एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होने को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग गुरुवार को रांची पहुँचे। रांची एयरपोर्ट पर लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और उनके सुपुत्र हर्षित साहू ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि वीरेंद्र सहवाग जैसे महान क्रिकेटर का लोहरदगा आगमन पूरे जिले के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा, हम लोहरदगा की जनता की ओर से वीरेंद्र सहवाग जी का हार्दिक स्वागत करते हैं। जिले के क्रिकेट प्रेमी और युवा खिलाड़ी उन्हें देखने और उनसे प्रेरणा लेने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें। ऐसे आयोजन में देश के दिग्गज खिलाड़ियों की उपस्थिति युवाओं का मनोबल बढ़ाने का काम करती है।
समापन समारोह 13 फरवरी को लोहरदगा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है। सहवाग के आगमन से जिले में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय लोगों और क्रिकेट प्रशंसकों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने समारोह की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और भव्य समापन की उम्मीद जताई जा रही है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। 33वीं चेतन देवराज ईस्ट जोन इंटर तकनीकी क्रिकेट टूर्नामेंट 26 बीआईटी मेसरा में आज से शुभारंभ हो गया। इस टूर्नामेंट का शुभारंभ बीआईटी के शिक्षकों के मामलों के डीन सह कार्यकारी कुलपति डॉक्टर अशोक शरण और पूर्व रणजी ट्रॉफी खेलाड़ी अनवर मुस्तफा ने संयुक्त रूप से बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर की।
इस टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ियों को अपने संबोधन में डॉ शरण ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी खेल की छाप छोड़ने और यादगार बनाने के लिए उत्साहित किया। छात्र मामलों के डीन डॉ प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने सभी टीमो के खेलाडियो को अनुशासन और खेल भावना से खेलने और बेहतरीन प्रदर्शन करने की बातें रखी।
आयोजन समिति के सचिव डॉ महेंद्र कुमार ने इस चेतन देवराज स्मारक क्रिकेट के इतिहास और इसके आयोजन पर प्रकाश डाला और खिलाड़ियों को इसके ऐतिहासिक महत्व के बारे में बताया राज्य के सबसे पुराने क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन पर सभी अतिथियों और खिलाड़ियों को इसमे शामिल होने पर बधाई दी।
मौके पर डॉ गौतम सांडिल्य, डॉ संदीप शाहदेव, राणा मिश्रा, डॉ पार्थो पॉल, डॉ महेंद्र कुमार, डॉ चंचल मिश्र, नरेन्द्र कुमार, राम महल, दुर्गा, अशोक कुमार, डॉ राजेश, विस्वजीत महतो, मुकेश कुमार सहित भारी संख्या में शिक्षकों और छात्रों ने इस उद्धाटन समारोह में शामिल रहे।
आज पहला मुकाबला बी आई टी मेसरा और बी आई टी देवघर के बीच खेला गया, जिसमें मेसरा ने देवघर को हराया। दूसरा मुकाबला वाईबीएन ने सेंट्रल लॉ यूनिवर्सिटी को सरल बिरला ने लालपुर को हराया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर छाया सस्पेंस अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। जिस मैच को लेकर बहिष्कार की बात सामने आई थी, उसी पर अब यू-टर्न की खबरें आ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) भारत के खिलाफ खेलने को तैयार है, लेकिन उसने आईसीसी के सामने तीन अहम शर्तें रख दी हैं।
लाहौर में रविवार, 8 फरवरी को पीसीबी और आईसीसी के बीच हाई-लेवल बैठक हुई। यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों की भिड़ंत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। आईसीसी चाहता है कि दुनिया के सबसे हाई-वोल्टेज और कमाई वाले मुकाबले पर किसी तरह का खतरा न रहे।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर पाकिस्तान को अपना बहिष्कार वापस लेना है तो उसे कुछ गारंटी चाहिए। पीसीबी ने कथित तौर पर ये तीन शर्तें रखी हैं:
इन मांगों ने साफ कर दिया है कि मामला सिर्फ एक मैच का नहीं, बल्कि लंबे समय के रिश्तों और आर्थिक हिस्सेदारी का भी है। हालांकि, पाकिस्तान की इन मांगों का कोई मतलब नहीं बनता, क्योंकि भारत लंबे समय से पाकिस्तान से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलता। जहां तक आईसीसी रेवेन्यू में बड़े हिस्से की बात है तो यह तभी संभव है जब आप आईसीसी को उतना रेवेन्यू जनरेट करके दें। भारत क्रिकेट का बड़ा मार्केट है। पाकिस्तान क्रिकेट के बिग थ्री में भी नहीं आता है।
टीम एबीएन, रांची। रांची स्थित जे के क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले जा रहे आरपीसी मीडिया कप 2026 में प्रतियोगिता ने अब रोमांचक मोड़ ले लिया है। टूर्नामेंट के मुकाबले दिन-ब-दिन और अधिक प्रतिस्पर्धी होते जा रहे हैं। इसी क्रम में खेले गए पहले और दूसरे मैच में गंगा और भैरवी की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की कर ली।
दिन का पहला मुकाबला अजय और गंगा के बीच खेला गया। टॉस के बाद अजय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाए। अजय की ओर से राकेश सिंह ने 31 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि सूरज प्रकाश ने 22 और तारकेश्वर महतो ने 21 रन का योगदान दिया। हालांकि मध्यक्रम से अपेक्षित बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही।
गंगा की ओर से गेंदबाजी में समीर सृजन ने किफायती प्रदर्शन करते हुए 1 विकेट के बदले 17 रन दिए, जबकि संतोष सिंह ने 1/20 का आंकड़ा दर्ज किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गंगा की टीम ने शानदार और आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया।
गंगा ने 12.5 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर 116 रन बनाते हुए मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। ओम प्रकाश झा ने 34 रन बनाए, वहीं संतोष कुमार सिंह ने 29 रनों की सधी हुई पारी खेली। संतोष कुमार सिंह को उनके हरफनमौला योगदान के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला कोनार और भैरवी के बीच खेला गया, जिसमें दर्शकों को बल्लेबाजों का शानदार खेल देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोनार की टीम ने 16 ओवर में 141 रन बनाए, लेकिन पूरी टीम ऑलआउट हो गई।
कोनार की ओर से सुशील सिंह ने 48 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि राकेश कुमार ने 17 रन जोड़े। भैरवी की गेंदबाजी में विक्की कुमार पासवान ने घातक प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट 23 रन देकर झटके, वहीं संजय सिंह ने 2/34 विकेट हासिल किए।
जवाब में भैरवी की टीम ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया। भैरवी ने 15.3 ओवर में सिर्फ 1 विकेट खोकर 142 रन बनाते हुए मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। नवल किशोर ने नाबाद 67 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि विक्की पासवान ने 51 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया।
इस मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विक्की पासवान को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इन जीतों के साथ ही गंगा और भैरवी की टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंच चुकी हैं, जिससे टूर्नामेंट का रोमांच अब और भी बढ़ गया है। दर्शकों को आने वाले मुकाबलों में कड़े संघर्ष और रोमांचक क्रिकेट की पूरी उम्मीद है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम पलों में दर्ज हो गया। शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से करारी शिकस्त देकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 विश्व कप अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के नायक रहे वैभव सूर्यवंशी, जिनकी 175 रनों की विस्फोटक पारी ने मैच की दिशा और दशा दोनों बदल दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत साधारण रही और 20 रन पर आरोन जॉर्ज का विकेट गिर गया। इसके बाद आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने पारी को संभाला। आयुष ने जिम्मेदारी भरी अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन असली तूफान वैभव के बल्ले से निकला।
वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में 15 चौके और 15 छक्कों की मदद से 175 रन ठोक दिए। उन्होंने 55 गेंदों में शतक और 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर इंग्लिश गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
412 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। जोसेफ मूर्स जल्दी आउट हो गए। बेन डॉकिन्स ने जरूर अर्धशतक लगाया, लेकिन उन्हें ज्यादा देर का साथ नहीं मिला।
बीच के ओवरों में विकेटों का पतन जारी रहा और इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर सिमट गई। हालांकि कालेब फाल्कनर और जेम्स मिंटो ने आठवें विकेट के लिए संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारत की जीत पर कोई खतरा नहीं आ सका।
इस जीत के साथ भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 के बाद छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता। यह भारत का लगातार छठा और कुल दसवां फाइनल था, जबकि इंग्लैंड अब तक सिर्फ एक बार (1998) ही यह खिताब जीत सका है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। झारखंड की बालिका टीम ने काफी संघर्ष करते हुए इस बार फिर से पैरा थ्रो बॉल नेशनल फेडरेशन कप में अपना खेल का जलवा बिखरते हुए झारखंड के बालिका दिव्यांग खिलाड़ियों ने झारखंड को स्वर्ण पदक दिलाया। फाइनल में इनका मुकाबला राजस्थान के साथ हुआ है और झारखंड ने राजस्थान को 21-17 से पराजित किया।
वहीं पुरुष वर्ग सेमीफाइनल में काफी टक्कर के बाद हार का सामना किया और फोर्थ पोजीशन से संतुष्ट रहना पड़ा। यह आयोजित पैरा थ्रो बॉल नेशनल फेडरेशन कप जो दिनांक 3 फरवरी से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित हुआ। इस प्रतियोगिता में झारखंड में पुरुष वर्ग से (कप्तान) सनोज महतो, मुकेश कंचन, पवन लकड़ा, चंदन लोहरा, मुकेश कुमार, अंगद कुमार, प्रमोद कुमार, राजेश कुमार मेहता एवं महिला वर्ग से महिमा उरांव (कप्तान) अनीता तिर्की, प्रतिमा तिर्की, पुष्पा मिंज, संजुक्ता एक्का, असुंता टोप्पो, सरिता भूट कुमारी, सुनीता कुमारी, शकुंतला कुमारी, जयश्री कुमारी, पूनम कुमारी, तारामणि लकड़ा सभी सम्मिलित हैं।
पतरस तिर्की ने जीत की बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के इन खिलाड़ियों का आर्थिक रूप से सहयोग बहुत जरूरी है। सरकार को आर्थिक रूप से मदद जरूर करना चाहिए, ताकि खिलाड़ी आगे भी अच्छा खेल का प्रदर्शन कर सके। इन खिलाडियों को पैरा थ्रो बॉल एसोसिएशन आफ झारखंड के सचिव, सरिता सिन्हा, राहुल मेहता, पतरस तिर्की, आनंद प्रसाद गोप जीत के लिए जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
टीम एबीएन, रांची। बीआईटी मेसरा लालपुर के तत्वावधान में चार दिवसीय खेल प्रतियोगिता के रस्सा कसी मुकाबले का आज फाइनल मुकाबला खेला गया। लड़कियों के मुकाबला मैनेजमेंट वारियर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते अपने प्रतिद्वंद्वी डार्क एक्लिप्स को हरा कर टग आॅफ वार की चैंपियन बनी। वहीं लड़को का मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा।
डोमिनेटर ने टीम सिंबा को बहुत ही संघर्ष के बाद जीतकर फाइनल जीत लिया। चार दिनों तक चलने वाले औरोरा 26 में कल से पूरा प्रांगण विद्यार्थियों के द्वारा आयोजित कार्यक्रम से गुलजार होने जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी तरह से अपने परवान पर है औरोरा के संयोजक डॉ आशुतोष मिश्र ने बताया की खेल के अलावे भी बच्चों का हुनर का प्रदर्शन का यह अवसर को छात्रों के द्वारा आयोजित कर हम पढ़ाई के दौरान ही उनके कला को हम मंच प्रदान करते हैं।
इस आयोजन में बच्चे अपने हाथों से पेंटिंग डांसिंग कबड्डी के अलावे बहुत प्रकार के झारखंड के खाद्य सामग्री का स्टॉल लगा कर प्रदर्शन करेंगे। कल से लड़को और लड़कियों के बीच कबड्डी लीग मैच की भी शुरुआत होनी है। आज फाइनल मुकाबले में विजेताओं को निदेशक डॉ विजय कुमार झा ने बधाई देते हुए उनके बेहतर भविष्य का आशीर्वाद दिया।
आज मुख्य रूप से शामिल हुए डॉ संदीप नाथ शाहदेव, डॉ अनीश हैदर, डॉ प्रशांत, मयंक परासर, शांतनु सिन्हा, मनोज कुमार, पार्थो सारथी विष्णु, श्रावणी मुखोपाध्याय, अमृता प्रियम, ऐलिस टोप्पो, मिनी दुबे, सरिता तिग्गा सोनी कुमारी सहित काफी संख्या में छात्रों और शिक्षकों कर्मचारियों ने खेलने मैदान में उतरे प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (रांची)। द रांची प्रेस क्लब की ओर से आयोजित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का बुधवार को शुभारंभ हो गया। जेके इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी, अगरु, रातू में आयोजित मीडिया कप टूर्नामेंट का शुभारंभ राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पहले दिन टीम भैरवी ने टीम कारो को 18 रन से और टीम अमानत ने टीम अजय को सात विकेट से हराया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने खिलाड़ियों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। राज्यपाल ने कहा कि मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और इसे लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ भी कहा जाता है। पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि जनचेतना को जागृत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि मीडिया से जुड़े सभी साथी दिन-रात परिश्रम कर जनहित के विषयों को प्रमुखता से सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आपसी सौहार्द, समन्वय और आत्मीयता को प्रगाढ़ करने का माध्यम भी हैं राज्यपाल ने कहा कि क्रिकेट हमें धैर्य, रणनीति और सामूहिक प्रयास का महत्व सिखाता है।
खेलों के विकास में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब मीडिया किसी खिलाड़ी की उपलब्धि को प्रमुखता देता है, तो वह समाचार हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन जाता है और नयी प्रतिभाओं को पहचान मिलती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह टूर्नामेंट मीडिया जगत के साथियों के बीच सहयोग, भाईचारे और सकारात्मक संवाद को और सुदृढ़ करेगा।
मौके पर उन्होंने हाल ही में सम्पन्न रांची प्रेस क्लब के चुनाव में निर्वाचित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी समिति के सदस्यों को बधाई दी। मौके पर अदानी समूह के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट अफेयर्स) संजीव शेखर, टाटा समूह के प्रतिनिधि अमृतांशु, रांची प्रेस क्लब के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों समेत बड़ी संख्या में जाने-माने पत्रकार मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse