एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड उच्च न्यायालय के तत्वावधान में दूसरा ऑल इंडिया न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 03 से 04 जनवरी तक रांची में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन रांची के होटवार स्थित खेल गांव परिसर के ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न 09 उच्च न्यायालयों के 30 से ज्यादा न्यायाधीश भाग लेंगे। टूर्नामेंट का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। खेल गांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के विश्राम, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रतियोगिता के दौरान चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। मेन सिंगल, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स में देशभर से आए न्यायाधीश अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उल्लेखनीय है कि पहला ऑल इंडिया न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 05-06 जनवरी 2025 को ओडिशा में आयोजित किया गया था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट एक अहम रणनीतिक फैसला ले सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी 2026 से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और आॅलराउंडर हार्दिक पंड्या को आराम दे सकता है।
कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बुमराह और पंड्या को भारत की वनडे टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। चयनकर्ता जनवरी की शुरुआत में अंतिम वनडे स्क्वॉड की घोषणा कर सकते हैं। यह फैसला बीसीसीआई की फिटनेस, वर्कलोड मैनेजमेंट और आगामी बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी पर केंद्रित नीति के अनुरूप माना जा रहा है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबले बड़ौदा, राजकोट और इंदौर में खेले जायेंगे। इसके तुरंत बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगी, जिसे फरवरी 2026 में होने वाले आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
बुमराह और हार्दिक पंड्या, जो भारत की टी-20 टीम के अहम स्तंभ हैं, से उम्मीद है कि वे वनडे सीरीज के बाद टी-20 चरण में भारतीय टीम से जुड़ेंगे।
टीम मैनेजमेंट की प्राथमिकता टी-20 फॉर्मेट और अगले महीने होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप पर है। ऐसे में वनडे सीरीज में प्रमुख खिलाड़ियों को आराम देकर उन्हें फिट और चोट-मुक्त रखने की योजना है।
साथ ही बुमराह और पंड्या भारत की टी-20 योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। वनडे से उन्हें आराम देने से चयनकर्ताओं को टी-20क सीरीज से पहले संयोजन और खिलाड़ियों के वर्कलोड को बेहतर तरीके से मैनेज करने का मौका मिलेगा।
टीम एबीएन, रांची। महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के रविवार को शुरू हो रहे दूसरे संस्करण में मेजबान रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच भिड़ंत होगी। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजियों में देश भर के शीर्ष प्रतिभाशाली और प्रमुख अंतररराष्ट्रीय खिलाड़ी एक मैच पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।
महिला लीग के सभी रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेलें जायेंगे। टूर्नामेंट में चार फ्रेंचाइजी - रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब और श्राची बंगाल टाइगर्स - खिताब के लिए स्पर्धा करेंगी।
टूर्नामेंट डबल राउंड-रॉबिन प्रारुप में खेला जायेगा, जिसमें लीग फेज में हर टीम दूसरी टीमों से दो बार खेलेगी, जिसके बाद शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी 2026 को ग्रैंड फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। टूर्नामेंट में 13 मैच खेले जायेंगे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा 20 दिसंबर, शनिवार को कर दी गयी। इस मेगा टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। चयनकर्ताओं के फैसले के अनुसार, खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल को इस बार टीम में जगह नहीं दी गयी है, जबकि संजू सैमसन को 16 सदस्यीय भारतीय दल में शामिल किया गया है।
मुंबई स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में चयन समिति की अहम बैठक आयोजित की गयी, जिसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये टीम का ऐलान किया गया। प्रेस वार्ता में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आधिकारिक रूप से भारतीय टीम की घोषणा की। इस दौरान टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद रहे और उन्होंने टूर्नामेंट को लेकर अपनी तैयारियों और उम्मीदों पर बात की।
गौरतलब है कि आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जायेगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 20 मार्च को खेला जाना तय है। मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए), नामीबिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान की टीमें भी शामिल हैं, जिससे ग्रुप मुकाबले काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
एक खास बात यह भी है कि भारतीय टीम अपने ग्रुप चरण के मुकाबले चार अलग-अलग शहरों और स्टेडियमों में खेलेगी। टीम इंडिया के मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किये जायेंगे। इससे दर्शकों को देश और विदेश में अलग-अलग मैदानों पर भारतीय टीम को खेलते देखने का मौका मिलेगा।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव को कप्तान और अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, हर्षित राणा और ईशान किशन (विकेटकीपर) को शामिल किया गया है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए शनिवार को भारतीय टीम घोषित कर दी गयी है। भारत इस वैश्विक टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव की अगुआई में खेलने उतरेगा। टी-20 विश्व कप शुरू होने में अब 50 दिन से भी कम का समय शेष रह गया है और भारत इसमें खिताब का बचाव करने उतरेगा।
गत चैंपियन भारत सूर्यकुमार यादव की अगुआई में अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप में खिताब का बचाव करने उतरेगा। अजीत अगरकर की अगुआई वाली सीनियर राष्ट्रीय पुरुष चयन समिति ने इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्यालय में चयन समिति की बैठक में टीम का चयन किया गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में होने वाली टी-20 सीरीज में भी यही टीम खेलेगी।
भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत इस टूर्नामेंट में खिताब बचाने के इरादे से उतरेगा। यह इस टूर्नामेंट का 10वां संस्करण होगा। अब तक कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव नहीं कर सकी है, ऐसे में टीम इंडिया के पास घरेलू जमीन पर यह तिलिस्म तोड़ने का सुनहरा अवसर होगा।
भारत ने टी-20 विश्व कप के लिए जो टीम चुनी है उसमें शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है। गिल अभी तक टीम के उपकप्तान थे, लेकिन अब ये जिम्मेदारी एक बार फिर अक्षर पटेल को सौंपी गयी है। गिल टी-20 में अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे थे। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है। ईशान भारत के लिए आखिरी बार 28 नवंबर 2023 को आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले थे। यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी था।
ईशान इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चुने गये थे, लेकिन वहां उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। दौरे के बीच में ईशान वापस आ गये थे। घरेलू क्रिकेट की जगह आईपीएल को तरजीह देने के विवाद के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब दो साल बाद उनकी टीम में वापसी हुई है। दूसरी ओर, रिंकू एशिया कप का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें आॅस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए मौका नहीं मिला था।
शुभमन गिल की जगह अक्षर पटेल को टी-20 टीम का उपकप्तान बनाया गया है। अक्षर इससे पहले भी टी-20 में उपकप्तान की भूमिका निभा चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि ईशान किशन की टीम में वापसी हो गयी है। ईशान किशन ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में 101 रन की पारी खेली थी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका बल्ला जमकर चला था। हालांकि, ईशान के शामिल होने से जितेश शर्मा टीम में जगह नहीं बना पाए हैं और उन्हें बाहर होना पड़ा है।
टीम का एलान करते वक्त अजीत अगरकर ने बताया कि संजू सैमसन विकेटकीपर होंगे। गिल के बाहर होने से अब ये तय हो गया है कि अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने उतरेंगे। सैमसन और अभिषेक की सलामी जोड़ी काफी सफल रही है और ऐसा ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी-20 में भी देखने मिला था।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस बात की पुष्टि की है कि टी-20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं होगा। स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं रखने का कारण स्पष्ट है कि टूर्नामेंट भारत में ही हो रहा है। इससे पहले, 2024 के लिए टी-20 टीम घोषित करते वक्त भारत ने ट्रेविलिंग रिजर्व रखे थे।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्राफी 2025 जीत ली है। फाइनल में उसने हरियाणा को हराया। कप्तान ईशान किशन ने फाइनल में शानदार पारी खेली। दोनों ही टीम पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थी। ईशान किशन को प्लेयर आफ द मैच चुना गया। जबकि अनुकूल रॉय को प्लेयर आफ द सीरीज का खिताब दिया गया। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला पुणे में खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड की टीम ने 3 विकेट खोकर 262 रन बनाए। 263 रन के विशालकाय टारगेट के सामने हरियाणा के बल्लेबाजों ने संघर्ष तो किया, लेकिन पूरी टीम 193 रन बनाकर आउट हो गयी। झारखंड ने यह मैच 69 रन से जीत लिया। हालांकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
पहले ही ओवर में उसे झटका लगा। विराट सिंह महज दो रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन उसके बाद आये कुमार कुशाग्र ने अपने कप्तान ईशान किशान का भरपूर साथ दिया। दोनों ने हरियाणा के गेंदबाजों की बखियां उधेड़ दी। ईशान किशान ने शानदार शतक जमाया। ईशान किशन ने 101 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 10 गगनचुंबी 6 लगाये।
कुमार कुशाग्र ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। हालांकि वो शतक से चूक गये। उन्होंने 81 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने कुल 5 छक्के लगाये। बाद में आये बल्लेबाज अनुकूल राय और रॉबिन मिंज ने भी आक्रामक पारी खेलते हुए झारखंड के स्कोर को 20 ओवर में 262 रन तक पहंचाया। अनुकूल ने 40 और मिंज ने 31 रन की पारी खेली।
263 रन का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम की शुरूआत भी अच्छी नहीं रही। पहले तीन विकेट बहुत जल्दी गिर गये। यशवंत दलाल और निशांत ने पारी को संभालने की कोशिश की। यशवंत ने अर्द्धशतक भी लगाया। लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाये पूरी टीम 18.3 ओवरों में 193 रन बनाकर आउट हो गयी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। विद्या विकास समिति झारखंड के तत्वावधान में आयोजित शिशु वर्ग एथलेटिक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर, लोहरदगा के कुल 49 भैया-बहन (छात्र)रामस्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर, रतनपुर (टुंडी), धनबाद झारखंड के लिए प्रस्थान कर गए।
प्रतियोगिता में खिलाड़ी खो-खो, कबड्डी, गोला फेंक, लंबी कूद एवं ऊँची कूद जैसी खेल विधाओं में अपना कौशल दिखाएंगे। उनके साथ विद्यालय के संरक्षक आचार्य श्री रवि रंजन कुमार उपाध्याय, शिक्षिका सुश्री सुनीता कुमारी तथा निर्णायक के रूप में आचार्य महेंद्र कुमार मिश्रा भी छात्र-छात्राओं के साथ बस से रवाना हुए।
प्रस्थान के अवसर पर उपस्थित अभिभावकों एवं माता-पिता ने बच्चों को विजय का आशीर्वाद दिया तथा प्रेरणादायक सुभाषित प्रदान किए। यह प्रतियोगिता 18 दिसंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित होगी, जिसमें झारखंड प्रांत के विभिन्न सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के भैया-बहन भाग ले रहे हैं।
खिलाड़ियों के प्रस्थान से पूर्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री सुरेश चंद्र पांडेय ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए बच्चों के सुरक्षित यात्रा के लिए भगवा ध्वज दिखाकर जय श्री राम जय हनुमान के उद्घोष के साथ बस को रवाना किया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ ने बुधवार को कहा कि सीधी गेंदों को नहीं खेल पाने की शुभमन गिल की कमजोरी चिंता का सबब है। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 श्रृंखला के तीन मैचों में 32 रन ही बना सके हैं।
जियोस्टार पर गेम प्लान कार्यक्रम में बांगड़ ने कहा कि आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंदों पर गिल सहज लग रहे हैं लेकिन सीधी गेंदों को नहीं खेल पा रहे हैं। बांगड़ ने कहा कि शुरुआत में उसका फुटवर्क काफी सकारात्मक था लेकिन 28 से ज्यादा मैचों में अगर तीन या चार बाउंड्री निकाल दें तो सीधी गेंदों को वह नहीं खेल पा रहा है। सीधी गेंदों के सामने उसका स्ट्राइक रेट बहुत खराब है।
उन्होंने युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा, वह काफी आक्रामक सोच के साथ खेलता है। उसमें गेंद को पीटने की क्षमता है, खासकर कवर्स के ऊपर से जो खास कौशल है। बांगड़ ने हार्दिक पंड्या के हरफनमौला योगदान की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, पंड्या के हरफनमौला प्रदर्शन से टीम को संतुलन मिलता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse