किया गया है। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को समिति के गठन की जानकारी दी थी।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी में 50 स्थान पर इमरजेंसी कॉल बॉक्स लगाये गये हैं। जिसका इस्तेमाल संकट के समय आम लोग कर सकेंगे। इमरजेंसी कॉल बॉक्स का ट्रायल मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। इसके लिए बकायदा शहर के सभी थानेदारों को स्मार्ट सिटी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में ट्रेनिंग भी दी गयी।
इमरजेंसी कॉल बॉक्स का हेल्प बटन दबाने से ही वह सीधे पुलिस कंट्रोल रूम में कनेक्ट हो जायेगा। इसके लिए किसी भी तरह के फोन या मोबाइल की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिस व्यक्ति के द्वारा हेल्प बटन दबाया जायेगा। वह सीसीटीवी कैमरे के जरिये कंट्रोल रूम में बैठे पुलिसकर्मियों को नजर भी आयेगा।
कंट्रोल रूम में बैठे पुलिसकर्मी कैमरे के माध्यम से सहायता मांगने वाले व्यक्ति को देखकर, यह जान भी जायेंगे कि वह किस परिस्थिति में है। आवश्यक जानकारी मिलने के बाद उस व्यक्ति की मदद के लिए पीसीआर या टाइगर पुलिस को मौके पर भेजा जायेगा।
रांची के धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम में रांची के सभी थानेदारों को इमरजेंसी कॉल बॉक्स को लेकर ट्रेनिंग दी गयी। पुलिसकर्मियों को अभी निर्देश दिया गया है कि वह इसका जोर शोर से प्रचार प्रसार करें ताकि लोगों को इसके संबंध में जानकारी हासिल हो सके और वह पुलिस की सहायता ले सकें।
रांची के सीनियर एसपी किशोर कौशल ने बताया कि फिलहाल इमरजेंसी कॉल बॉक्स का ट्रायल चल रहा है, जल्द ही से पूरे शहर में सभी 50 बॉक्स को एक साथ चालू कर दिया जायेगा। इसके लिए राजधानी रांची में 50 स्थान पर कॉल बॉक्स लगाये गये हैं।
राजधानी के भीड़भाड़ वाले 50 स्थान पर इमरजेंसी कॉल बॉक्स लगाया गया है। कॉल बॉक्स पर हेल्प बटन बनाया गया है, जैसे ही कोई उस बटन को दबाता है बॉक्स से आवाज आने लगती है। वह आवाज सीधे पुलिस कंट्रोल रूम में जाती है इसके साथ ही कॉल बॉक्स के पास लगे कैमरे ऑन हो जाते हैं और जो व्यक्ति मदद मांग रहा है वह पुलिसकर्मियों को साफ-साफ दिखायी देने लगता है।
उसकी आवाज भी स्पष्ट सुनायी देती है। इमरजेंसी कॉल बॉक्स का प्रचार प्रसार जोर शोर से करने की रणनीति पर रांची पुलिस कम कर रही है ताकि शहर में मुसीबत में फंसे लोगों की मदद मिल सके।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जी-20 सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधि न केवल दुनिया के ज्वलंत मुद्दों और आर्थिक विषयों पर चर्चा करेंगे बल्कि वे लजीज भारतीय व्यंजनों का भी लुत्फ उठायेंगे।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अनुपस्थिति में हो रहे इस सम्मेलन में जी-20 के राष्ट्रध्यक्षों की पत्नियां और महिला प्रतिनिधियों को केन्द्र सरकार ने आधुनिक स्वरूप में बने भारतीय प्राचीन व्यंजनों के रसास्वादन के लिए आमंत्रित किया है।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, पूसा में मेहमानों को मोटे अनाजों (श्रीअन्न) के बने पकवानों को न केवल चखने के लिए बल्कि इसे बनाने और वैश्विक थाली में सजाकर परोसने के लिए आमंत्रित किया है। इसके लिए पूसा में "लाइव कुकिंग एरिया" का निर्माण किया गया है।
प्राचीन मोटे अनाज विशेषकर ज्वार, बाजरा, रागी आदि से पकवानों को तैयार करने के लिए विश्व के तीन प्रसिद्ध रसोइयों कुणाल कपूर, अजय चोपड़ा और अनहिता ढुंढी को विशेष रूप से बुलाया गया है। इसके अलावा आईटीसी समूह के दो शेफ कुश माथुर और निकिता के साथ ही कुछ अन्य सहयोगियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
जी-20 के प्रतिनिधियों का मुख्य भोजन मोटे अनाजों पर आधारित होगा। इसकी विशेषता यह है कि इनमें स्टार्टर, सलाद और मीठे पकवान मोटे अनाजों पर आधारित होंगे।
अनहिता मोटे अनाजों से राव तथा बाजरा और कच्चे केले से टिक्की बनायेंगी।
इसके साथ ही कुछ कचौड़ी बनायी जायेंगी जिसके अंदर मोटे अनाजों को भरा जायेगा। कुणाल ज्वार और मशरूम की खिचड़ी बनायेंगे। इस खानपान के दौरान बाजरे का ठेकुवा विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा।
उल्लेखनीय है कि ठेकुवा बिहार का प्रसिद्ध मीठा पकवान है। इसके साथ ही मेहमानों को नींबू और श्रीखंड से बनी मिठाई परोसी जायेगी। इस आयोजन के दौरान छह कृषि स्टार्टअप की एक खूबसूरत प्रदर्शनी का भी आयोजन जायेगा।
यह स्टार्टअप अपने नवीनतम प्रौद्योगिकियों का डिजिटल प्रदर्शन करेंगे। लिंजा कार्ड जैसी विश्व प्रसिद्ध स्टार्टअप अपने डिजिटल प्लेटफार्म पर किसानों के ऊपर वैल्यू चेन के असर को प्रदर्शित करेंगे।
इसी तरह से एग्रोनेट किसानों के लिए मृदा जांच की ढेर सारी प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। इस आयोजन की थीम जलवायु स्मार्ट कृषि, कृषि मूल्य श्रृखंला का नवाचार, कृषि रसद आपूर्ति श्रृखंला में क्रांतिकारी बदलाव तथा कृषि को सशक्त बनाना रखा गया है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कर नौ मुद्दों पर चर्चा करने को कहा है।
सोनिया गांधी ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी में संसद के विशेष सत्र में आर्थिक स्थिति, किसान संगठनों के साथ समझौते, अडाणी समूह के खुलासे, जातीय जनगणना की मांग, संघीय ढांचे पर हमले, समेत नौ मुद्दों पर चर्चा का आग्रह किया।
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में कहा कि संसद के विशेष सत्र के लिए सरकार की ओर से अब तक कोई एजेंडा सूचीबद्ध नहीं किया गया है।
सोनिया गांधी ने उम्मीद जताई कि संसद के विशेष सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा उठाये जाने वाले मुद्दों को रचनात्मक सहयोग की भावना के साथ लिया जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse