एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन हादसे का शिकार हो गयी है। ओडिशा के बालासोर जिले में कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई है। जानकारी के मुताबिक, कोरोमंडल एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गयी, जिसके बाद ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गयी है। कोरोमंडल एक्सप्रेस हावड़ा से चेन्नई जा रही थी।
इसी दौरान बालासोर जिले में बहनगा के पास ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गयी। बताया जा रहा है कि ट्रेन हादसे में कई लोग घायल हो गये हैं। फिलहाल मौके पर रेलवे और रेस्क्यू टीम मौजूद है। वहीं, घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। मौके पर पांच एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोगियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। अभी तक 15 घायलों को बोगियों से निकाल जा चुका है। वहीं, कई यात्रियों को निकालने का काम जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।
वहीं, पुलिस और रेलवे की टीम लोगों से शांति बनाये रखने की अपील कर रहे हैं। घटनास्थल पर एनडीआरएफ की टीम भी मौजूद है। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किये हैं :
- बालासोर : 8249591559, 7978418322
- हावड़ा : 033-26382217
- खड़गपुर : 8972073925, 9332392339
जानकारी के मुताबिक, एक ही ट्रैक पर मालगाड़ी और ट्रेन के आने से यह हादसा हुआ है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गयी है। रेलवे ने जांच के आदेश दे दिये हैं।