राज काज

View All
Published / 2024-06-17 20:52:24
50 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहयोग करेगी चंपाई सरकार

मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने जमशेदपुर के मानगो स्थित गांधी मैदान मे की घोषणा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम जिला के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास कर कई योजनाओं का उद्घाटन किया और मौके पर परिसंपत्ति का वितरण किया है। मौके पर मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि एक बार फिर विकास को गति देने की अभियान की शुरुआत की गयी है। उन्होंने कहा की अगले माह से राज्य में 25 से 49 वर्ष की युवतियों और महिलाओं को प्रत्येक माह आर्थिक सहयोग राशि दी जायेगी। जबकि बिजली 125 यूनिट से बढ़ाकर 200 सौ यूनिट तक नि:शुल्क किया गया है। 

जमशेदपुर के मानगो स्थित गांधी मैदान मे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री दीपक बिरुवा, विधायक रामदास सोरेन, मंगल कालिंदी, झारखड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष और बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारी संख्या में लाभुक और आम जनता मौजूद थी।

पूर्वी सिंहभूम जिला के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर में 152 करोड़ 76 लाख 71 हजार रुपये की लागत वाली 182 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। 3 लाख 41 हजार 759 लाभुकों के बीच 68 करोड़ 96 लाख 67 हजार रुपए की परिसंपत्ति का वितरण किया है। 

मौके पर मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने बड़ी घोषणा करते हुए ने कहा कि अगले माह से 25 वर्ष से ज्यादा और 50 वर्ष से कम उम्र की सभी बहनों और माताओं को सरकार आर्थिक सहयोग करेगी।

Published / 2024-06-16 21:26:07
झारखंड : अब हर परिवार को मिलेगी 125 की जगह 200 यूनिट फ्री बिजली

सीएम चंपाई सोरेन ने की घोषणा

टीम एबीएन, सरायकेला खरसावां/ रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य के प्रत्येक परिवार को 125 यूनिट की जगह अब 200 यूनिट फ्री बिजली दी जायेगी। अबुआ अवास योजना के तहत तीन कमरेवाला मकान के साथ शौचालय भी दिया जायेगा। वे सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंर्तगत शहीद ग्राम मातकमबेड़ा में आयोजित विकास योजनाओं का शिलान्यास सह उद्घाटन एवं परिसंपत्ति वितरण योजना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 

सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य के गरीबों को घर देने के लिए अबुआ आवास योजना की शुरुआत की है, जो योजना जारी रहेगी। पचास साल से अधिक की महिलाओं को पेंशन देने की योजना शुरू की गयी है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति को मिलेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन माह की चुनावी व्यस्तता के बाद यह उनका पहला दौरा है, जहां वह शहीद के गांव से योजनाओं का शुभारंभ कर रहे हैं। 2019 में बहुमत के साथ बनी गठबंधन सरकार को भाजपा ने हर स्तर से अस्थिर करने का प्रयास किया, लेकिन गठबंधन मजबूत है और लोगों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

Published / 2024-06-16 21:21:08
झारखंड : कांग्रेस के पत्ता खोलने के बाद ही चंपई सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार संभव

झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के लिए चंपाई सोरेन सरकार को कांग्रेस का इंतजार

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार में कांग्रेस के मंत्री आलमगीर आलम के इस्तीफा देने के बाद से मंत्रिमंडल में दो पद रिक्त हो गया है। पूर्व से ही एक पद रिक्त था। अब सरकार चाहती है कि मंत्रिमंडल का विस्तार हो। सरकार को कांग्रेस की सूची का इंतजार है।

सूत्रों ने बताया कि आलमगीर आलम की जगह कांग्रेस किसे मंत्री बनाना चाहती है, अब तक सरकार को कोई नाम नहीं मिला है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर इन दिनों जम्मू-कश्मीर में हैं। वह 21 जून को पश्चिम बंगाल जायेंगे। फिर 22 जून को झारखंड को लौटेंगे।

इधर, चर्चा चल रही है कि 18 जून को झारखंड मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इस बाबत पूछे जाने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस जब नाम दे, तो उसी दिन मंत्रिमंडल विस्तार हो जायेगा। एक बर्थ कांग्रेस कोटे का ही खाली हुआ है। तो जाहिर है कांग्रेस के ही किसी विधायक को मंत्री बनाया जाना है। झामुमो फिलहाल मंत्रिमंडल की रेस में नहीं है।

Published / 2024-06-15 21:23:39
जी-7 शिखर सम्मेलन के समापन के बाद स्वदेश के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन समापन के बाद भारत के लिए रवाना हुए

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली की सफल यात्रा के बाद आज भारत के लिए रवाना हो गये, इस दौरान उन्होंने आउटरीच शिखर सम्मेलन में भाग लिया और कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया कि अपुलिया में जी-7 शिखर सम्मेलन में बहुत ही उपयोगी रहा। 

विश्व नेताओं से बातचीत की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ मिलकर, हमारा लक्ष्य ऐसे प्रभावशाली समाधान तैयार करना है जिससे वैश्विक समुदाय को लाभ हो और भावी पीढ़ियों के लिए एक बेहतर दुनिया का निर्माण हो। प्रधानमंत्री ने कहा- मैं इटली के लोगों और सरकार को उनके गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए धन्यवाद देता हूं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक पोस्ट में कहा कि इस यात्रा से शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के साथ भारत की साझेदारी गहरी हुई है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने के साथ ही इटली की सफल यात्रा संपन्न हुई। 

इस यात्रा में जी-7 मंच के तहत प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई और शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के साथ भारत की साझेदारी गहरी हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने अन्य भाग लेने वाले नेताओं के साथ जी-7 में एक ग्रुप फोटो भी खिंचवाया है।

Published / 2024-06-15 21:02:24
झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक 19 जून को 4 बजे से

टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने सूचित किया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक बुधवार दिनांक 19 जून, को अपराह्न  4 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन )स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।

Published / 2024-06-14 19:00:49
झारखंड : किसानों के दो लाख रुपये तक के लोन होंगे माफ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा है कि किसानों के दो लाख रुपके तक के लोन (ऋण) माफ किये जायेंगे। इसके लिए उन्होंने सभी बैंकों से प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा है। 31 मार्च 2020 तक किसानों द्वारा 50 हजार से लेकर दो लाख तक लिये गये लोन वन टाइम सेंटलमेंट के माध्यम से माफ किये जायेंगे। 

इसके लिए सभी बैंकों से प्रस्ताव आमंत्रित किया गया है। मंत्री बादल पत्रलेख शुक्रवार को नेपाल हाउस स्थित सभागार में राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति के पदाधिकारियों के साथ केसीसी लोन समेत कृषि कार्य के लिए किसानों द्वारा लिये गये लोन की माफी योजना को लेकर बैठक कर रहे थे।

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने वादे के मुताबिक ऐसे किसानों को राहत दी है, जो बैंक लोन की वजह से चिंता में डूबे हुए थे। झारखंड के करीब 4 लाख 73 हजार से ज्यादा किसानों के 50 हजार रुपये तक के लोन माफ किये जा चुके हैं। 

इस मद में सरकार द्वारा 1900 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि बैंकों को दी गयी है। वर्ष 2021-22 में सरकार ने किसानों को राहत देने के मकसद से 50 हजार रुपये तक की राशि के लोन को माफ करने की घोषणा की थी। अपने वादे के मुताबिक सरकार ने वैसे सभी आवेदनों का निष्पादन कर लिया है, जिनकी केवाईसी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बहुराज्यीय भूमि सहकारी विकास बैंक समिति, पटना के 10 हजार ऋणी किसानों के कर्ज माफ करने पर विचार किया गया। 

लोन लेने वाले एससी/एसटी और कमजोर वर्ग के किसानों के ऋण माफ किये जाने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। इसके साथ ही देवघर को-ऑपरेटिव ग्रेन बैंक, लिमिटेड, देवघर द्वारा 14 हजार 346 ऋणी किसानों के कर्ज को भी माफ करने पर विचार किया गया।

Published / 2024-06-13 20:47:29
26 को होगा लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव

26 जून को लोकसभा स्पीकर का चुनाव, राष्ट्रपति ने अधिसूचना जारी की

एबीएन सेंट्रल डेस्क। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने। सरकार का गठन होने के साथ ही मंत्रियों को उनके मंत्रालय भी सौंप दिये गये हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 18वीं लोकसभा का स्पीकर कौन होगा? 

इस प्रश्न का उत्तर 26 जून को मिल जायेगा। दरअसल, 26 जून को लोकसभा स्पीकर का चुनाव होना है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसे लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। उधर इस तरह की भी खबरें हैं कि राजस्थान की कोटा-बूंदी सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव जीतने वाले ओम बिड़ला को एक बार फिर से लोकसभा स्पीकर की कमान सौंपी जा सकती है। 

इसके अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की पत्नी की बहन डी पुरुंदेश्वरी के नाम पर भी चर्चा चल रही है।

Published / 2024-06-13 09:10:52
योजनाएं टाइमलाइन में पूरी हो, अधिकारी इसका रखें विशेष ध्यान : चम्पाई सोरेन

  • मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने  विभागों के  प्रधान सचिव/ सचिव की उपस्थिति में सभी जिलों के उपायुक्त के साथ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, दिये कई अहम निर्देश 
  • मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार की योजनाओं और और नीतियों को लेकर चली इस बैठक के मिलेंगे बेहतर परिणाम
  • मुख्यमंत्री ने कहा- सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता के साथ राज्य सरकार बढ़ रही आगे

और क्या बोले सीएम...

  • समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रही सरकार की योजनाएं
  • राज्य के आधारभूत संरचना को  मजबूत करने के साथ जनहित से जुड़ी चल रही कई योजनाएं
  • राज्य की दशा और दिशा तय करने में अधिकारियों का अहम रोल

टीम एबीएन, रांची। राज्य में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रतिबद्धता के साथ सरकार आगे बढ़ रही है । यह राज्य विकास के रास्ते पर कैसे आगे बढ़े। समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे लोगों को कैसे सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाए, इसमें आप सभी का अहम रोल है। आपका कार्य इस राज्य की दशा और दिशा को तय करेगा। 

मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन  विभागों के प्रधान सचिव / सचिव की उपस्थिति में सभी जिलों के उपायुक्त के साथ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो दिनों तक चली इस बैठक में विभिन्न योजनाओं को लेकर विस्तार से जानने- समझने का मौका मिला । मुझे पूरा विश्वास है कि इस बैठक के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

इस बैठक के दिखेंगे सकारात्मक परिणाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिनों तक चली इस बैठक में कानून और व्यवस्था से लेकर विकास योजनाओं और उसकी प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।  इसमें योजनाओं के क्रियान्वयन में क्या समस्याएं आ रही हैं। उन समस्याओं का क्या समाधान हो। 

योजनाएं कैसे धरातल पर उतरे। लोगों को इसका लाभ किस तरह मिले। इस पर रणनीति बनाने का कार्य हुआ। मुझे पूरा यकीन है कि इस बैठक के बाद राज्य और राज्य की जनता के हित में अधिकारी अपना शत-प्रतिशत योगदान सुनिश्चित कर विकास को नया आयाम देंगे।

जनता की उम्मीदों को पूरा करना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार से राज्य की जनता को काफी उम्मीदें हैं जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में हमें अपनी जिम्मेदारियां को पूरी निष्ठा के साथ निभाना है। लोगों को उनका हक और अधिकार पूरे सम्मान के साथ देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इसमें आप सभी का योगदान काफी मायने रखता है।

किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा। योजनाओं का लाभ देने में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंचे, इस दिशा में पूरी ताकत के साथ काम हो रहा है।

कई नयी योजनाएं होंगी शुरू, टाइमलाइन पर पूरी हो योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित में कई नई योजनाएं शुरू होगी। ऐसे में सभी योजनाओं की टाइमलाइन तय की जाएगी। कब योजनाओं का उद्घाटन होना है और कब पूरा होना है,  यह पहले से तय होगा और इसमें  इसमें किसी प्रकार का विलंब बर्दाश्त नहीं होगा।

हर वर्ग और तबके के लिए योजनाएं हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ग और तबके के हित में सरकार की योजनाएं चल रही हैं। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के साथ शिक्षा, ग्रामीण विकास स्वास्थ्य, सिंचाई, कृषि रोजगार से जुड़ी अनेकों योजनाएं हैं। योजनाओं के माध्यम से लोगों का बेहतर सुविधा मुहैय्या करना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री दीपक बिरुवा, मंत्री हफीजुल हसन, मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव-सह विकास आयुक्त अविनाश कुमार सहित सभी विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, सभी प्रमंडलों के आयुक्त, सभी जिलों के उपायुक्त एवं अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Page 105 of 350

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse