एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स का मानना है कि भारत को शनिवार से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल की कमी खलेगी लेकिन मेजबान टीम के पास नियमित कप्तान की कमी पूरी करने के लिए कई मजबूत विकल्प मौजूद है।
गिल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार से गुवाहाटी में शुरू हो रहे दूसरे मैच से पहले शुक्रवार को टीम से रिलीज कर दिया गया था। वह कोलकाता में पहले टेस्ट की पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए गर्दन में ऐंठन से पूरी तरह उबर नहीं पाए थे। रोड्स ने शुक्रवार को यहां फिक्की टर्फ 2025 15वें वैश्विक खेल शिखर सम्मेलन के मौके पर कहा, कभी-कभी भारत की ताकत भी उसके लिए मुश्किलें खड़ी करती है।
उनके पास कई बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी हैं। ऐसे में टीम में किसे शामिल किया जाए और किसे बाहर रखा जाए, यह तय करना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने कहा, यह एक बड़ी समस्या है और यह साफ दिखाई देता है। जब भी किसी एक खिलाड़ी की जगह लेने की बात आती है तो भारत के पास ढेरों विकल्प होते हैं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि किस खिलाड़ी को मौका मिलता है।
इस 56 साल के पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि गिल की जगह जिसे भी मौका मिले उसे अपनी काबिलियत तुरंत साबित करनी होगी क्योंकि भारतीय टीम में जगह के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा है। उन्होंने कहा, टीम में आने वाले खिलाड़ी के सामने बड़ा सवाल यही होगा कि क्या वे इस मौके का फायदा उठाने के लिए पूरी तरह से तैयार है क्योंकि भारत की इस मजबूत प्रणाली के साथ बड़ा मुद्दा यही है कि आपको शायद एक ही मौका मिले।
अपने समय के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक रहे रोड्स ने कहा, आप अगले टेस्ट में गिल को बाहर नहीं बिठा सकते तो ऐसे में उनकी जगह लेने वाले खिलाड़ी को सिर्फ एक टेस्ट में खेलने का मौका मिलेगा और यह मानसिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में वे जिस खिलाड़ी का भी चयन करेंगे, उसके कौशल में कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि भारत के लिए ऐसे में एकादश का चयन करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।
रोड्स ने हाल ही में पहली बार वनडे विश्व कप जीतने के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, उम्मीद है, वे (भारतीय प्रशंसक) महिलाओं के मैचों में भी दिलचस्पी दिखाना शुरू कर देंगे। भारत में महिला क्रिकेट आसमान छूने वाला है। मैं महिला टीम के लिए भी ऐसा ही समर्थन देखना चाहता हूं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले रोमांचक वनडे मैच को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
स्टेडियम को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किये जा रहे हैं।
दोनों टीमें 27 नवंबर को चार्टर्ड प्लेन से रांची पहुंचेगी। एयरपोर्ट से खिलाड़ियों को सीधे होटल ले जाया जायेगा। सुरक्षा के लिए विशेष रूट और अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जायेगी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 में अबतक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हमारी तीरंदाजी टीम को बधाई। उन्होंने 6 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते हैं। इनमें से उल्लेखनीय है 18 साल बाद पुरुषों का रिकर्व स्वर्ण पदक।
साथ ही, व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी शानदार प्रदर्शन और कंपाउंड स्पर्धाओं में भी सफलतापूर्वक खिताब का बचाव किया। यह वास्तव में एक विशेष उपलब्धि है, जो कई उभरते एथलीटों को प्रेरित करेगी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया पहला टेस्ट मैच मात्र तीन दिनों में ही समाप्त हो गया। साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले में भारतीय टीम को करारी शिकस्त देते हुए दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त बना ली है। इस जीत के साथ ही मेहमान टीम ने ईडन गार्डन्स के मैदान पर 53 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया है।
साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए केवल 124 रन का छोटा लक्ष्य रखा था। यह लक्ष्य भले ही छोटा था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के लिए इसे हासिल करना पहाड़ चढ़ने जैसा साबित हुआ। अगर भारतीय टीम यह लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज कर लेती, तो वह 21 साल पहले कायम किए गए अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ती।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ और इसके उलट, साउथ अफ्रीका ने 124 रन का यह मामूली स्कोर सफलतापूर्वक डिफेंड करके ईडन गार्डन्स पर सबसे कम स्कोर का बचाव करने का 53 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले, ईडन गार्डन्स पर सबसे कम स्कोर को डिफेंड करने का रिकॉर्ड 1972 में बने 192 रन का था, जिसे अब साउथ अफ्रीका ने 124 रन बचाकर पीछे छोड़ दिया है।
124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 100 रन भी नहीं बना सकी। कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति का झटका तो टीम को पहले ही लगा था, लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने भी निराश किया। भारतीय टीम के 9 विकेट महज 93 रन पर गिर गए। परिणामस्वरूप, साउथ अफ्रीका ने यह मुकाबला 30 रन से जीत लिया। यह साउथ अफ्रीका की भारत में 15 साल बाद पहली टेस्ट जीत भी है।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन स्पिन आक्रमण के सामने भारत के सितारा बल्लेबाजों के कौशल की असली परीक्षा होगी जब दोनों टीमें दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट में शुक्रवार से यहां आमने सामने होंगी।
भारत को पिछले साल न्यूजीलैंड ने भारत में ही 3-0 से हराया था और कीवी स्पिनरों ऐजाज पटेल, मिचेल सेंटनेर और ग्लेन फिलिप्स ने मिलकर तीन टेस्ट में 36 विकेट चटकाए थे।
दक्षिण अफ्रीका का गेंदबाजी आक्रमण इस समय स्पिनरों पर निर्भर है और ऐसे में मेजबान टीम को धीमे गेंदबाजों के खिलाफ अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। मौजूदा विश्व टेस्ट चैम्पियन दक्षिण अफ्रीका आम तौर पर अच्छे तेज गेंदबाजों के लिए जानी जाती रही है लेकिन इस समय उसके पास धुरंधर स्पिनर हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ हाल ही में उसने श्रृंखला 1-1 से ड्रॉ खेली। इसमें केशव महाराज, साइमन हार्मर और सेनुरान मुथुस्वामी ने 39 में से 35 विकेट लिए।
भारत के सहायक कोच रियान टेन डोइशे ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण को उपमहाद्वीप की शैली वाला बताया। उन्होंने कहा, उनके पास चार स्पिनर हैं जिनमे से वे तीन को उतार सकते हैं।
ऐसा लग रहा है कि हम उपमहाद्वीप की किसी टीम के खिलाफ खेलने वाले हैं। उन्होंने कहा, हमने इस पर बात की है। हमने न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला से सबक लिया है। 36 वर्ष के हार्मर 1000 प्रथम श्रेणी विकेट ले चुके हैं और भारत के हालात से अनभिज्ञ नहीं हैं।
दस साल पहले हाशिम अमला की कप्तानी में उन्होंने मोहाली और नागपुर में दो टेस्ट खेलकर चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा और रिधिमान साहा के विकेट लिए थे। एक दशक बाद भी वह उतने ही चतुर गेंदबाज हैं। उन्होंने रावलपिंडी में पिछले महीने टेस्ट में 8 विकेट चटकाकर दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाई और श्रृंखला ड्रॉ भी कराई।
वहीं महाराज आधुनिक क्रिकेट के सबसे सटीक और आक्रामक स्पिनरों में से एक हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों और दक्षिण अफ्रीका के स्पिनरों के बीच मुकाबला रोचक रहने वाला है।
भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक और कप्तान शुभमन गिल कई बार पिच का मुआयना कर चुके हैं। बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने आश्वासन दिया है कि यह टर्निंग पिच नहीं होगी। इससे जसप्रीत बुमराह जरूर आहलादित होंगे जो आम तौर पर शुरूआत में मूवमेंट और बाद में रिवर्स स्विंग देने वाली पिच पर भारत के ट्रंपकार्ड साबित हो सकते हैं।
भारत दो तेज गेंदबाजों को उतार सकता है और घरेलू हालात की जानकारी होने से आकाश दीप को तरजीह मिल सकती है। पिछले 15 साल में तेज गेंदबाजों ने यहां टेस्ट में 61 प्रतिशत विकेट लिए हैं। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने इस साल इंग्लैंड में श्रृंखला 2-2 से ड्रॉ खेली लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार उसे अभी भी कचोट रही होगी।
वेस्टइंडीज की कमजोर टीम को 2-0 से हराने पर उसे WTC चक्र में ज्यादा मदद नहीं मिलेगी। ऋषभ पंत की वापसी और ध्रुव जुरेल के बतौर बल्लेबाज खेलने से भारत का मध्यक्रम संतुलित लग रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में 16 विकेट लेने वाले वॉशिंगटन सुंदर भी उपयोगी साबित होंगे। दूसरा और आखिरी टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आफ इंडिया की ओर से रांची को मिला और एक सौगात। रांची को भारत नेपाल दिव्यांगजन टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन का अवसर मिला है। इससे झारखंड डिसएबल क्रिकेट संगठन में खुशी का माहौल बना हुआ है। भारत और नेपाल के मध्य 3 टी-20 सीरीज का आयोजन दिसंबर में किया जायेगा।
विदित हो कि पूर्व में भी रांची में कई अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया जा चुका है। संगठन के संरक्षक प्रणव कुमार बाबू एवं अंतू तिर्की, अध्यक्ष राहुल मेहता, सचिव सरिता सिन्हा सहित दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपार खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का आयोजन मिलना बड़ा सौभाग्य की बात है।
झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन आयोजन को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उम्मीद है पूर्व की भांति स्थानीय प्रायोजकों का भरपूर सहयोग भी मिलेगा। उक्त जानकारी सचिव सरिता सिन्हा (7004714994) ने दी।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए खिलाड़ियों का आक्शन अबूधाबी में होने की संभावना है और इसके लिए 16 दिसंबर सबसे संभावित तारीख के तौर पर सामने आयी है। शुरुआत में 14 दिसंबर को पसंदीदा तारीख के तौर पर तय किया गया था, जो फ्रेंचाइजी ने गवर्निंग काउंसिल को दी थी। लेकिन मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आक्शन के लिए 15 या 16 दिसंबर की तारीख सामने आयी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 जीता था, जो 2008 में टूर्नामेंट शुरू होने के बाद से टूर्नामेंट में उनकी पहली खिताबी जीत थी। पिछले दो आईपीएल आक्शन विदेश में जेद्दा, सऊदी अरब और दुबई, संयुक्त अरब अमीरात में हुए थे। इस बार यूएई की राजधानी अबू धाबी 10 फ्रेंचाइजी की मेजबानी करेगी जो अगले सीजन से पहले अपनी-अपनी टीमों में कमियों को पूरा करना चाहती हैं।
भारत में आक्शन आयोजित करने के बारे में चर्चा हुई थी, जिसमें मुंबई और बेंगलुरु को शुरू में मेजबान शहरों के तौर पर माना गया था। लेकिन विदेशी सपोर्ट स्टाफ के लिए अबू धाबी की सुविधा खासकर उनमें से ज्यादातर के एशेज के दौरान ब्रॉडकास्ट या कोचिंग के काम में होने के कारण फिलहाल आईपीएल आक्शन को विदेश में आयोजित करने के चलन को मजबूत किया है।
सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए रिटेंशन को अंतिम रूप देने की समय सीमा 15 नवंबर है, और सूत्रों ने कहा कि पांच बार के चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और 2008 के विजेता राजस्थान रॉयल्स के बीच एक हाई-प्रोफाइल ट्रेड रिटेंशन की समय सीमा से पहले या बताई गई तारीख पर हो सकता है। लंबे समय से राजस्थान के कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन चेन्नई में जा सकते हैं, जबकि पूर्व फ्रेंचाइजी इस ट्रेड डील में रवींद्र जडेजा की सेवाएं ले सकती है।
रॉयल्स ने सैमसन के ट्रांसफर को लेकर कई फ्रेंचाइजी से बात की थी और दिल्ली कैपिटल्स के साथ संभावित ट्रेड के लिए बातचीत अचानक खत्म होने के बाद चेन्नई के साथ फ्रेंचाइजी की ट्रेड डील आखिरी समय में कोई ट्विस्ट न होने पर फाइनल हो सकती है। अभी यह कन्फर्म होना बाकी है कि सैमसन-जडेजा ट्रेड एक सिंपल स्वैप होगा या चेन्नई से कोई और खिलाड़ी राजस्थान में जा सकता है।
वाशिंगटन सुंदर को गुजरात टाइटन्स से चेन्नई में ट्रेड किये जाने की भी चर्चा थी, लेकिन अहमदाबाद बेस्ड फ्रेंचाइजी द्वारा आलराउंडर को आईपीएल 2026 में लगातार खेलने का भरोसा दिये जाने के कारण कुछ नहीं हुआ।
टीम एबीएन, रांची। अस्मिता खेलो इंडिया विमेन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन कम्युनिटी सेंटर, काशीडीह, जमशेदपुर में रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन के द्वारा योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वधान में आयोजित हुई। योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के विधायक पूर्णिमा दास साहू, विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष एवं स्पोर्ट एडवाइजरी कमिटी के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि पतंजलि चिकित्सालय जमशेदपुर के चिकित्सक डॉक्टर मनीष डोडिया, योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, एसोसिएशन के राज्य सलाहकार एवं महासचिव चंदू जी मौजूद थे।
इस योगासन प्रतियोगिता में 350 से अधिक बालिकाओं ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष अधिक आयु वर्ग के ट्रेडिशनल इवेंट और आर्टिस्टिक सोलो इवेंट में प्रतिभागियों ने भागीदारी की जिसने रांची जिलों योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन के तरफ से रांची के मोक्ष मंत्रा योग के यशस्वी सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल, मनोरमा योगा क्लास के श्रेया कुमारी ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
जिसके रांची जिला योगासन स्पोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष दुबे, उपाध्यक्ष संतोषी साहू सचिव डॉ एस.के घोषाल, सह सचिव आर्य प्रहलाद भगत, पूजा सिंह, राहुल रंजन, सोनाली सरकार, शंकर राणा, चैताली मुखर्जी, कोमल, ऊषा शर्मा, ऋषि रंजन, अजय ने बच्चियों के सफलता पर शुभकामनाएं दी। इस जानकारी को मोक्ष मंत्रा योग के निदेशक राहुल रंजन और मनोरमा योगा क्लास के निदेशक पूजा सिंह ने शुभ कामनाएं देते हुए दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse