राज काज

View All
Published / 2023-10-16 20:59:44
सरकारी और निजी क्षेत्र में नौजवानों को बड़े पैमाने पर रोजगार दे रही सरकार : हेमंत सोरेन

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने माध्यमिक विद्यालयों के लिए चयनित 827 स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों को  सौंपा नियुक्ति पत्र, कहा- बच्चों का भविष्य संवारने में शिक्षकों की अहम भूमिका 
  • मुख्यमंत्री ने जी गुरुजी एप्प किया लॉन्च, सरकारी स्कूलों के बच्चे डिजिटल माध्यम से करेंगे पढ़ाई  
  • मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त शिक्षकों से कहा -  बच्चों का भविष्य संवारने  के साथ राज्य के विकास में  अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभायें 
  • मुख्यमंत्री ने कहा- जन भावनाओं को ध्यान में रखकर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही सरकार  

...और क्या बोले मुख्यमंत्री 

  • विकास को नया आयाम देने का हो रहा प्रयास  
  • हमारी सरकार में लिये गये कई ऐतिहासिक निर्णय आज देश के लिए मिसाल बन गये  
  • राज्य की जनता को विकास की कड़ियों से जोड़ रहे हैं  
  • गरीब, वंचित, दलित, महिला, युवा, किसान, मजदूर, समेत हर वर्ग और तबके के लोगों को आगे बढ़ाने का मार्ग कर रहे प्रशस्त 

टीम एबीएन, रांची। राज्य में बड़े पैमाने पर नियुक्तियों की प्रक्रिया जारी है। कई विभागों में नियुक्ति हो चुकी है तो कई पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।  इसी कड़ी में आज आपके बीच नियुक्ति पत्र का वितरण हो रहा है। आपसे उम्मीद है कि एक शिक्षक के रूप में आप बच्चों का भविष्य संवारने के साथ राज्य के विकास में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे। 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज डॉ रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची में आयोजित शिक्षक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने  माध्यमिक विद्यालयों के लिए चयनित स्नातक प्रशिक्षित 827 शिक्षकों में से 24 शिक्षकों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

पहली बार नियुक्ति नियमावली के तहत हो रही नियुक्तियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य गठन के दो दशक से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन कभी नियुक्ति नियमावली नहीं बन सकी। इस वजह से पहले जो भी नियुक्तियां हुई, वह विवादों के घेरे में आती रही। मामला न्यायालयों में पहुंचा। इस वजह से नियुक्तियों में तो विलंब हुआ ही, साथ ही भ्रष्टाचार की बातें लगातार सामने आई। 

हमारी सरकार ने पहली बार नियुक्ति नियमावली बनाकर विभिन्न विभागों में खाली पदों पर नियुक्तियां कर रही है। जेपीएससी का रिजल्ट रिकॉर्ड समय में जारी हुआ और इसमें 32 ऐसे अधिकारी बने, जो बीपीएल श्रेणी से आते हैं। यह इस बात का गवाह है कि जेपीएससी की परीक्षा में पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता बरती गयी और कहीं कोई विवाद पैदा नहीं हुआ।

निजी क्षेत्र में भी नौकरी के खुले द्वार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विभागों में तो नियुक्तियों का दौर चल ही रहा है। डॉक्टर, इंजीनियर, पशु चिकित्सक, आयुष चिकित्सक, कृषि पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी, पंचायत सचिव, नर्स और लिपिकों आदि के पदों पर नियुक्ति हो चुकी है। वहीं, रोजगार मेला लगाकर निजी संस्थानों और कंपनियों में भी लगभग 34 हजार नौजवानों को आॅफर लेटर मिल चुका है। सरकार का प्रयास है कि यहां के नौजवानों को अपने पैरों पर खड़ा कर सकें।

जन भावनाओं के अनुरूप काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जन भावनाओं के अनुरूप पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। राज्य की जनता को विकास की कड़ियों से जोड़ा जा रहा है। गरीब, वंचित, दलित, महिला, युवा, किसान, मजदूर, समेत हर वर्ग और तबके के लोगों के आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।

सरकार जो कहती है वह करती है 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है उसे निश्चित तौर पर पूरा करती है। मैं यह तो दावा नहीं करता कि राज्य की सारी समस्याओं का समाधान हो गया है। लेकिन, इस दिशा में  लगातार प्रयास कर रहे हैं। 

जनता की समस्याओं को विशेष प्राथमिकता के तौर पर दूर किया जा रहा है । यही वजह है कि हमारी सरकार से जनता की उम्मीदें और आकांक्षाएं भी काफी बढ़ रही है। हमारी सरकार तमाम चुनौतियां के बीच राज्य को नई दिशा करने का काम कर रही है। 

पूर्वजों के सपनों को पूरा करने का प्रयास 

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लंबे संघर्ष के बाद हमें अलग झारखंड राज्य मिला। लेकिन हमारे पूर्वजों ने राज्य के सर्वांगीण विकास का जो सपना देखा था, वह पिछले दो दशकों में पूरा नहीं हो सका। तमाम संसाधनों के बाद भी झारखंड की गिनती पिछड़े राज्यों में होती रही। लोगों की उम्मीदें लगातार टूटती रहीं। लेकिन, हमारी सरकार  पिछले 4 वर्षों से जिस तरह कार्य करती आ रही है, उससे विकास को एक नया आयाम मिल रहा है।

हमारी सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिये, जो आज देश के लिए मिसाल बन गये

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं, जो देश के लिए मिसाल बन गये हैं। हम यहां के आदिवासी, दलितों, पिछड़े और अल्पसंख्यकों को विदेश में पढ़ाई के लिए शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप दे रहे हैं। यूनिवर्सल पेंशन स्कीम के माध्यम से सभी बुजुर्गों , विधवाओं और दिव्यांगों को पेंशन दे रहे हैं। ऐसे और भी कई निर्णय हैं, जो यहां के लोगों को सशक्त और आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

प्रतिस्पर्धा का जमाना है ,उसी अनुरूप बच्चों को शिक्षा देने की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का जमाना है। ऐसे में सरकारी विद्यालयों के बच्चे पीछे नहीं रह जायें, इसी को ध्यान में रखकर सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों की तर्ज पर अपग्रेड किया जा रहा है। स्कूल आफ एक्सीलेंस खोले गये हैं। आदर्श विद्यालयों में शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। 

सभी श्रेणी के विद्यालयों में आधारभूत संरचना मजबूत किया जा रहा है। बच्चों को डिजिटल माध्यम से शिक्षा देने की पहल हो रही है। छात्रावासों का जीर्णोद्धार हो रहा है। हमारी कोशिश है कि सरकारी विद्यालयों के बच्चे भी आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में अपने को बेहतर साबित कर सकें।

बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को भी निखारें

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों से कहा कि आप स्कूलों में पठन-पाठन के साथ बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को पहचान कर उसे निखारने का काम करें। उन्होंने कहा की कई बच्चे खेल, चित्रकला, गीत, नृत्य और संगीत जैसे विधाओं में प्रतिभा संपन्न होते हैं, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल पाता है। ऐसे में आप उन्हें आगे लाने में अपनी अहम जिम्मेदारियां को जरूर निभायें।

जी गुरुजी एप्प की लॉन्चिंग 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा तैयार जी गुरुजी एप्प को लांच किया। इस एप्प के जरिए राज्य के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी डिजिटल कंटेंट के साथ आॅडियो-वीडियो माध्यम से विद्यालय के अलावा अपने घर में भी पढ़ाई कर सकते हैं।

मौके पर मंत्री आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के रवि कुमार, प्राथमिक शिक्षा निदेशक नेहा अरोड़ा, एसपीडी निदेशक किरण पासी और माध्यमिक शिक्षा निदेशक सुनील कुमार समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Published / 2023-10-14 21:11:22
झारखंड : राज्य को जल्द मिलेंगे 827 हाईस्कूल शिक्षक

सीएम हेमंत सोरेन 16 अक्टूबर को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

टीम एबीएन, रांची। लंबे समय से सरकारी नौकरी की आस लगाये 827 हाई स्कूल शिक्षक अभ्यर्थियों के नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के द्वारा 2016 में आयोजित परीक्षा में विभिन्न विषयों में सफल हुए इन अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा 16 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र वितरित की जायेगी। 

रांची के स्वर्गीय रामदयाल मुंडा फुटबॉल मैदान मोरहाबादी में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग से अनुसंशित सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दी जायेगी। 

मौके पर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता के अलावे राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची सांसद संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह को भी स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के द्वारा आमंत्रित किया गया है। 

दिन के 1 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही है। शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने जानकारी देते हुए कहा है कि 827 माध्यमिक शिक्षकों के नियुक्ति के बाद हाई स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों में कमी आयेगी। उन्होंने कहा कि इस मौके पर विभाग द्वारा तैयार एक डिजिटल शिक्षा आधारित एप को भी लॉन्च किया जायेगा।

Published / 2023-10-13 20:41:31
सीएम ने किया मैसकॉट का अनावरण

झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मैस्कॉट का अनावरण

टीम एबीएन, रांची। आगामी 27 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच खेली जाने वाली झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 के मैस्कॉट जूही का अनावरण शुक्रवार को यहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। 

मौके पर एफआईएच अध्यक्ष दातो तैयब इकराम, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री दिलीप तिर्की, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम में टूनार्मेंट के लिए ट्रॉफी टूर का भी शुभारंभ हुआ जो रांची से शुरू होकर राज्य के सभी जिलों में यात्रा करेगी। 

टूर्नामेंट में भारत के अलावा जापान, चीन, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। सविता कप्तान भारतीय महिला हॉकी टीम का नेतृत्व करेंगी जबकि दीप ग्रेस एक्का उप कप्तान होंगी। भारत टूनार्मेंट में अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा।

Published / 2023-10-13 20:40:09
कोल्हान के जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन जारी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर/ चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम के कोल्हान रिजर्व वन क्षेत्र के जंगलों में वर्षों से अपना मजबूत साम्राज्य स्थापित किये भाकपा माओवादी नक्सलियों का पैर उखाड़ने के लिए पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों ने बड़े स्तर पर आॅपरेशन प्रारंभ किया। 

सूत्रों की मानें तो यह आपरेशन 11 अक्टूबर से प्रारंभ किया गया है। भारी तादाद में पुलिस बल को विभिन्न थाना क्षेत्र के जंगल रास्ते कोल्हान जंगल में शरण लिये नक्सलियों के गढ़ में भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह नक्सलियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा आपरेशन है।

Published / 2023-10-13 20:24:07
राष्ट्रपति की पहल पर अब वैष्णो देवी का दर्शन होगा आसान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने माता वैष्णो देवी के भक्तों को दिया बड़ा तोहफा

एबीएन सेंट्रल डेस्क। माता वैष्णो देवी भक्तों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज श्री माता वैष्णो देवी मंदिर का दौरा किया और पुनर्निर्मित पार्वती भवन और स्काई वॉक का उद्घाटन किया। 

बता दें कि 15 करोड़ रुपये की लागत से बने स्काईवॉक और पार्वती भवन भक्तों के लिए सुरक्षा के लिहाज से अति महत्वपूर्ण सुविधा है।  यह स्काईवॉक माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में उस संकरे रास्ते पर बनाया गया है, जहां यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ रहती है। 

इस स्काईवॉक को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर के उस 300 मीटर ट्रैक पर बनाया गया है, जहां माता के दर्शन के लिए आने और जाने वाले यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित वैष्णो देवी तीर्थ स्थल पर जम्मू संभाग के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। 

एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) आनंद जैन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रतिष्ठित मंदिर की निर्धारित यात्रा से एक दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। 

राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार सुबह श्रीनगर पहुंचीं और वह अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम चरण में आज वीरवार को मंदिर गयी और पुनर्निर्मित पार्वती भवन और स्काईवॉक का उद्घाटन किया। स्काईवॉक पर काम पिछले साल अगस्त में शुरू हुआ था। यह भवन क्षेत्र के पास आने वाले और जाने वाले तीर्थयात्रियों की कतार अलग करने में मदद करेगा।

Published / 2023-10-13 20:11:07
पलामू : 64 कैदियों को जल्द जमानत देने की तैयारी

टीम एबीएन, पलामू। पलामू केंद्रीय कारागार में बंद 64 विचाराधीन कैदियों को जल्द ही जमानत पर रिहा कर दिया जायेगा। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि यह फैसला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विचाराधीन कैदी समीक्षा समिति की चार, पांच और 11 अक्टूबर को हुई बैठक के बाद लिया गया।

जिला विधि सेवा प्राधिकरण से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक वर्षों से कारागार में बंद विचाराधीन कैदियों की पहचान 17 श्रेणियों के तहत की गयी। विज्ञप्ति के मुताबिक श्रीवास्तव, जिला उपायुक्त शशि रंजन और अन्य संबंधित अधिकारियों ने सर्वसम्मति से कैदियों को जमानत पर रिहा करने के लिए सहमति दी।

Published / 2023-10-11 23:36:18
राज्य सूचना आयोग के पूर्व आयुक्तों के भत्ते में बढ़ोतरी

  • अब हर माह मिलेंगे 4200 रुपये, अधिसूचना जारी

टीम एबीएन, रांची। हेमंत सरकार ने झारखंड सूचना आयोग से रिटायर मुख्य सूचना आयुक्त, सूचना आयुक्त को मिलने वाले भत्ते एवं सेवा शर्त में संशोधन किया है।

केंद्रीय सूचना आयोग की तर्ज पर राज्य के पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त को आवास के लिए 1500 रुपये का (टेलीफोन-मोबाइल) कॉल की सुविधा थी, उसे बढ़ाकर 4200 रुपये प्लस टैक्स प्रतिमाह किया गया है।

इसमें अब ब्रॉडबैंड, इंटरनेट आदि शब्द भी जोड़ दिये गये हैं। पहले ये शब्द नहीं थे। इसके अलावा घरेलू सहायता के लिए संविदा पर हेल्पर को नियुक्त करने की सुविधा भी बढ़ी है। 

इन्हें हेल्पर को रखने के लिए न्यूनतम वेज 18,000 रुपये मासिक प्लस डीए के साथ भुगतान किया जायेगा। इस खर्च का भुगतान राज्य सरकार करेगी। इस संबंध में बुधवार को कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।

Published / 2023-10-11 18:42:31
टाटानगर से बनारस के लिए एक और वंदे भारत जल्द

झारखंड को मिलेगी एक और वंदे भारत की सौगात, ये रूट हुआ निर्धारित

टीम एबीएन, रांची। टाटानगर से बोकारो होकर बनारस तक जल्द ही आठ कोच की वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी। ट्रेन को पुरुलिया, बोकारो और गया के रास्ते बनारस ले जाने की तैयारी है। रेलवे पत्र के अनुसार, वंदे भारत प्रति घंटे 73 किमी से ज्यादा स्पीड से चलकर टाटा से बनारस तक 574 किमी की दूरी 7.50 घंटे में तय करेगी। 

टाटानगर से वाराणसी के लिए वंदे भारत सप्ताह में छह दिन सुबह 6 बजे खुलकर बनारस दोपहर में 1.50 बजे पहुंचेगी, जबकि बनारस से टाटानगर के लिए वंदे भारत ट्रेन दोपहर 2.35 बजे खुलकर रात 10 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी। हालांकि रेल अधिकारियों ने वंदे भारत को लेकर अभी कोई आदेश आने से इनकार किया है। 

मालूम हो कि वंदे भारत के परिचालन के लिए टाटानगर में नई कोचिंग पीट लाइन बनानी होगी, ताकि समय-समय पर कोच की मरम्मत हो सके। इससे छह महीने पूर्व निरीक्षण भी हुआ था। लेकिन दक्षिण पूर्व जोन से फिर कोई आदेश नहीं आया। 

विभिन्न राज्यों के रेलवे स्टेशन से अभी 38 वंदे भारत ट्रेन का परिचालन हो रहा है। जबकि रेलवे बोर्ड ने सितंबर में 25 नए मार्गों पर वंदे भारत चलाने का सर्वे कराया है, जो 2024 तक पटरी पर उतरेंगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में ही वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए 32 सौ नये कोच बनाने का आॅर्डर चेन्नई, कपूरथला और रायबरेली की कोच फैक्ट्रियों को दिया गया है।

Page 131 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse