राज काज

View All
Published / 2023-10-25 19:07:36
27 को सोशल मीडिया पर 1 घंटे का विशेष अभियान

नागरिकों से अपील

  • मतदान केंद्र पर जाकर अपने बीएलओ के साथ सेल्फी/ फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर बीएलओ का करें उत्साह वर्धन

टीम एबीएन, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार की पहल और निर्देश पर फेसबुक, ट्विटर आदि पर 1 घंटे का विशेष  हैश टैग अभियान 27 अक्टूबर को सुबह 11 से 12 बजे के बीच चलाया जाना निर्धारित है। मुझे अपने बीएलओ पर गर्व है... की थीम पर उक्त एक घंटे का अनूठा कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया जा रहा है। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि पूरी निर्वाचन प्रणाली में हमारे बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके कार्य को समुचित सम्मान देने व उनका उत्साहवर्धन करने के लिए आगामी 27 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11:00 बजे से 12:00 बजे के बीच 1 घंटे तक सोशल मीडिया पर हैश टैग अभियान चलाया जाना है। 

बताया कि 27 अक्टूबर को सभी बूथों के बीएलओ अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे ऐसे में राज्य के अधिकारियों, कर्मचारियों, मतदाताओं, विभिन्न वर्गों के सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, छात्र-छात्राओं से अपील की जा रही है कि वे अपने बूथ पर मौजूद अपने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ सेल्फी लेकर सुबह 11 से 12 बजे के बीच अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उपरोक्त हैशटैग के साथ पोस्ट करें। 

उन्होंने कहा कि उक्त अभियान न केवल मतदाता जागरूकता के लिए सहयोगी साबित होगा बल्कि पूरे निष्ठा से कार्य कर रहे सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के मनोबल को बढ़ाने वाला भी होगा। 

उन्होंने सभी जिलों में सक्रिय सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर युवाओं से भी अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने हेतु अपने स्तर से भी यथासंभव स्वैच्छिक सहयोग प्रदान करें।

Published / 2023-10-24 18:34:24
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी विजयादशमी पर देशवासियों को बधाई

एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी के पर्व पर देशवासियों को बधाई दी।

श्रीमती मुर्मू ने कहा कि दशहरा के पावन त्योहार पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने एक्स पर लिखा दशहरा, जिसे विजयादशमी के रूप में भी मनाया जाता है, हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस पावन पर्व पर मेरी मंगल कामना है कि हम सब पूरी मानवता के कल्याण की भावना के साथ सत्य और न्याय के पथ पर आगे बढ़ते रहें।

श्री मोदी ने भी विजयादशमी के पर्व पर देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा देशभर के मेरे परिवारजनों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व नकारात्मक शक्तियों के अंत के साथ ही जीवन में अच्छाई को अपनाने का संदेश लेकर आता है।

Published / 2023-10-21 22:26:07
रांची : एक अधिकारी होगी विभागीय कार्यवाही

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी पर विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया है। वही एक अधिकारी को निलंबन से मुक्त किया है। 

विवेक कुमार सुमन, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-399/20), तत्कालीन प्रभारी पदाधिकारी, जिला सामान्य शाखा गोड्डा एवं प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, गोड्डा के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित करने का निर्णय लिया है। 

असीम बड़ा, झा0प्र0से0 (कोटि क्रमांक-462/20), तत्कालीन अंचल अधिकारी, तिसरी, गिरिडीह, सम्प्रति- निलंबित को निलंबन से मुक्त किया है। 

इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने संकल्प जारी किया है।

Published / 2023-10-19 22:20:27
राज्य की स्वास्थ्य सेवा मजबूत बना रही सरकार : हेमंत सोरेन

राज्य स्थापना दिवस पर अपोलोे अस्पताल का होगा भूमि पूजन

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आम जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सीय सुविधाएं मिल सके। राज्य की जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में गुरुवार को सीएम की उपस्थिति में रांची स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निर्माण के लिए रांची नगर निगम और अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई के बीच सब लीज डीड पर हस्ताक्षर किया गया। अस्पताल का भूमि पूजन राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 15 नवंबर को होगा। 

15 को अस्पताल का भूमि पूजन 

सीएम ने अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई प्रबंधन से कहा कि वह इस अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को जल्द से जल्द शुरू करें। उन्होंने अस्पताल का भूमि पूजन 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर करने का निर्देश दिया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने सीएम को बताया कि जल्द ही 250 बेड के अस्पताल निर्माण का कार्य शुरू हो जायेगा। 

पहले चरण में यहां ओपीडी की शुरुआत होगी। अस्पताल में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। सामान्य चिकित्सक और पारा मेडिकलकर्मी झारखंड के होंगे। विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की  नियुक्ति की जायेगी। सीएम ने इस मौके पर कहा कि झारखंड में पहले स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत बेहतर नहीं रही है। 2019 में सरकार के गठन के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में लगातार काम हो रहा है। इस कड़ी में सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है। जांच और इलाज की आधुनिक सुविधायें उपलब्ध करायी जा रही हैं।

चिकित्सकों एवं पारा मेडिकल कर्मियों की नियुक्तियां हो रही है। सीएम ने उम्मीद जतायी कि अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ यह समझौता विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा। इससे यहां रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। स्मार्ट सिटी क्षेत्र की लगभग 2.75 एकड़ भूमि पर अपोलो अस्पताल का निर्माण कराया जायेगा। सब लीज 45 वर्षों के लिए किया गया है।

Published / 2023-10-18 23:41:08
झारखंड : हेमंत कैबिनेट ने दी 29 प्रस्तावों को मंजूरी

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक खत्म हो गयी है। 

बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना समेत 29 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी है। बताया गया है कि ग्राम गाड़ी योजना से झारखंड के एक करोड़ लोग लाभान्वित होंगे।

Published / 2023-10-18 23:32:08
हेमंत कैबिनेट ने इन प्रस्तावों पर लगायी मुहर

टीम एबीएन, रांची। बुधवार को हेमंत कैबिनेट की बैठक हुई, जिनमें कई प्रमुख प्रस्तावों पर मुहर लगायी गयी है। जिनमें प्रमुख हैं : 

  • जेल के अस्पतालों में जितने भी पारा मेडिकल स्टाफ कार्यरत हैं, उनकी सेवा नियमावली में संशोधन
  • पुरानी पेंशन योजना के तहत 700 करोड़ निवेश करने का प्रस्ताव पारित किया गया
  • डिप्लोमा पास छात्रों को विश्वविद्यालयों में अप्रेंटिसशिप करने का मिलेगा मौका
  • बीआरपी और सीआरपीएफ के मानदेय मत में 25% की बढ़ोतरी
  • जल सहियाओं के लंबित मानदेय भुगतान के लिए एक अरब रुपए की स्वीकृति 
  • झारखंड विधानसभा में नियुक्ति घोटाले की जांच के लिए एक सदस्यीय टीम का गठन
  • पथ निर्माण विभाग से गोड्डा के लिए 80 करोड़ 88 लाख रुपए की स्वीकृति
  • गोड्डा सुंदर डैम पथ निर्माण के लिए 55 करोड़ 77 लाख की स्वीकृति
  • गोड्डा मोहनपुर कर्मटांड मार्ग के लिए 67 करोड़ से अधिक राशि की स्वीकृति
  • सरायकेला कांड्रा सड़क के लिए 53 करोड़ राशि की स्वीकृति
  • 2018 में भारत बंद के दौरान जिन आदिवासियों पर मुकदमा हुआ था उसे वापस लेने पर सहमति
  • झारखंड ग्राम गाड़ी योजना के अधिनियम को कैबिनेट की सहमति
  • ट्रांसपोर्टर को मिलेगी कई रियायत, ट्रांसपोर्टर्स को गाड़ी चलाने पर मिलेगी सब्सिडी
  • विधायक योजना की राशि को लैप्स होने से बचने के लिए उसे राष्ट्रीयकृत बैंकों के खाते में रखा जा सकेगा
  • राज्य संपोषित योजना के तहत अबुआ आवास देने की योजना पर स्वीकृति
  • अबुआ आवास तीन कमरों का होगा, 8 लाख लाभुकों को 3 सालों में मिलेगा आवास

Published / 2023-10-18 20:24:57
सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पलामू पुलिस करेगी सख्त कार्रवाई

  • पलामू प्रमंडल में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर प्रशासन तैयार 
  • पलामू प्रमंडल में 1302 पूजा पंडाल, दशमी को होगी मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन 
  • चिह्नित 202 संवेदनशील पूजा पंडालों पर रहेगी विशेष नजर, सादे लिबास में प्रतिनियुक्त किये गये जवान व दंडाधिकारी 
  • सीसीटीवी की जद में रहेंगे पूजा पंडाल, हरेक गतिविधियों पर रहेगी कड़ी नजर 
  • प्रमंडलीय आयुक्त एवं जोनल आईजी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

टीम एबीएन, पलामू। पलामू प्रमंडल में शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है। प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिले पलामू, गढ़वा एवं लातेहार में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां की गयी है। 

लोक भावनाओं को आहत करने एवं सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त मनोज जायसवाल एवं जोनल आईजी राजकुमार लकड़ा ने कही। अधिकारीदव्य दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर आज आईजी सभागार में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रेसवार्ता में उपनिदेशक जनसंपर्क आनंद भी उपस्थित थे।  

आयुक्त और आईजी ने बताया कि पूजा के अवसर पर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वाले असमाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जायेगा। पलामू प्रमंडल में उपद्रवियों की पहचान कर ली गयी है। पलामू जिले में 86, गढ़वा में 100, एवं लातेहार जिले में 64 उपद्रवियों को अबतक चिह्नित किया गया है। 

इसके अलावा पूर्व के कांडो में संलिप्त पलामू जिले के 100, गढ़वा के 50 एवं लातेहार जिले के 50 आरोपितों को चिह्नित कर उनकी धर-पकड़ की कार्रवाई चल रही है। इससे अलावा धारा 107 के अंतर्गत पलामू जिले में 2002, गढ़वा में 608 एवं लातेहार जिले में 901 लोगों को नोटिस निर्गत करते हुए तामिला कराया गया है। साथ ही 50 से अधिक व्यक्तियों को बॉड-आॅन किया गया है। 

प्रमंडल क्षेत्र में 1302 पंडाल

पलामू प्रमंडल में  1302 पूजा पंडाल बनाये गये हैं। पलामू जिला में 581, गढ़वा जिले में 575 एवं लातेहार जिले में 146 पूजा पंडाल निर्मित है। पूर्व की घटनाओं एवं सीमावर्ती राज्य की सीमाओं पर अवस्थित पूजा पंडालों को संवेदनशील पूजा पंडाल के रूप में चिह्नित किया गया है। पलामू जिले में 66, गढ़वा में 89, एवं लातेहार जिले में 47 पूजा पंडालों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित करते हुए विशेष निगरानी की जा रही है।

चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था

दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस जवानों एवं पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ होमगार्ड के जवान लगाये गये हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। 

पूजा पंडाल एवं उसके आसपास सादे लिबास में पुलिसकर्मी एवं दंडाधिकारी भी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। पलामू जिले में 83 क्यूआरटी टीम, गढ़वा में 42 एवं लातेहार जिले में 30 क्यूआरटी टीम बनाया गया है। इसके अलावा आईआरबी, जिला पुलिस एवं होम गार्ड के जवान लगाये गये हैं। पलामू के लिए रैफ जवानों की एक कंपनी की भी मांग की गयी है। 

जरूरत पड़ने पर सीआरपीएफ की भी सेवा ली जायेगी। पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गयी है। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन से निगरानी होगी। इसके अलावा पूजा समिति के पदाधिकारियों से वोलेंटियर रखने का अपील किया गया है। वोलेंटियर का समिति द्वारा एक पहचान पत्र भी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा हो सके।

शांति समिति की बैठक में दिये गये हैं विशेष निर्देश

पलामू प्रमंडल के तीनों जिले में जिला स्तर से लेकर थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक संपन्न हो चुकी है। इसके अलावा उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने पूजा के मद्देनजर फ्लैग मार्च एवं निरीक्षण किया है। 

ट्रैफिक व्यवस्था में अतिरिक्त जवानों की तैनाती

दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है, ताकि पूजा पंडाल घूमने आने वाले एवं मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं हो।

सोशल मीडिया पर विशेष नजर

पूजा के मद्देनजर सोशल मीडिया पोष्ट पर विशेष नजर रखी जा रही है। आपत्तिजनक, भ्रामक एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले पोष्ट पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। 

वाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल पोस्ट को नियमित रूप से खंगाला जा रहा है। वाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट की स्थिति में ग्रुप एडमिन भी कार्रवाई के दायरे में आयेंगे। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से भी गतिविधियों की जानकारी ली जायेगी।

रात्रि 10 बजे के बाद डीजे की मनाही

माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार रात्रि 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर मनाही है। वहीं अन्य समयाकाल में भी भक्ति गाने ही बजाने की सलाह पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों को दी गयी है। पूजा समिति के सदस्यों से भी अपील की गयी है कि वे निर्धारित समयावधि में ही डीजे बजायें। आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गानों का प्रयोग बिल्कुल ही वर्जित है। 

साफ-सफाई का विशेष ध्यान

साफ-सफाई के लिए नगर निगम एवं नगर परिषद के माध्यम से पूजा पंडाल के आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। पूजा समिति की भी सफाई की अपनी व्यवस्था है। पंडाल में आने वाले श्रद्धालु भक्तों को किसी तरह की कोई कठिनाई नहीं होगी। आम श्रद्धालुओं एवं पूजा समिति के सदस्यों से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता को बनाये रखने में प्रशासन को मदद करें।  

निर्बाध विद्युत व्यवस्था

आयुक्त एवं आईजी ने बताया कि पूजा के मद्देनजर सभी स्ट्रीट लाइट को चालू किया जा रहा है। खराब स्ट्रीट लाइट का मरम्मत कार्य भी चल रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को अंधेरे का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा भीड़- भाड़ वाले इलाके एवं पंडाल के आसपास के लूज व ढीले तारों को दुरुस्त कर लिया गया है।

मिठाइयों की होगी जांच

पूजा के मद्देनजर बाजार में मिलने वाली मिठाइयों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री को लेकर दुकानों में छापेमारी कर मिलावटखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। विशेषकर मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रकार के दुकानों में छापेमारी कर नमूना संग्रह करने एवं आवश्यक कार्रवाई का निदेश दिया गया है।

Published / 2023-10-17 19:40:35
हॉकी चैंपियनशिप का भव्य आयोजन राज्य सरकार की प्राथमिकता : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ झारखंड (रांची) की मेजबानी में आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2023 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। 

पूरी तैयारी रखें, सुविधाओं में कोई कमी न रहे : मुख्यमंत्री 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ झारखंड (रांची) की मेजबानी में आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2023 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष अधिकारियों द्वारा झारखंड (रांची) की मेजबानी में आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाले वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2023 की तैयारियों की बिंदुवार विस्तृत जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से रखी गई।

हॉकी चैंपियनशिप का मिशन मोड में हो प्रचार-प्रसार

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2023 का भव्य आयोजन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह आयोजन राज्य सरकार द्वारा खेल के विकास के प्रति किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित करेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वूमेंस एशियन हॉकी चैंपियनशिप 2023 के आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे इसका पूरा ध्यान रखें। 

इस चैंपियनशिप का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार हो इस निमित्त मेकैनिज्म तैयार कर जल्द प्रचार-प्रसार शुरू करें। हॉकी चैंपियनशिप का प्रचार-प्रसार मिशन मोड में सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट एलइडी स्क्रीन्स पर सुनिश्चित किये जायें। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम के अंदर एवं बाहर जितनी एलइडी स्क्रीन्स लगी हैं उनकी गुणवत्ता में सुधार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे वृक्ष जो स्टेडियम की सुंदरता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं उनकी ट्रीमिंग भी की जाए। स्टेडियम के अंदर और बाहर साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें। 

स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा, आवागमन, 24७7 विद्युत प्रकाश का पुख्ता रहे इंतजाम

श्री सोरेन ने कहा कि हॉकी स्टेडियम के आसपास क्षेत्र में जितनी एलइडी लाइट्स खराब हैं उन्हें जल्द बदलें। चैंपियनशिप के दौरान शहर में 24 गुणा 7 बिजली व्यवस्था बहाल रहे। खिलाड़ियों एवं अतिथियों के आवागमन के लिए वाहन की पर्याप्त व्यवस्था करें। 

बैठक में मुख्यमंत्री ने स्टेडियम की तैयारी, विभिन्न कनेक्टिविटी, अतिथियों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल टीम के साथ-साथ एंबुलेंस का पुख्ता व्यवस्था रखें। 

मौके पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव वित्त अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, खेल विभाग के सचिव मनोज कुमार, नगर आयुक्त अमित कुमार, डीआईजी रांची अनूप बिरथरे, आईपीआरडी निदेशक राजीव लोचन बक्शी, खेल निदेशक सुशांत गौरव, उपयुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा, हॉकी इंडिया के सेके्रटरी जनरल भोला नाथ सिंह सहित राज्य सरकार एवं हॉकी इंडिया के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Page 130 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse