एबीएन सेंट्रल डेस्क। सरकार ने इस बार लंबे समय तक गर्मी रहने के अनुमान के कारण बिजली की मांग में वृद्धि को देखते हुए गैस आधारित सभी बिजली उत्पादन स्टेशनों को एक मई से 30 जून तक अपने संयंत्रों को चालू रखने का निर्देश दिया है। गैस-आधारित उत्पादन स्टेशनों (जीबीएस) के एक बड़े हिस्से का वर्तमान में, मुख्यतः व्यावसायिक कारणों से प्रयोग नहीं हो रहा है।
मंत्रालय ने इस गर्मी (अप्रैल से जून 2024) में 260 गीगावाट अधिकतम बिजली मांग का अनुमान लगाया है। पिछले साल सितंबर में बिजली की अधिकतम मांग 243 गीगावाट के उच्चतम स्तर पर पहुंच गयी थी। बिजली मंत्रालय के बयान के अनुसार, यह आदेश एक मई, 2024 से 30 जून, 2024 तक बिजली उत्पादन और आपूर्ति के लिए वैध रहेगा।
बयान के अनुसार, गैस-आधारित उत्पादन स्टेशनों से अधिकतम बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने बिजली अधिनियम, 2003 की धारा 11 के तहत सभी गैस-आधारित उत्पादन स्टेशनों को निर्देश जारी किये हैं। इनके तहत सरकार के निर्देश पर एक उत्पादन कंपनी असाधारण परिस्थितियों में किसी भी उत्पादन स्टेशन का संचालन और रख-रखाव कर सकती है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। इस बार अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू होगी और 19 अगस्त को समाप्त होगी। 15 अप्रैल से इसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो जायेगा। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने इसकी जानकारी दी है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भाजपा ने आज सुबह लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का घोषणापत्र जारी किया गया। बता दें, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 27 वरिष्ठ नेताओं की एक समिति ने घोषणापत्र तैयार किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस समिति की संयोजक हैं।
पीएम मोदी ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, भाजपा ने घोषणा पत्र की सुचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ - युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा फोकस नौकरी पर है।
घोषणापत्र में कहा गया है कि साल 2020 से 80 करोड़ से अधिक परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। अगले पांच वर्षों तक पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन देना जारी रखेंगे।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से हर महीने मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इन परिवारों का बिजली बिल जीरो हो जायेगा।
पार्क, खेल के मैदान जैसे अधिक हरित स्थानों का विकास करने का वादा किया गया है। वहीं झीलों और तालाबों जैसे जलाशयों को पुनर्जीवित करेंगे ताकि शहरों को पर्यावरण अनुकूल और लोगों के रहने योग्य सुविधायुक्त बनाया जा सके।
एक करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाकर सशक्त किया है। अब तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनायेंगे।
महिला एसएचजी को कौशल और संसाधनों के माध्यम से आईटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रिटेल और पर्यटन के क्षेत्रों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर प्रदान किये जायेंगे।
औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण करेंगे, जिसमें शिशुगृह जैसी बुनियादी सुविधाएं होंगी।
घोषणापत्र में कहा गया है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है। अब, इस कानून को सख्ती से लागू करके, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा देंगे।
आयुष्मान योजना में लाने का वादा
70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
घोषणापत्र में कहा गया है कि प्रमुख फसलों के लिए एमएसपी में अभूतपूर्व वृद्धि की है। समयबद्ध तरीके से एमएसपी में वृद्धि को जारी रखेंगे।
अन्नदाताओं को जरूरी कृषि इनपुट प्रदान करके पौष्टिक सब्जियों का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देंगे। साथ ही प्याज, टमाटर, आलू आदि जैसी आवश्यक सब्जियों के उत्पादन के लिए नये क्लस्टर स्थापित करेंगे। इन क्लस्टर्स में भंडारण और वितरण की सुविधाएं भी प्रदान करेंगे।
ट्रांसजेंडरों की जरूरतों को पूरा करने के लिए गरिमा ग्रह के नेटवर्क का विस्तार करेंगे। देश भर में ट्रांसजेंडर्स की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पहचान पत्र जारी करेंगे एवं सभी पात्र ट्रांसजेंडर को आयुष्मान भारत के अंतर्गत कवर करेंगे।
14 करोड़ से अधिक परिवारों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल सुलभ हुआ है। इस योजना का और अधिक विस्तार किया जायेगा।
भाजपा सरकार ने गरीबों को चार करोड़ पक्के घर बनाकर दिये हैं। अब जो अतिरिक्त जानकारियां राज्य सरकारों से मिल रही हैं, उन परिवारों की भी चिंता करते हुए तीन करोड़ घर और बनाने का संकल्प।
दिव्यांगों को अब पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जायेगी, उनकी विशेष जरूरतों के अनुसार उन्हें आवास मिल सके, इसके लिए विशेष रूप से काम किया जायेगा।
सहकारिता से समृद्धि के विजन पर चलते हुए भाजपा राष्ट्रीय सहकारिता नीति लेकर आयेगी। देशभर में डेयरी और सहकारी समितियों की संख्या भी बहुत बड़ी मात्रा में बढ़ायी जायेगी।
भाजपा देश के कोने-कोने में वंदे भारत ट्रेनों का भी विस्तार करेगी। देश में वंदे भारत के तीन मॉडल चला करेंगे- स्लीपर, चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो। उसी प्रकार से आधुनिक और विकसित भारत की दिशा में आज अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम तेजी से चल रहा है और करीब पूर्ण होने की ओर है।
टीम एबीएन, रांची। रामनवमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजधानी रांची में शनिवार को हाई लेवल मीटिंग हुई। गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड के डीजीपी के साथ साथ मुख्यालय के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। जबकि सभी जिलों के डीसी और एसपी वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
शनिवार को गृह सचिव वंदना दादेल की अध्यक्षता में रामनवमी की सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियां की समीक्षा की गयी। समीक्षा के दौरान राज्य के सभी जिलों के डीसी और पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने जिलों में रामनवमी को लेकर की गयी तैयारी का पूरा प्लान गृह सचिव और डीजीपी के सामने रखा।
झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड में रामनवमी की सुरक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय के द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। खासकर सभी संवेदनशील जिलों विशेष रूप से अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया गया है। अजय कुमार ने बताया कि राज्य के वैसे संवेदनशील जिले जहां पूर्व में सांप्रदायिक तनाव के मामले सामने आए हैं, वहां जिला पुलिस के अलावा स्पेशल फोर्स की तैनाती भी की जायेगी।
डीजीपी के अनुसार सभी जिलों में पुलिस असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखेगी, वहीं सभी जिलों को आदेश दिया गया है कि सभी वर्गों के गणमान्य लोगों के संपर्क में रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। रामनवमी को लेकर रांची, जमशेदपुर, धनबाद, पलामू, गिरिडीह, हजारीबाग जिले के एसपी को विशेष तौर पर अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।
डीजीपी के अनुसार राज्यभर के सांप्रदायिक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है सभी जिलों में उन लोगों की सूची बनाई जा रही है जो सांप्रदायिक कांडों में संलिप्त रहे हैं। ऐसे कांडों में शामिल लोगों पर पुलिस ने थाना स्तर पर क्या कार्रवाई की है, इसके बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है।
पूर्व में हुए झड़प के दौरान उत्पात में शामिल तत्वों के बारे में भी सभी थानों से जानकारी ली जा रही है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनपर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। घटना की वजह और उसकी पृष्ठभूमि में शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी इकठ्ठा की जा रही है।
कब जारी होगा JAC मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट ? सामने आयी बड़ी जानकारी टीम एबीएन, रांची। जैक ओर से ली गयी मैट्रिक की परीक्षा का रिजल्ट 20 अप्रैल को जारी होने की संभावना है। इसे लेकर जैक ने सारी तैयारी पूरी कर ली है। मैट्रिक परीक्षा की कॉपियों की जांच का कार्य पूरा हो गया है। मार्क्स फाइल भी तैयार कर ली गयी है। यह जानकारी जैक की ओर से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव को दी गयी है। वहीं, जैक की ओर से एक पत्र झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार को लिखा जा रहा है, जिसमें आदर्श आचारसंहिता के बीच छात्र हित को ध्यान में रखते हुए रिजल्ट जारी करने की अनुमति मांगी जायेगी। 20 अप्रैल को जारी होगा मैट्रिक का रिजल्ट जैक सचिव सच्चिदानंद तिग्गा ने बताया कि 20 अप्रैल को मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया जायेगा। वहीं, इंटर परीक्षा की कॉपियों की जांच का कार्य अभी कुछ जिलों में पूरा नहीं हो सका है। इस कारण इंटर की परीक्षा का रिजल्ट मैट्रिक के साथ नहीं जारी होगा। इंटर का रिजल्ट 17 मई के आसपास जारी होने की संभावना है। इस बार मार्क्स फाइल तैयार करने में उच्च तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिसका लाभ रिजल्ट तैयार करने में मिल रहा है।
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने निबंधक महानिरीक्षक झारखंड रांची के पद पर पदस्थापित आदित्य कुमार आनंद के लोकसभा आम चुनाव 2024 में असम राज्य के करीमगंज लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक कार्य हेतु प्रस्थान करने के फलस्वरूप उनके मुख्यालय से बाहर रहने की अवधि तक के लिए शशि प्रकाश सिंह निदेशक प्राथमिक शिक्षा झारखंड रांची को अपने कार्यों के साथ निबंधक महानिरीक्षक झारखंड रांची का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को होम्योपैथी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी, जिसमें देश विदेश के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने मंगलवार को यहां बताया कि श्रीमती मुर्मु विश्व होम्योपैथी दिवस पर नयी दिल्ली में दो दिवसीय वैज्ञानिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी।
सम्मेलन का विषय अनुसंधान को सशक्त बनाना, दक्षता बढ़ाना: एक होम्योपैथिक सम्मेलन होगा। सम्मेलन का उद्देश्य नैदानिक अभ्यास और स्वास्थ्य कार्यक्रमों में साक्ष्य- आधारित वैज्ञानिक उपचार को बढ़ावा देना, अनुसंधान- आधारित चिकित्सा विज्ञान में होम्योपैथिक को सक्षम बनाना, व्यक्तिगत, सुरक्षित तथा विश्वसनीय स्वास्थ्य देखभाल के लिए आबादी की जरूरतों को पूरा करने वाला स्वास्थ्य देखभाल केंद्र बनाना और होम्योपैथिक चिकित्सा को समृद्ध करना है।
सम्मेलन में आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, आयुष मंत्रालय के सीसीआरएच के महानिदेशक डॉ सुभाष कौशिक, राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अध्यक्ष डॉ अनिल खुराना और होम्योपैथी में पद्म पुरस्कार विजेता सम्मेलन में मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन में नीदरलैंड, स्पेन, कोलंबिया, कनाडा और बंगलादेश देशों के आठ प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी होगी।
टीम एबीएन, रांची। रांची शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ/बीएलओ सुपरवाईजर के साथ नगर निगम के सफाई कर्मचारी और सुपरवाईजर भी एक्शन में नजर आयेंगे। इसे लेकर आज दिनांक 02 अप्रैल 2024 को जिला स्कूल स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में नगर निगम के सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड नेहा अरोड़ा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, रांची राहुल कुमार सिन्हा, प्रशासक, नगर निगम अमित कुमार, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग सह उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, एसडीओ उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था), रांची राजेश्वर नाथ आलोक, उप निर्वाचन पदाधिकारी, रांची विवेक कुमार सुमन एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को मतदाता जागरुकता में उनकी भूमिका और वोटर लिस्ट में लोगों के नाम जोड़ने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गयी। ंनिगम क्षेत्र के सभी वार्डों के सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को दो अलग-अलग पालियों में प्रशिक्षण दिया गया।
बीएलओ, बीएलओ सुपरवाईजर, सफाई
कर्मचारी और सुपरवाईजर के लिए गर्व की बात : नेहा अरोड़ा
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती नेहा अरोड़ा ने कहा कि बीएलओ, बीएलओ सुपरवाईजर, सफाई कर्मचारी और सुपरवाईजर के लिए यह गर्व की बात है कि आप सभी को चुनाव प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आप सभी कि जिम्मेवारी है कि अपने निर्वाचन क्षेत्र से ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ें और मतदान के लिए उन्हें प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि रांची जिला में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आखिरी तारीख 25 अप्रैल है, आप सभी समन्वय बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में शहरी क्षेत्र के मतदाताओं का अहम रोल रहेगा, जिले की कुल आबादी का बड़ा हिस्सा शहरी मतदाताओं का है, पिछले कुछ वर्षों में शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम रहा है। इस बार बीएलओ, बीएलओ सुपरवाईजर के साथ नगर निगम के सफाई मित्र और पर्यवेक्षकों के साथ कार्य करने से हमारी पहुंच बढ़ेगी और ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान के प्रति जागरुक किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशासक नगर निगम अमित कुमार ने कहा कि आप सभी ने जिस तरह से सफाई के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है, हमें उम्मीद है कि निर्वाचन कार्य में भी आप अपनी उपयोगिता साबित करेंगे। उन्होंने सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत तीस के आसपास ही रहा है, यह किसी परीक्षा में पासिंग मार्क्स प्राप्त करने जैसा है। उन्होंने कहा कि सभी सफाई मित्र, सफाई पर्यवेक्षक, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के एकजुट प्रयास से हम अच्छे नंबरों से पास होने का प्रयास करें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse