टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उर्स मुबारक के अवसर पर राजधानी रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की दरगाह पर अकीदत के साथ चादरपोशी कर राज्य के सर्वांगीण विकास, सलामती, सुख -समृद्धि और अमन-चैन की दुआ मांगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसालदार बाबा की दरगाह सामाजिक सद्भाव और सौहार्द की प्रतीक है। यह शांति, एकता, भाईचारा और प्रेम का पैगाम देती है। यह दरगाह वर्षों से हर धर्म और समुदाय के आस्था एवं श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है। इससे पूर्व दरगाह कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री का परंपरानुसार स्वागत किया गया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शाम यहां 4:30 बजे मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में एशियाई खेल 2022 में भाग लेने वाले भारतीय एथलीटों के दल के साथ बातचीत करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री द्वारा एशियाई खेलों 2022 में एथलीटों की उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है।
भारत ने एशियाई खेल 2022 में 28 स्वर्ण पदक सहित कुल 107 पदक जीते है। जीते गये पदकों की कुल संख्या के सिलसिले में एशियाई खेलों में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सारठ में सिकटिया बराज के पास आयोजित कार्यक्रम में देवघर और जामताड़ा के किसानों को 484 करोड़ की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री दोनों जिले के किसानों के लिए बहुत उपयोगी मेगा लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे।
रविवार को तैयारी का जायजा लेने जलसंसान विभाग के सचिव प्रशांत कुमार और देवघर डीसी विशाल सागर सिकटिया पहुंचे। अधिकारियों ने शिलान्यास स्थल, हैलीपेड और सभा स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद विभागीय सचिव और डीसी ने कंट्रोल रूम में अभियंताओं एवं जिले के आला अधिकारियों के साथ तैयारी की समीक्षा की। डीसी ने जानकारी दी कि हैलीपैड, शिलान्यास स्थल और सभा स्थल पर सारी तैयारी कर ली गयी है।
सभास्थल पर 8 से 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी है। कार्यक्रम दोपहर एक बजे से 2.30 बजे तक होगा। शिलान्यास समारोह को लेकर सभी जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी डॉ ताराचंद, विभागीय अभियंता प्रमुख नागेश मिश्र, मुख्य अभियंता मोतीलाल पिंगवा, कार्यपालक अभियंता जगेश्वर रजवार सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारी मौजूद थे।
टीम एबीएन, जमशेदपुर। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ट्राइफेड) द्वारा शनिवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में भव्य आदि महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, टाटा स्टील के उपाध्यक्ष(कॉरपोरेट मामले) चाणक्य चौधरी, विधायक जमशेदपुर पूर्वी सरयू राय, एमडी ट्राइफेड गीतांजलि गुप्ता, जमशेदपुर उपविकास आयुक्त मनीष कुमार, जमशेदपुर एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग की उपस्थिति में हुआ। समारोह में मीरा मुंडा समेत अन्य उपस्थित थे।
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आदि महोत्सव हमारे देश की जनजातीय संस्कृति, परम्पराओं और कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंचाने का एक प्रमुख मंच है। यह हमारे आदिवासी पूर्वजों, विभिन्न अद्वितीय आदिवासी समुदायों की संस्कृति, उनकी जीवनशैली और स्वयं आदिवासियों के योगदान का उत्सव है।
जमशेदपुर में आयोजित यह महोत्सव विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) और वन धन केंद्र लाभार्थियों सहित लगभग 336 जनजातीय कारीगरों और कलाकारों की मेजबानी कर रहा है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कार्यरत ऐसे पशु चिकित्सकों को कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग 17 अक्टूबर 2023 को सम्मानित करेगा, जो औसतन आधारभूत संरचना के बावजूद बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह जानकारी पशुपालन निदेशक आदित्य रंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि कृषि मंत्री बादल और विभागीय सचिव अबू बकर सिद्दिकी के निर्देश पर पशुपालन विभाग द्वारा करीब 450 पशु अस्पतालों का असेसमेंट किया जा रहा है। विभाग ने एक फॉर्मेट तैयार किया है जिसमें क्लीननेस, विजीबिलिटी एंड सेटअप ग्रीन कैंपस, दैनिक सेवा और डॉक्टर्स और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति के आधार पर सभी पशु अस्पतालों का असेसमेंट किया जा रहा है।
निदेशक ने बताया कि मार्किंग शीट में जिन अस्पतालों को बेहतर प्रदर्शन होगा, उन्हें सम्मानित किया जायेगा। विभाग ने जो फॉर्मेट तैयार किया है, वह नो कॉस्ट और लो-कॉस्ट पर आधारित है और सभी अस्पतालों का निरीक्षण एक टीम द्वारा किया जा रहा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को चालू वित्त वर्ष के लिए देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि के अनुमान को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखा है। केंद्रीय बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि भारत दुनिया की वृद्धि का इंजन बनने के लिए तैयार है।
श्री दास ने रिजर्व बैंक की द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा पेश करते हुए कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की धीमी पड़ती रफ्तार के बीच घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत मांग होने से जुझारू क्षमता दिखा रही है।
आरबीआई गवर्नर ने कौटिल्य के महान ग्रंथ अर्थशास्त्र को उद्धृत करते हुए कहा कि देश की प्रगति के लिए वृहद-आर्थिक स्थिरता और समावेशी विकास बुनियादी तत्व हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई तरह के और अप्रत्याशित झटकों से निपटने के लिए हमने जिस तरह का नीतिगत मेल किया है, उसने वृहद-आर्थिक एवं वित्तीय स्थिरता को मजबूती दी है।
उन्होंने कहा कि बाह्य क्षेत्र भी काफी हद तक प्रबंधन के लायक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि दशक भर पहले के दोहरे बहीखाते के दबाव की जगह अब दोहरे बहीखाते के लाभ की स्थिति है जिसमें बैंकों एवं कंपनियों दोनों के खाते मजबूत हैं।
उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था इस समय कठिन वित्तीय परिस्थितियों, भू-राजनीतिक तनाव लंबा खिंचने और बढ़ते भू-आर्थिक विखंडन के असर से सुस्त पड़ रही है।
आरबीआई गवर्नर ने कहा कि वैश्विक रुझानों के उलट घरेलू आर्थिक गतिविधियां जुझारूपन को दर्शाती हैं जो मजबूत घरेलू मांग से आती है। भारत दुनिया की वृद्धि का नया इंजन बनने के लिए तैयार है।
श्री दास ने कहा कि भू-राजनीतिक दबाव, वित्तीय बाजारों एवं ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव और जलवायु संबंधी घटनाएं वृद्धि परिदृश्य के लिए जोखिम पैदा करती हैं। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल करने का अनुमान रखा है।
आरबीआई ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत, तीसरी तिमाही में छह प्रतिशत और चौथी तिमाही में 5.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इन तिमाहियों में जोखिम को समान रूप से ध्यान में रखते हुए समूचे वित्त वर्ष के लिए वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
वहीं अगले वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में वास्तविक वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत रह सकती है। इसके पहले अगस्त की समीक्षा बैठक में भी आरबीआई ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 6.5 प्रतिशत वृद्धि का ही अनुमान जताया था।
आरबीआई गवर्नर ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिवेश में भी आगे बढ़ रही है और अपनी अंतर्निहित वृहद-आर्थिक बुनियाद और अन्य समर्थक बिंदुओं से ताकत हासिल कर रही है।
हालांकि, दास ने कहा कि जुलाई-सितंबर की तिमाही में कुछ खाद्य उत्पादों की कीमतें बढ़ने से मुद्रास्फीति में गिरावट के रुझान पर असर देखा गया है। आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष में खुदरा मुद्रास्फीति 5.4 प्रतिशत रहने का अनुमान बरकरार रखा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार 7 अक्टूबर को झारखंड के जमशेदपुर में राष्ट्रीय जनजातीय महोत्सव- आदि महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
जनजातीय कार्य मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 7-16 अक्टूबर तक ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ट्राइफेड) विशाल कार्यक्रम का आयोजन करा रहा है। इस महोत्सव में केंद्रीय जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रेणुका सिंह सरुता और बिश्वेश्वर टुडू भी शामिल होंगे।
आदि महोत्सव जनजातीय मामलों के मंत्रालय की एक वार्षिक पहल है जो जनजातीय उद्यमिता, शिल्प, संस्कृति, व्यंजन, वाणिज्य और सदियों पुरानी पारंपरिक कला की भावना का एक उत्सव है।
यह देश भर की जनजातियों की समृद्ध और विविध विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है। इस बार आयोजन स्थल पर 150 से अधिक स्टालों के साथ, इस कार्यक्रम में आदिवासी कला, हस्तशिल्प, प्राकृतिक उत्पाद और स्वादिष्ट व्यंजन शामिल होंगे।
महोत्सव विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) और वन धन केंद्र लाभार्थियों सहित लगभग 336 आदिवासी कारीगरों और कलाकारों की मेजबानी करेगा।
संगीत, कला, चित्रकला और व्यंजनों के अलावा यह महोत्सव कारीगरों से मिलने, उनके जीवन के तरीके के बारे में जानने और आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की गहरी समझ हासिल करने का अवसर प्रदान करता है। चूंकि 2023 को अंतरराष्ट्रीय बाजरा वर्ष के रूप में नामित किया गया है, इसलिए आदि महोत्सव में देश भर के आदिवासियों द्वारा उगाये गये बाजरा का भी प्रदर्शन किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के खिलाफ चल रहे एक मामले में कार्रवाई की है एवं एक अधिकारी को आरोप मुक्त किया है।
इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने संकल्प जारी किया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse