Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
समाज

रांची : 700 महिलाओं ने मनाया जीण माता का सावन सिंधारा उत्सव

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
रांची : 700 महिलाओं ने मनाया जीण माता का सावन सिंधारा उत्सव
विज्ञापन
  • आज म्हारी माताजी फुटरा में प्यारी लागे भजन से गूंजा मारवाड़ी भवन
  • 700 महिलाओं ने मनाया जीण माता का सावन सिंधारा उत्सव

एबीएन सोशल डेस्क। श्री जीण माता प्रचार समिति, रांची के तत्वावधान में दुर्गा स्वरूपा आदि शक्ति श्री जीण माता का पावन सावन सिंधारा उत्सव रविवार, 9 अगस्त को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन परिसर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। विशेष रूप से महिला भक्तों के लिए आयोजित इस धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम में लगभग 700 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर माता के जयकारों एवं भजनों से भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न तीन बजे विधिवत रूप से भगवान श्री गणेश के आवाह्न एवं पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात उत्सव के मुख्य संयोजक विजय पालडीवाल एवं परिवार द्वारा विधि-विधान से श्री जीण माताजी की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो गया तथा श्रद्धालु महिलाओं ने माता के जयकारे लगाए।

इसके बाद आयोजित भव्य भजन संध्या में गुजरात से पधारी सुप्रसिद्ध भजन गायिका दीदी आशा वैष्णव ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण वाणी से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उनके लोकप्रिय भजन “आज म्हारी माताजी फुटरा में प्यारी लागे” ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा मारवाड़ी भवन परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। 

भजन गायिका आशा वैष्णव का साथ पुरुलिया से पधारी दीदी शीतल कटारुका ने दिया। दोनों भजन गायिकाओं की शानदार प्रस्तुति पर महिलाएं भाव-विभोर होकर भक्ति में झूमती नजर आईं।उत्सव के दौरान श्री जीण माता के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति भी की गई। 

इनमें माता का चौसठ योगिनी स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। झांकी की भव्यता और आध्यात्मिक भाव ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर माता को सुंदर चुनरी, गजरा एवं मेहंदी अर्पित कर विधिवत श्रृंगार किया गया। 

श्रद्धालुओं ने माता के समक्ष सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना के साथ श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।लगातार कई घंटों तक चले भजन, कीर्तन एवं धार्मिक प्रस्तुतियों के बाद रात्रि आठ बजे पंडित रवि शास्त्री द्वारा विधिवत महाआरती की गई। महाआरती के दौरान पूरा परिसर “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा। 

इसी के साथ भजन संध्या एवं सावन सिंधारा उत्सव का भक्तिमय समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय पालडीवाल, सचिव नारायण विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष बजरंग सोमानी, सह सचिव प्रदीप शर्मा सहित समिति के सभीपदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा। 

आयोजन की सफलता में संदीप शर्मा, रमेश सोमानी, विनोद अग्रवाल, सविता शर्मा, सुनीता मित्तल, कविता सोमानी, एकता शर्मा, नेहा शर्मा, शीतल अग्रवाल, नेहा सिंघानिया, संगीता अग्रवाल, निधि विजयवर्गीय, ऋतु शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

समिति की ओर से आयोजित यह सावन सिंधारा उत्सव महिला शक्ति, धार्मिक आस्था और सामूहिक भक्ति का सुंदर संगम बनकर सामने आया। उत्सव ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के मन में माता के प्रति श्रद्धा और भक्ति को और अधिक प्रगाढ़ किया। उक्त जानकारी श्री जीण माता प्रचार समिति के सचिव नारायण विजयवर्गीय ने दी।

विज्ञापन