एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (लंदन)। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ इस महीने होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए शुक्रवार को 16 सदस्यीय टीम में नवोदित हरफनमौला जेम्स कोल्स और तेज गेंदबाज जोश टंग को शामिल किया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच फिलहाल पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेली जा रही है। इसके बाद दोनों टीमें 14, 16 और 19 जुलाई को क्रमश: बर्मिंघम, कार्डिफ और लॉर्ड्स में तीन वनडे मुकाबलों में आमने-सामने होंगी। इंग्लैंड ने मजबूत भारतीय टीम को चुनौती देने के लिए तेज गेंदबाज गस एटकिंसन और साकिब महमूद को भी टीम में जगह दी है।
भारतीय टीम में रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी तय मानी जा रही है, जबकि विराट कोहली की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी टीम में शामिल हैं। वह नवंबर 2025 के बाद पहली बार वनडे क्रिकेट में वापसी करेंगे।
हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बैंटन (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, जो रूट, बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जेम्स कोल्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद और जोश टंग।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन ने फीफा विश्व कप में इतिहास रचते हुए सबसे लंबे समय तक क्लीन शीट रखने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दो विश्व कप को मिलाकर साइमन ने कुल पांच मुकाबलों में कोई गोल नहीं खाया है, जो नया रिकॉर्ड भी है। उनाई साइमन ने अपनी इस खास उपलब्धि के साथ ही 36 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
दो विश्व कप को मिलाकर साइमन अब तक 519 मिनट तक विपक्षी टीमों के हर हमले को नाकाम करते रहे हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक मुकाम स्पेन को आॅस्ट्रिया के खिलाफ मिली 3-0 की जीत में हासिल किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड इटली के महान गोलकीपर वाल्टर जेंगा के नाम था, जिन्होंने 1990 विश्व कप में 517 मिनट तक गोल नहीं खाया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस उपलब्धि की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि स्पेन के उनाई साइमन ने विश्व कप मैचों में लगातार 519 मिनट तक गोल नहीं खाने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।
साइमन का यह रिकॉर्ड दो विश्व कप को मिलाकर हासिल किया है। 2026 विश्व कप में उन्होंने केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे और आॅस्ट्रिया के खिलाफ कुल 360 मिनट तक क्लीन शीट रखी। इससे पहले 2022 में हुए कतर विश्व कप में भी उन्होंने 159 मिनट तक कोई गोल नहीं खाया था।
हालांकि, 2022 में स्पेन का सफर राउंड आॅफ 16 में मोरक्को के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में खत्म हो गया था, लेकिन 120 मिनट के खेल में साइमन ने कोई गोल नहीं होने दिया था, जो उनके मजबूत प्रदर्शन को दिखाता है। उनका आखिरी बार विश्व कप में गोल 2022 में जापान के खिलाफ आया था, जब एओ तनाका ने 51वें मिनट में गोल किया था।
इसके बाद से साइमन लगातार गोल रोकते आ रहे हैं। इस उपलब्धि से पहले ही साइमन ने स्पेन के पूर्व दिग्गज गोलकीपर इकर कैसिलास का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था। कैसिलास ने 2010 और 2014 वर्ल्ड कप में लगातार 476 मिनट तक क्लीन शीट रखी थी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्वकप 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। राउंड आॅफ 32 में पिछले कुछ दिनों में दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले हैं। कुछ बड़ी टीमें बाहर हो चुकी हैं, जबकि कुछ बड़ी टीमें हारते हारते बची हैं।
वहीं, कुछ आॅनपेपर कमजोर दिखने वाली टीमों ने कमाल का खेल दिखाया। भले ही वो टीमें अगले राउंड में नहीं पहुंच सकीं, लेकिन अपने खेल से लोगों का दिल जीत लिया।
नॉकआउट चरण में खिताब की जंग के साथ-साथ गोल्डन बूट की दौड़ भी बेहद रोमांचक हो गई है। राउंड आॅफ 32 के मुकाबलों के बाद कई स्टार खिलाड़ियों ने अपनी टीमों को जीत दिलाते हुए गोलों की संख्या बढ़ाई है।
फिलहाल फ्रांस के किलियन एमबाप्पे और अर्जेंटीना के लियोनल मेसी छह-छह गोल के साथ शीर्ष पर हैं, लेकिन अधिक असिस्ट होने के कारण एमबाप्पे गोल्डन बूट की रेस में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
गोल्डन बूट का फैसला केवल गोलों के आधार पर नहीं होता। अगर दो खिलाड़ियों के गोल बराबर हों तो सबसे पहले असिस्ट की संख्या देखी जाती है। एमबाप्पे ने अब तक छह गोल के अलावा दो असिस्ट भी किए हैं यानी दो गोल होने में अहम भूमिका निभाई है। उन्हीं के पास पर फ्रांस का दूसरा खिलाड़ी गोल कर सका।
जबकि मेसी के नाम छह गोल हैं, लेकिन एक भी असिस्ट नहीं है। यही वजह है कि फ्रांस का स्टार स्ट्राइकर फिलहाल गोल्डन बूट की रेस में नंबर-एक पर है। हालांकि यह दौड़ अभी पूरी तरह खुली हुई है। नॉकआउट मुकाबलों में एक शानदार प्रदर्शन पूरे समीकरण बदल सकता है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड आॅफ-32 में मेजबान मेक्सिको से 0-2 की हार के बाद इक्वाडोर के मुख्य कोच सेबेस्टियन बेकासेसे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 45 वर्षीय अर्जेंटीनी कोच ने मैच के बाद पुष्टि की कि विश्व कप के साथ ही उनका अनुबंध भी समाप्त हो गया है और अब वह टीम से अलग हो रहे हैं।
बेकासेसे ने भावुक अंदाज में कहा, विश्व कप खत्म होने के साथ ही मेरा अनुबंध भी समाप्त हो रहा है। अब हम जा रहे हैं। मैं इस ड्रेसिंग रूम से प्यार, सम्मान, प्रतिबद्धता और सराहना लेकर जा रहा हूं। ये खिलाड़ी सच्चे योद्धा हैं और मुझे उन पर गर्व है।
बेकासेसे ने करीब दो वर्षों तक इक्वाडोर की कमान संभाली। उनके नेतृत्व में टीम ने अपने पांचवें विश्व कप में दूसरी बार नॉकआउट चरण में जगह बनायी। ग्रुप स्टेज में चार बार की चैंपियन जर्मनी को हराकर इक्वाडोर ने बड़ा उलटफेर भी किया था।
कोच ने कहा, जब हमने यह सफर शुरू किया था, तब किसी को उम्मीद नहीं थी कि हम यहां तक पहुंचेंगे। लेकिन हमने उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया। अफसोस है कि हम इस सफलता को आगे नहीं बढ़ा सके, लेकिन हमने एक शानदार विरासत छोड़ी है।
राउंड आॅफ-32 मुकाबले में मेक्सिको के लिए जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में गोल दागे। इक्वाडोर पूरे मैच में वापसी नहीं कर सका और 0-2 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया। इसी हार के साथ बेकासेसे का कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार आॅलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आयी। दरअसल, हार्दिक हमेशा के लिए मुंबई को छोड़कर बेंगलुरु शिफ्ट हो गये हैं। हार्दिक का यह कदम वाकई चौंकाने वाला है। अगर आप भी सोच रहे हैं कि अचानक हार्दिक ने ऐसा फैसला क्यों लिया? यहां आपको उसका जवाब मिलेगा।
हार्दिक ने बीसीसीआई के सेंटर आॅफ एक्सीलेंस (सीओई) के चलते बेंगलुरु में शिफ्ट होने का फैसला किया। वह अब सीओई को अपनी ट्रेनिंग का स्थायी अड्डा बनाना चाहते हैं। अक्सर क्रिकेटर बेंगलुरु इंजरी के रिहैब, नेशनल कैंप और फिटनेस के आकलन के लिए आते हैं। लेकिन हार्दिक ने कुछ अलग हटकर किया।
वैसे हार्दिक मुंबई इंडियंस की घंसोली स्थित फैसिलिटी में ट्रेनिंग करते थे। हार्दिक गुजरात के बदौड़ा से आते हैं। हालांकि वह लंबे वक्त से मुंबई में रह रहे थे, लेकिन अब उन्होंने बेंगलुरु को अपना घर बनाने का फैसला किया।
सूत्रों के अनुसार हार्दिक पहले ही स्थायी रूप से बेंगलुरु में शिफ्ट हो चुके हैं। उन्होंने शहर के बाहरी इलाके में सेंटर आॅफ एक्सीलेंस के पास एक प्रॉपर्टी किराये पर ली है। वह सीओई को अपने अभ्यास का स्थायी अड्डा बनाने वाले पहले क्रिकेटर होंगे।
आगे कहा, हार्दिक मुंबई से बाहर जाना चाहते थे क्योंकि ट्रेनिंग के लिए हर रोज अपने लोअर परेल वाले घर से आना-जाना मुश्किल हो गया था। एक सेंट्रली-कॉन्ट्रैक्टेड क्रिकेटर होने के नाते, उन्हें उडए में चोट के इलाज से लेकर स्किल्स की ट्रेनिंग तक, हर तरह की सुविधा मिलती है।
इन दिनों इंजरी से रिकवर हो रहे हार्दिक ने बीते 6 महीनों में काफी वक्त बेंगलुरु के सेंटर आॅफ एक्सीलेंस में ही बिताया है। वह इंजरी के चलते यूके के व्हाइट बॉल टूर का हिस्सा नहीं बन सके, जिसमें आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली जा चुकी है। अब इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज होनी है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय हॉकी टीम ने 5 से 18 जुलाई तक होने वाले बेल्जियम दौरे के लिए 22 सदस्यीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी डिफेंडर अनमोल इक्का करेंगे। यह दौरा नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में भारतीय जूनियर टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट होगा।
यह दौरा इस साल के आखिर में होने वाले जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और टीम को अपने संयोजन व रणनीति को परखने का मौका भी मिलेगा।
भारत इस दौरे पर कुल छह मुकाबले खेलेगा। टीम आॅस्ट्रिया और मेजबान बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी, जबकि जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ एक-एक मुकाबला होगा।
अनमोल इक्का, एडरोहित इक्का, अजीत यादव और रोहित कुल्लू उस भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे जिसने पिछले साल तमिलनाडु में आयोजित जूनियर हॉकी विश्व कप में कांस्य पदक जीता था। इन खिलाड़ियों से एक बार फिर टीम को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह दौरा टीम को हर स्तर पर बेहतर बनायेगा। उन्होंने कहा, मुझे उम्मीद है कि यह दौरा हमारे खेल, टीम संयोजन, रणनीतिक अनुशासन और अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।
साथ ही खिलाड़ियों के बीच एकता और आत्मविश्वास भी मजबूत होगा। सोयेज ने आगे कहा, यह दौरा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर की अंतरराष्ट्रीय हॉकी की मांगों को समझने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की मानसिकता विकसित करने में भी मदद करेगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी इंडिया ने अंडर-18 भारतीय महिला टीम के कोचिंग कैंप के लिए झारखंड की 5 खिलाड़ियों का चयन किया है। झारखंड की पुष्पा मांझी, खिली कुमारी, श्रुति कुमारी, संदीपा कुमारी, नीलम टोपनो को जूनियर राष्ट्रीय कैम्प में शामिल होने का मौका मिला है।
इसी कैंप के आधार पर राष्ट्रीय अंडर 18 महिला हॉकी टीम का चयन होगा। 5 से 18 जुलाई तक भोपाल के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में जूनियर महिला कोचिंग कैंप आयोजित किया जायेगा। चयनित टीम 20 से 25 जुलाई तक महिला युवा हॉकी एशियाई चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लेगी।
प्रतियोगिता का आयोजन मस्कट, ओमान में होगा। 16वीं सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया गया है। झारखंड की बेटियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (लातेहार)। नेतरहाट आवासीय विद्यालय में संपन्न सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरआॅल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया है। प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों की झड़ी लगाकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। विजेता खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रांची टीम की इस ऐतिहासिक जीत में मुख्य कोच शिवराज बड़ाईक, अनिशका रानी और टीम मैनेजर सुजीत कुमार का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। साथ ही, तकनीकी हेड प्रहलाद भगत के नेतृत्व में निर्णायक टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थेरेपिस्ट देव कुमार ने खिलाड़ियों की फिटनेस सुनिश्चित की।
सहायक सदस्य: आरती पांडे और बेबी कुमारी।
कार्यक्रम का सफल संचालन लातेहार डिस्ट्रिक्ट योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ। राज्य के प्रेसिडेंट श्री मनोज तिवारी, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, मुख्य सलाहकार विपिन पांडे, रांची जिला योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन की प्रेसिडेंट संतोषी साहू, सेक्रेटरी डॉ एस के घोसाल और ट्रेजरार राहुल सिंह ने टीम की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse